NEET Protest: नीट पेपर लीक मामले को लेकर राजधानी दिल्ली में छात्रों का प्रदर्शन पिछले कुछ दिनों से लगातार जारी है। ऐसे में हर दिन बढ़ते विरोध और सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने आज एक बड़ा कदम उठाया है। दरअसल, जंतर-मंतर के आसपास करीब 1.5 किलोमीटर के दायरे में मोबाइल इंटरनेट सेवाओं को अब अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। इसके साथ ही केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के आवास के बाहर भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 भी लागू कर दी गई है, ताकि भीड़ अचानक हिंसक रूप न लें।
प्रशासन का कहना है कि यह फैसला पूरी तरह सुरक्षा कारणों से लिया गया है। अधिकारियों के अनुसार, इंटरनेट सेवा (Internet Service) आधी रात तक बंद रहेगी। ऐसे में यहां जानें इस पूरे मामले से जुड़ी हर एक अपडेट
CP की दुकानें और रेस्टोरेंट समय से पहले बंद
वहीं, छात्र आंदोलन का असर राजधानी के प्रमुख कारोबारी इलाके कनॉट प्लेस पर भी देखने को मिला। न्यू दिल्ली ट्रेडर्स एसोसिएशन (NDTA) ने सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सभी व्यापारियों से शाम 6:30 बजे तक दुकानें और रेस्टोरेंट बंद करने की अपील की। इसके बाद अधिकांश प्रतिष्ठानों ने समय से पहले अपने शटर गिरा दिए।
केजरीवाल ने सरकार से पूछा सवाल
इस पूरे घटनाक्रम के बीच आम आदमी पार्टी (Aam Aadmi Party) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने सोशल मीडिया पर NDTA की एडवाइजरी साझा करते हुए सरकार से सवाल किया। उन्होंने पूछा है कि क्या मोदी सरकार आज रात जंतर-मंतर पर प्रदर्शनकारियों के खिलाफ कोई बड़ी कार्रवाई करने जा रही है। केजरीवाल के इस सवाल के बाद सोशल मीडिया पर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। कई लोगों ने इसे लेकर अलग-अलग तरह की आशंकाएं भी जताईं।
दिल्ली पुलिस ने अफवाहों पर लगाया विराम
सोशल मीडिया पर बढ़ती चर्चाओं के बीच दिल्ली पुलिस (Delhi Police) ने तुरंत आधिकारिक बयान जारी कर स्थिति स्पष्ट की। पुलिस ने कहा कि आज रात प्रदर्शनकारियों के खिलाफ किसी भी तरह की कार्रवाई या क्रैकडाउन की कोई योजना नहीं है। पुलिस ने लोगों से अपील की कि वे केवल आधिकारिक जानकारी पर भरोसा करें और किसी भी तरह की अफवाह या अपुष्ट खबर को साझा करने से बचें। अधिकारियों का कहना है कि गलत जानकारी फैलाने से कानून-व्यवस्था प्रभावित हो सकती है।
गांधी स्मृति पहुंचे INDIA गठबंधन के नेता
वैसे देखा जाए तो जब से छात्रों ने हिंसक वाला प्रदर्शन किया है, जिसमें छात्रों के प्रदर्शन के दौरान हुई पुलिस कार्रवाई की गई, जिसपर विपक्ष लगातार सरकार पर हमला बोल रहा है। राहुल गांधी के आवास पर हुई बैठक के बाद INDIA गठबंधन के कई सांसद और वरिष्ठ नेता गांधी स्मृति पहुंचे और वहां विरोध दर्ज कराया।
विपक्षी नेताओं का आरोप है कि छात्रों की आवाज सुनने के बजाय उन पर दबाव बनाया जा रहा है। वहीं सरकार का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना उसकी प्राथमिक जिम्मेदारी है और प्रदर्शन शांतिपूर्ण तरीके से होना चाहिए।
सरकार और छात्रों के बीच बातचीत पर नहीं बनी सहमति
प्रदर्शन कर रहे छात्र संगठन और केंद्र सरकार (Central Government) के बीच बातचीत को लेकर अब भी कोई समाधान नहीं निकल पाया है। जानकारी के अनुसार, सरकार ने अब तक कई बार बातचीत की पहल की है।
केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने गृह मंत्री अमित शाह (Home Minister Amit Shah) से मुलाकात के बाद कहा कि सरकार छात्रों से बातचीत के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने कहा कि छात्र चाहें तो बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा के आवास या कार्यालय में आकर अपनी बात रख सकते हैं। प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे CJP का कहना है कि बातचीत किसी राजनीतिक कार्यालय में नहीं, बल्कि जंतर-मंतर (Jantar Mantar) के पास किसी तटस्थ स्थान पर होनी चाहिए। इसी मुद्दे पर दोनों पक्षों के बीच सहमति नहीं बन पा रही है।
राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी
दिल्ली पुलिस (Delhi Police) और अन्य सुरक्षा एजेंसियां पूरे इलाके पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। जंतर-मंतर, कनॉट प्लेस (Jantar Mantar, Connaught Place) और वीआईपी इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। बैरिकेडिंग बढ़ा दी गई है और संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा जांच भी तेज कर दी गई है।
प्रशासन का कहना है कि उसका उद्देश्य प्रदर्शनकारियों के लोकतांत्रिक अधिकारों का सम्मान करते हुए राजधानी में शांति और कानून-व्यवस्था (Law and order) बनाए रखना है।
इस प्रदर्शन पर सभी की नजर
फिलहाल के लिए जंतर-मंतर पर प्रदर्शन (Protest at Jantar Mantar) जारी है और सरकार व छात्र संगठनों के बीच गतिरोध खत्म होता नहीं दिख रहा। इंटरनेट सेवा बंद होने, धारा 163 लागू होने और सुरक्षा बढ़ाए जाने से साफ है कि प्रशासन किसी भी अप्रिय स्थिति से बचना चाहता है। वहीं छात्र अपनी मांगों पर कायम हैं और सरकार से ठोस समाधान की उम्मीद कर रहे हैं।
ये भी पढ़ें: छात्रों के प्रदर्शन के बीच कनॉट प्लेस में शाम 6:30 बजे तक ऑफिस, दुकानें और रेस्तरां बंद, पढ़ें पूरी खबर






