Weather Alert News: देशभर में मौसम का यह अचानक बदलाव अगले कुछ दिनों तक जारी रहेगा। कहीं बारिश राहत देगी तो कहीं तेज हवाएं और ओलावृष्टि परेशानी बढ़ा सकती हैं। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने और मौसम विभाग की सलाह का पालन करने की जरूरत है।
IMD के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, उत्तर भारत से लेकर पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत तक कई राज्यों में बारिश, तेज हवाएं, आंधी और ओलावृष्टि की संभावना है। IMD की रिपोर्ट के मुताबिक, आज से लेकर 12 अप्रैल तक मौसम काफी सक्रिय रहने वाला है, जिससे आम लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
इन शहरों में बारिश, बर्फबारी और तेज हवाओं का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटे के दौरान उत्तर-पश्चिम भारत के राज्यों में मौसम का मिजाज बिगड़ा हुआ है। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 9 अप्रैल को हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी के साथ गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना है। इस दौरान हवा की रफ्तार 40-50 किमी प्रति घंटा तक पहुंच सकती है।
वहीं, 9 से 11 अप्रैल के बीच इन इलाकों में मौसम थोड़ा शांत रहेगा, लेकिन हल्की बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी रहेगा।
इसके अलावा, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और पूर्वी राजस्थान में 9 अप्रैल को बारिश के साथ तेज हवाएं और बिजली गिरने की आशंका है। इस दौरान कुछ इलाकों में ओलावृष्टि भी हो सकती है, जिससे फसलों को नुकसान का खतरा है।

इन राज्यों में लगातार 5 दिनों तक होगी बारिश
भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक, पूर्वोत्तर भारत में अगले 5 दिनों तक मौसम सक्रिय रहेगा। अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय और त्रिपुरा में हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना है। अरुणाचल प्रदेश में 9 और 12 अप्रैल को भारी बारिश हो सकती है। असम और मेघालय में 9 और 10 अप्रैल को भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
आंधी-तूफान और तेज हवाओं का खतरा (Thunderstorms and Strong Winds)
पूर्वी भारत के कई राज्यों में भी मौसम खराब रहने वाला है।
पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड और ओडिशा में 8 से 10 अप्रैल के बीच बारिश, बिजली और तेज हवाओं का असर देखने को मिलेगा। 9 अप्रैल को गंगीय पश्चिम बंगाल में तेज तूफान (थंडरस्क्वॉल) आ सकता है, जिसमें हवा की रफ्तार 60-70 किमी प्रति घंटा तक जा सकती है। कुछ झोंकों में यह 80 किमी प्रति घंटा तक भी पहुंच सकती है।
बिहार, झारखंड और ओडिशा में भी 50-60 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। इन इलाकों में ओलावृष्टि और भारी बारिश का भी अलर्ट जारी किया गया है।
हल्की बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी (Rain and Hailstorm Warning)
IMD की लेटेस्ट रिपोर्ट के मुताबिक, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में 9 अप्रैल को हल्की से मध्यम बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। इन राज्यों में ओलावृष्टि की संभावना भी जताई गई है, जिससे किसानों को नुकसान हो सकता है।
बारिश के साथ गर्मी और उमस
मौसम विभाग के मुताबिक, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और तमिलनाडु में 9 अप्रैल को हल्की बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके अलावा तमिलनाडु, पुडुचेरी, केरल और माहे में 9 अप्रैल को गर्म और उमस भरा मौसम बना रहेगा। कोंकण-गोवा में 10 और 11 अप्रैल को गर्मी बढ़ेगी, जबकि गुजरात के तटीय इलाकों में 11 से 14 अप्रैल के बीच गर्म और उमस भरा मौसम रहने की संभावना है।
इन बातों का रखें ध्यान
मौसम विभाग के द्वारा खराब मौसम की स्थिति को देखते हुए कुछ सलाह भी जारी की है। जैसे कि-
- तेज हवाओं और आंधी के दौरान घर से बाहर निकलने से बचें।
- बिजली गिरने की स्थिति में खुले मैदान या पेड़ों के नीचे खड़े न हों।
- किसानों को सलाह दी गई है कि फसलों को सुरक्षित रखें।
- अपनी यात्रा करने से पहले मौसम अपडेट (weather update) जरूर चेक करें।
ये भी पढ़ें: आज का राशिफल 9 अप्रैल 2026: इन राशि वालों को मिलेगा आर्थिक लाभ, जानें सभी 12 राशियों का हाल






