Mausam Ka haal: अचानक बदला मौसम, 15 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, IMD ने जारी किया अपडेट

Weather Update: धूल भरी आंधी-बारिश और गर्मी का कहर

Mausam Ka haal: देशभर में मौसम का मिजाज अचानक से बदल गया है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 29 मई 2026 को लेकर बड़ा अपडेट जारी किया है। दरअसल, दिल्ली-NCR समेत उत्तर भारत, पहाड़ी राज्यों, पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत के कई हिस्सों में तेज आंधी, बारिश और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है। कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।

ऐसे में आइए मौसम विभाग के द्वारा जारी की गई ताजा अपडेट के मुताबिक, अपने शहर की लेटेस्ट रिपोर्ट

दिल्ली-NCR में बदलेगा मौसम

IMD के मुताबिक, 29 मई को दिल्ली-NCR में आसमान में बादल छाए रहेंगे। तेज हवाओं के साथ गरज-चमक और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने बताया कि हवा की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। कुछ इलाकों में ओलावृष्टि भी देखने को मिल सकती है। बारिश के कारण तापमान में गिरावट दर्ज होगी। अधिकतम तापमान करीब 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। इससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलेगी।

यूपी और बिहार में तेज बारिश का अनुमान

मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश और बिहार के कई जिलों में तेज आंधी और झमाझम बारिश की चेतावनी जारी की है। पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में गरज के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। तेज बारिश के कारण तापमान में भारी गिरावट आने की संभावना है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में 31 मई तक मौसम खराब बना रह सकता है। वहीं बिहार के कई हिस्सों में बिजली चमकने और तेज हवाओं के साथ बारिश होने का अनुमान है।

पंजाब, हरियाणा और राजस्थान में अलर्ट

पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में प्री-मानसून गतिविधियां तेज होने लगी हैं। IMD ने इन राज्यों में धूलभरी आंधी, बिजली चमकने और तेज हवाओं के साथ बारिश की चेतावनी दी है। राजस्थान के पश्चिमी इलाकों में 31 मई से 2 जून तक मौसम बदल सकता है। कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। तेज हवाओं के कारण लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

पहाड़ी राज्यों में भारी बारिश और तेज हवाओं का खतरा

  • हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। शिमला, मनाली, कुल्लू समेत कई जिलों में 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। साथ ही भारी बारिश की संभावना भी जताई गई है।
  • मनाली में तापमान गिरकर 11 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। वहीं उत्तराखंड में 28 से 30 मई तक लगातार बारिश और गरज-चमक का दौर जारी रहने का अनुमान है।
  • जम्मू-कश्मीर में भी मौसम खराब रहने वाला है। श्रीनगर समेत कई जिलों में तेज हवाओं और बारिश की चेतावनी जारी की गई है।
Aaj ka Mausam
Aaj ka Mausam

मानसून को लेकर IMD का बड़ा अपडेट

मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है। अगले 2 से 3 दिनों में मानसून के अरब सागर, बंगाल की खाड़ी और लक्षद्वीप के कई हिस्सों में आगे बढ़ने की स्थिति अनुकूल बनी हुई है। IMD ने कहा कि दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी और उत्तर-पूर्व बंगाल की खाड़ी के कुछ हिस्सों में भी मानसून सक्रिय हो सकता है। इससे आने वाले दिनों में कई राज्यों में भारी बारिश की शुरुआत हो सकती है।

पूर्वोत्तर राज्यों में भारी बारिश की संभावना

नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक, 31 मई से 3 जून तक इन राज्यों में कई जगहों पर भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में 1 जून से 3 जून के बीच भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। लोगों को नदी और पहाड़ी इलाकों में सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

दक्षिण भारत में भी बारिश के आसार

दक्षिण भारत के कई राज्यों में भी मौसम बदलने वाला है। कर्नाटक, तमिलनाडु, केरल, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। केरल, माहे और लक्षद्वीप में 29 मई से 1 जून तक लगातार बारिश हो सकती है। वहीं तटीय आंध्र प्रदेश और रायलसीमा में भी मौसम विभाग ने बारिश का अनुमान जताया है।

मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी

मौसम विभाग ने खराब मौसम को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। तेज हवाओं और बिजली गिरने के दौरान खुले मैदान, पेड़ और बिजली के खंभों से दूर रहने को कहा गया है। किसानों को भी मौसम को देखते हुए फसल और पशुओं की सुरक्षा करने की सलाह दी गई है। कई राज्यों में प्रशासन ने आपदा प्रबंधन टीमों को अलर्ट मोड पर रखा है। देशभर में बदलते मौसम के बीच लोगों को गर्मी से राहत जरूर मिलेगी, लेकिन तेज आंधी और भारी बारिश के कारण सावधानी बरतना बेहद जरूरी है।

ये भी पढ़ें:  हाईवे-रेलवे-एयरपोर्ट से 9 राज्यों में होगी ‘PRAGATI’, ₹30,000 करोड़ की परियोजनाएं

Recent Posts