LPG Subsidy New Rule: देशभर में जल्द ही गैस सिलेंडर को लेकर एक बड़ी खबर सामने आने वाली है। दरअसल, पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने घरेलू LPG सिलेंडर पर मिलने वाली सब्सिडी के लाभ पर एक जरूरी अपडेट दी है। बताया जा रहा है कि अगले महीने यानी 1 अक्टूबर 2026 से सब्सिडी वाले घरेलू LPG रिफिल की बुकिंग के लिए Biometric Aadhaar Authentication (BAA) पूरा होना जरूरी कर दिया जाएगा। ऐसे में अगर आप घरेलू LPG सिलेंडर इस्तेमाल करते हैं और सब्सिडी का लाभ लेते हैं, तो आपके लिए बेहद ही खास है।
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि गैस सिलेंडर (Gas Cylinder) के जिन उपभोक्ताओं ने अभी तक अपना आधार बायोमेट्रिक ऑथेंटिकेशन नहीं कराया है, उन्हें सब्सिडी वाले रिफिल की सुविधा (Subsidized refill facility) नहीं मिलेगी। अगर आप इसे जारी रखना चाहते हैं, तो इसके लिए आपको कुछ प्रक्रिया पूरी करनी होगी।
27.43 करोड़ LPG उपभोक्ताओं का ऑथेंटिकेशन पूरा
मंत्रालय के मुताबिक, 19 सितंबर 2026 तक 27.43 करोड़ सक्रिय घरेलू LPG उपभोक्ता अपना बायोमेट्रिक आधार ऑथेंटिकेशन पूरा कर चुके हैं। यह कुल सक्रिय घरेलू LPG उपभोक्ताओं का करीब 89.9 प्रतिशत है। जिन लोगों का ऑथेंटिकेशन पहले ही पूरा हो चुका है, उन्हें दोबारा कोई प्रक्रिया करने की जरूरत नहीं है और वह पहले की तरह अपना आसानी से LPG रिफिल बुक कर सकते हैं।
वहीं, जिन उपभोक्ताओं का BAA अभी तक बाकी है, उनके लिए 1 अक्टूबर के बाद रेगुलेटेड रिटेल सेलिंग प्राइस यानी सब्सिडी वाले रेट पर रिफिल बुकिंग ऑथेंटिकेशन (Refill Booking Authentication) पूरा करना होगा, इसके बाद ही उन्हें इस सुविधा का लाभ मिलना शुरू होगा। सरकार ने साफ तौर पर कहा है कि इस व्यवस्था का उद्देश्य सब्सिडी का लाभ वास्तविक और पात्र उपभोक्ताओं तक पहुंचाना है।
क्यों लागू किया जा रहा है नया नियम?
सरकार के अनुसार, आधार आधारित बायोमेट्रिक ऑथेंटिकेशन से LPG कनेक्शन को वास्तविक उपभोक्ता से सीधे तौर पर जोड़ा जाएगा और उन्हें पहले से भी अधिक सही तरह से इसका लाभ मिलेगा। इससे डुप्लीकेट और अपात्र कनेक्शनों की पहचान करने के साथ-साथ सब्सिडी वाले घरेलू सिलेंडरों के व्यावसायिक या औद्योगिक इस्तेमाल को रोका जा सकता है। सरकार का यह भी कहना है कि इससे रसोई गैस सब्सिडी (LPG Subsidy) वितरण व्यवस्था अधिक लक्षित और पारदर्शी होगी।
घर बैठे कैसे करें LPG का Aadhaar Authentication?
जिन उपभोक्ताओं ने अभी तक प्रक्रिया को पूरा नहीं किया है, उनके लिए अभी भी कुछ विकल्प उपलब्ध हैं। जैसे कि-
- LPG सिलेंडर की डिलीवरी के समय डिलीवरी कर्मचारी की मदद से बायोमेट्रिक ऑथेंटिकेशन कराया जा सकता है।
- इसके अलावा उपभोक्ता अपने LPG वितरक के शोरूम पर जाकर भी यह प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।
- इसके साथ ही तेल विपणन कंपनियों ने मोबाइल ऐप के जरिए घर से ऑथेंटिकेशन की सुविधा भी दी है।
- Indane ग्राहक IndianOil ONE, Bharatgas ग्राहक HelloBPCL और HP Gas ग्राहक HP PAY ऐप के माध्यम से भी आप इस प्रक्रिया को पूरा कर सकते हैं।
आधार ऑथेंटिकेशन नहीं कराना चाहते तो क्या होगा?
भारत सरकार (Government of India) ने यह भी साफ किया है कि BAA पूरा नहीं करने का मतलब LPG कनेक्शन बंद होना नहीं है। जो उपभोक्ता बायोमेट्रिक ऑथेंटिकेशन नहीं कराना चाहते या किसी कारण से इसे पूरा नहीं कर सकते, वे अपने OMC के डिजिटल चैनल, मोबाइल ऐप, WhatsApp चैटबॉट या IVRS के जरिए भी अपनी उपस्थिति दर्ज करा सकते हैं। लेकिन ऐसे सभी उपभोक्ताओं को LPG सिलेंडर बाजार मूल्य पर बिना सब्सिडी के उपलब्ध होगा। मंत्रालय के मुताबिक, ऐसे मामलों में 5 किलो या 10 किलो के सिलेंडर उपलब्ध कराए जाएंगे, हालांकि यह संबंधित OMC के पास उपलब्धता पर निर्भर होगी।
LPG सब्सिडी कितनी है?
पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय के अनुसार, सितंबर 2026 में 14.2 किलो के घरेलू LPG सिलेंडर पर अनुमानित अप्रत्यक्ष सब्सिडी करीब 210 रुपये प्रति सिलेंडर है। जून 2026 में यह राशि करीब 721 रुपये प्रति सिलेंडर तक पहुंची थी।
भारत सरकार ने LPG सब्सिडी की सुविधा को लक्षित रखने के लिए आधार ऑथेंटिकेशन और डुप्लीकेट कनेक्शनों की पहचान जैसी प्रक्रियाओं पर जोर दिया है। इसलिए अगर आपका LPG Biometric Aadhaar Authentication अभी तक पूरा नहीं हुआ है, तो 1 अक्टूबर 2026 से पहले इसे पूरा कर लें। वरना आपको सरकारी सुविधा का लाभ मिलना बंद हो जाएगा। ग्राहको LPG से जुड़ी किसी भी तरह की सहायता या शिकायत के लिए 1800-2333-555 टोल-फ्री नंबर पर संपर्क कर सकते हैं।
ये भी पढ़ें: देशभर में यूपीआई के नए नियम को लेकर विवाद शुरू, बाजारों में ‘NO UPI’ -‘Cash Only’ के लगें बोर्ड






