Jaipur Internet Shutdown: जयपुर में 24 घंटे के लिए इंटरनेट बंद, बुलडोजर एक्शन से पहले प्रशासन हाई अलर्ट पर

Jaipur Internet Shutdown: बुलडोजर एक्शन से पहले जयपुर में इंटरनेट बंद

Jaipur Internet Shutdown: राजस्थान की राजधानी जयपुर में सोमवार यानी 8 जून, 2026 के दिन को प्रस्तावित बड़े अतिक्रमण हटाओ अभियान से पहले प्रशासन के द्वारा सबसे सख्त कदम उठाया गया है। दरअसल, बुलडोजर एक्शन के दौरान जिले में इंटरनेट सेवा को पूरी तरह से बंद कर दिया जाएगा। बताया जा रहा है कि जयपुर विकास प्राधिकरण (JDA) की ओर से शहर के विभिन्न हिस्सों में अवैध कब्जों को हटाने की तैयारी तेजी के साथ की जा रही है। इस अभियान के दौरान कुछ धार्मिक स्थलों के आसपास हुए अतिक्रमण भी हटाने की संभावना है।

जानकारी के लिए बता दें कि जिले में कानून-व्यवस्था को बनाए रखने और किसी भी तरह की अफवाह को फैलने से रोकने के लिए प्रशासन ने कई इलाकों में 24 घंटे के लिए इंटरनेट सेवा (Internet service) को बंद करने का फैसला लिया है।

24 घंटे तक बंद रहेगा मोबाइल इंटरनेट

जयपुर संभागीय आयुक्त वी. सरवन कुमार द्वारा जारी आदेश के अनुसार, 7 जून 2026 की मध्यरात्रि 12 बजे से लेकर 8 जून 2026 की रात 12 बजे तक मोबाइल इंटरनेट सेवाएं पूरी तरह बंद रहेंगी। इस दौरान 2G, 3G, 4G और 5G नेटवर्क पर इंटरनेट का उपयोग नहीं किया जा सकेगा।

इसके अलावा व्हाट्सएप, फेसबुक, एक्स (पूर्व में ट्विटर), इंस्टाग्राम सहित सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर भी रोक रहेगी। बल्क एसएमएस और एमएमएस सेवाओं को भी अस्थायी रूप से निलंबित किया गया है। हालांकि आम लोगों की सुविधा को देखते हुए वॉयस कॉल सेवाएं पहले की तरह चालू रहेंगी।

क्यों लिया गया इंटरनेट बंदी का फैसला?

प्रशासन का कहना है कि बड़े पैमाने पर होने वाली अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान सोशल मीडिया के जरिए अफवाहें फैलने की आशंका रहती है। ऐसी स्थिति में कानून-व्यवस्था प्रभावित हो सकती है। इसी को ध्यान में रखते हुए एहतियातन इंटरनेट सेवाओं पर अस्थायी रोक लगाने का निर्णय लिया गया है।

अधिकारियों का मानना है कि इंटरनेट बंद रहने से भ्रामक संदेशों और गलत सूचनाओं के प्रसार पर नियंत्रण रहेगा, जिससे शांति व्यवस्था बनाए रखने में मदद मिलेगी।

इन इलाकों में लागू रहेगा आदेश

इंटरनेट बंद का आदेश जयपुर पुलिस आयुक्तालय और आसपास के 50 से अधिक थाना क्षेत्रों में लागू रहेगा। इनमें गलता गेट, माणक चौक, सुभाष चौक, आदर्श नगर, ब्रह्मपुरी, नाहरगढ़, कोतवाली, जलूपुरा, शास्त्रीनगर, भट्टा बस्ती, विद्याधर नगर, बनीपार्क, कानोता, जमवारामगढ़, शाहपुरा, कालाडेरा, चौमूं, झोटवाड़ा, वैशाली नगर, मालवीय नगर, जवाहर सर्किल, सांगानेर, प्रतापनगर, बगरू, दूदू, फागी और फुलेरा सहित कई इलाके शामिल हैं।

धार्मिक स्थलों के आसपास भी हटेगा अतिक्रमण

मिली जानकारी के अनुसार, JDA की इस सख्त कार्रवाई में सड़कों, सार्वजनिक भूमि और सरकारी संपत्तियों पर किए गए अवैध कब्जों को हटाया जाएगा। कुछ धार्मिक स्थलों के आसपास बने अवैध निर्माण भी प्रशासन की कार्रवाई के दायरे में आ सकते हैं।

हालांकि प्रशासन का कहना है कि कार्रवाई पूरी तरह नियमों और कानूनी प्रक्रिया के तहत की जाएगी। किसी भी धार्मिक भावना को आहत किए बिना केवल अवैध अतिक्रमण हटाने पर ध्यान दिया जाएगा।

भारी पुलिस बल की तैनाती

संवेदनशीलता को देखते हुए जयपुर पुलिस के अलावा अन्य जिलों से भी अतिरिक्त सुरक्षा बल बुलाया गया है। शहर के कई हिस्सों में पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की विशेष निगरानी रहेगी। संभावित विरोध प्रदर्शन या किसी अप्रिय घटना से निपटने के लिए रिजर्व पुलिस बल, दंगा नियंत्रण दल और अन्य सुरक्षा इकाइयों को भी तैयार रखा गया है। ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों के जरिए भी निगरानी की जा सकती है।

प्रशासन ने जनता से की अपील

जिला प्रशासन ने जयपुर के नागरिकों से शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की है। साथ ही अधिकारियों ने यह भी कहा है कि आपको किसी भी अफवाह पर ध्यान नहीं देना है, बल्कि आपको आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करना है। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि गलत जानकारी फैलाने, अफवाह फैलाने या सरकारी कार्रवाई में बाधा डालने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़ें:  काशी में नहीं दिखेंगी मीट-मछली की दुकानें, शहर से बाहर शिफ्ट करने के प्रस्ताव को मिली मंजूरी

Recent Posts