Aaj ka Mausam 17 August 2026: देश के कई हिस्सों में मॉनसून ने रफ्तार पकड़ ली है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 17 अगस्त को कई राज्यों में भारी बारिश होने की चेतावनी जारी की है।
साथ ही पश्चिम बंगाल और ओडिशा में कुछ जगहों पर अत्यधिक भारी बारिश के साथ तेज हवाएं और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है। वहीं दिल्ली-NCR, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और कई पहाड़ी राज्यों में भी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटे के दौरान दिल्ली, चंडीगढ़, हरियाणा, पंजाब, बिहार, असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, कोंकण-गोवा, मध्य महाराष्ट्र तथा उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। ऐसे में यहां जानें अपने शहर के मौसम का हाल (Mausam Ki Jankari)
बंगाल और ओडिशा में भारी बारिश का खतरा
भारतीय मौसम विभाग ने 17 अगस्त को गांगेय पश्चिम बंगाल और ओडिशा के कुछ हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश के साथ अत्यधिक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इसी दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और बिजली गिरने की भी आशंका है।
उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 16 से 22 अगस्त तक बारिश का दौर बना रहेगा। जारी रह सकता है। 17 अगस्त को भारी और 18 अगस्त को बहुत भारी बारिश की संभावना है। वहीं गांगेय पश्चिम बंगाल में 16- 17 और 18 अगस्त को भारी बारिश का अलर्ट है। ओडिशा में भी आज से 20 अगस्त के बीच बारिश जारी रहने की संभावना है।
दिल्ली-NCR, यूपी और पंजाब में कैसा रहेगा मौसम?
IMD की रिपोर्ट के मुताबिक- दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़ और पंजाब में 17 और 18 अगस्त को कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। 18 अगस्त को ज्यादातर इलाकों में बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग का यह भी कहना है कि उत्तर प्रदेश में भी मॉनसून सक्रिय बना रहेगा। ऐसे में यूपी के कई जिलों में 18 अगस्त को भी भारी बारिश की संभावना है।
पहाड़ी राज्यों में भी बारिश का अलर्ट
जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद में 17 से 22 अगस्त तक कई हिस्सों में बारिश हो सकती है। 17 से 19 अगस्त के बीच कुछ इलाकों में बहुत भारी बारिश का अनुमान है। हिमाचल प्रदेश में 17 से 22 अगस्त तक व्यापक बारिश की संभावना है। 17 और 18 अगस्त को कुछ जगहों पर बहुत भारी बारिश हो सकती है। उत्तराखंड में 17 से 22 अगस्त तक बारिश और आकाशीय बिजली का खतरा बना रहेगा।
मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में भी झमाझम बारिश
IMD के अनुसार, मध्य प्रदेश में बारिश का दौर लंबे समय तक बना रह सकता है। प्रदेश के कई जिलों में 19 से 21 अगस्त के बीच भारी बारिश हो सकती है। पूर्वी मध्य प्रदेश में आज से लेकर 22 अगस्त तक लगातार बारिश का अनुमान है। छत्तीसगढ़ में भी इस दौरान बारिश हो सकती है।
पूर्वोत्तर राज्यों में आफत की बारिश
अरुणाचल प्रदेश में 17 और 18 अगस्त को कुछ इलाकों में बहुत भारी बारिश हो सकती है। असम और मेघालय में आज से 22 अगस्त तक भारी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी आज से लेकर 22 अगस्त तक बारिश का अलर्ट है।
महाराष्ट्र और गुजरात में भी बारिश
वही, भारतीय मौसम विभाग का कहना है कि कोंकण और गोवा में 22 अगस्त तक व्यापक बारिश होने की संभावना है। साथ ही अगले 24 घंटे के दौरान कई जगहों पर भारी बारिश की संभावना है।
ये भी पढ़ें: अंग्रेजी, कॉमर्स और समाजशास्त्र की परीक्षा को NTA ने किया रद्द, री-एग्जाम शेड्यूल जारी, जानें कब होगी परीक्षा






