Monsoon Update 2026: मानसून ने बढ़ाई रफ्तार, अगले 4 दिन इन राज्यों में होगी झमाझम बारिश, IMD ने जारी किया अलर्ट

Monsoon Update 2026: मानसून ने बढ़ाई रफ्तार

Monsoon Update 2026: भारत में दिल्ली-NCR समेत कई राज्यों में मानसून की एंट्री लगभग हो चुकी है। ऐसे में IMD का कहना कि दक्षिण-पश्चिम मानसून (Southwest Monsoon 2026) अब तेजी से आगे बढ़ रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, अगले 24 घंटे के दौरान मानसून की उत्तरी सीमा (Northern Limit of Monsoon) गुजरात, मध्य प्रदेश, झारखंड, बिहार और नेपाल सीमा तक पहुंच चुकी है। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 3 से 4 दिनों के दौरान मानसून उत्तर अरब सागर, गुजरात, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड, बिहार, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के कई हिस्सों में मानसून की रफ्तार काफी अधिक दर्ज की जा सकती है।

मौसम विभाग ने देश के कई राज्यों में भारी बारिश, आंधी, बिजली गिरने और तेज हवाओं को लेकर अलर्ट जारी किया है। कई इलाकों में हवा की रफ्तार 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक चलने की भी संभावना जताई है। ऐसे में यहां जानें अपने शहर की मौसम से जुड़ी ताजा अपडेट (Latest weather updates) क्या है?

उत्तर भारत में बारिश का अलर्ट

IMD के मुताबिक, आज से लेकर 3 जुलाई के बीच उत्तर भारत के कई राज्यों में बारिश की गतिविधियां बढ़ेंगी। दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और राजस्थान में अलग-अलग दिनों में हल्की से मध्यम और कई स्थानों पर भारी बारिश की संभावना जताई गई है।

दिल्ली-एनसीआर में 1 से 3 जुलाई के बीच गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं। वहीं उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में 30 जून से 3 जुलाई के बीच भारी बारिश होने का अनुमान है। जम्मू-कश्मीर में भी 2 और 3 जुलाई को भारी वर्षा का अलर्ट जारी किया गया है।

मध्य भारत में भी सक्रिय रहेगा मानसून

मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और विदर्भ क्षेत्र में मानसून पूरी तरह सक्रिय रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिम मध्य प्रदेश में 29 और 30 जून को भारी बारिश हो सकती है। पूर्वी मध्य प्रदेश में 29 जून को जबकि छत्तीसगढ़ और विदर्भ में 28 जून से 3 जुलाई तक कई स्थानों पर भारी बारिश का अनुमान है। इन राज्यों में गरज-चमक, बिजली गिरने और 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना जताई गई है।

Delhi NCR Weather
Delhi NCR Weather

पूर्वी भारत में भी होगी बारिश

पूर्वी भारत में मानसून का असर लगातार मजबूत बना हुआ है। पश्चिम बंगाल, सिक्किम, ओडिशा, झारखंड और बिहार में अगले कुछ दिनों तक व्यापक बारिश होने की संभावना है। झारखंड में 29 जून से 3 जुलाई तक जबकि बिहार में 29 जून से 1 जुलाई तक अधिकांश इलाकों में अच्छी बारिश हो सकती है। वहीं अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में भी लगातार बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है।

तेज हवाओं और बिजली गिरने का खतरा

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि कई राज्यों में बारिश के साथ तेज आंधी और बिजली गिरने की घटनाएं हो सकती हैं। जम्मू-कश्मीर, हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश और विदर्भ में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और पश्चिमी राजस्थान में भी 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की संभावना है। किसानों, यात्रियों और खुले क्षेत्रों में काम करने वाले लोगों को विशेष सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

मानसून से मिलेगी गर्मी से राहत

देश के अधिकांश हिस्सों में मानसून की सक्रियता बढ़ने से भीषण गर्मी और उमस से राहत मिलने की उम्मीद है। आने वाले दिनों में उत्तर, मध्य और पूर्वी भारत के कई राज्यों में तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है। हालांकि, भारी बारिश वाले क्षेत्रों में जलभराव, फिसलन और यातायात प्रभावित होने की आशंका भी बनी रहेगी। मौसम विभाग का कहना है कि अगले सप्ताह तक दक्षिण-पश्चिम मानसून देश के और अधिक हिस्सों को कवर कर सकता है, जिससे खरीफ फसलों की बुवाई को भी गति मिलेगी।

किसानों के लिए सलाह

मौसम विभाग ने किसानों को बारिश और तेज हवाओं को देखते हुए खेतों में सावधानी बरतने की सलाह दी है। जिन क्षेत्रों में भारी बारिश होने की संभावना है, वहां जलभराव की स्थिति बन सकती है। लोगों से अपील की गई है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें और स्थानीय प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।

ये भी पढ़ें:  दुनिया के प्रेरणादायी चेहरों को मिला एक मंच, वैश्विक नेतृत्व और उत्कृष्टता का बना प्रतीक

Recent Posts