Weather Update: देश के कई हिस्सों में अगले पांच दिनों तक भारी बारिश होने का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार, 20 से 25 सितंबर के बीच उत्तर-पश्चिम, मध्य, पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत के कई राज्यों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। कुछ इलाकों में भारी बारिश की भी संभावना जताई गई है। इसके अलावा कई राज्यों में गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाओं चलने की चेतावनी दी गई है।
ऐसे में आइए यहां जानें भारतीय मौसम विभाग के द्वारा जारी की गई लेटेस्ट अपडेट के अनुसार, आपके शहर में अगले 5 दिनों तक मौसम का हाल कैसा रहने वाला है।
उत्तर-पश्चिम भारत में कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के मुताबिक, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद में 24 सितंबर को कुछ स्थानों पर बारिश होने की संभावना है। हिमाचल प्रदेश में 20 से 21 सितंबर तक और उत्तराखंड में 20 से 25 सितंबर तक बारिश का दौर बना रहने की संभावना है।
उत्तर प्रदेश के पश्चिमी हिस्सों में 20 और 25 सितंबर को बारिश हो सकती है, जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश में अगले 24 घंटे के दौरान भारी हो सकती है। राजस्थान में भी मौसम बदलने वाला है। पश्चिमी राजस्थान में 20 सितंबर को और पूर्वी राजस्थान में 20 से 22 सितंबर तक बारिश हो सकती है।
मध्य भारत में भारी बारिश का अलर्ट
IMD की रिपोर्ट के अनुसार, मध्य भारत में भी बारिश का असर व्यापक रहने वाला है। पश्चिमी मध्य प्रदेश में 20 सितंबर को कई स्थानों पर बारिश हो सकती है। पूर्वी मध्य प्रदेश में 20 सितंबर और फिर 24-25 सितंबर को व्यापक बारिश की संभावना है। छत्तीसगढ़ और विदर्भ में 20 से 25 सितंबर तक कई इलाकों में बारिश जारी रह सकती है।
मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में 20 से 25 सितंबर के बीच छिटपुट बारिश हो सकती है। 24 और 25 सितंबर को पूर्वी और पश्चिमी मध्य प्रदेश में कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है। विदर्भ में 23 और 25 सितंबर को भारी बारिश का अनुमान है। वहीं 24 सितंबर को विदर्भ में बहुत भारी बारिश हो सकती है।
वहीं, छत्तीसगढ़ में 20 से 23 सितंबर के बीच गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना है। 22 सितंबर को यहां भारी बारिश, जबकि 23 से 25 सितंबर के बीच कुछ इलाकों में बहुत भारी बारिश हो सकती है।
ओडिशा में भारी बारिश की चेतावनी
पूर्वी भारत में 20 से 25 सितंबर के बीच अंडमान-निकोबार द्वीप समूह और गंगीय पश्चिम बंगाल में कई स्थानों पर बारिश होने की संभावना है। ओडिशा और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल एवं सिक्किम में 22 से 25 सितंबर के दौरान बारिश बढ़ सकती है। झारखंड में 23 से 25 सितंबर और बिहार में 24-25 सितंबर को कई इलाकों में बारिश की संभावना है।
ओडिशा में 22 और 25 सितंबर को बहुत भारी बारिश हो सकती है। 23 और 24 सितंबर को कुछ इलाकों में अत्यधिक भारी बारिश की संभावना जताई गई है। 23 सितंबर को ओडिशा में तेज आंधी के साथ हवा की रफ्तार 50-60 किलोमीटर प्रति घंटे और झोंकों के साथ 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
अंडमान-निकोबार में 20 सितंबर को बहुत भारी बारिश और 20-21 सितंबर को भारी बारिश हो सकती है। गंगीय पश्चिम बंगाल में 22 से 25 सितंबर, झारखंड में 23 से 25 सितंबर तथा बिहार और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल एवं सिक्किम में 24-25 सितंबर को भारी बारिश का अनुमान है।
पूर्वोत्तर राज्यों में भी बारिश का दौर
मौसम विभाग की लेटेस्ट अपडेट के अनुसार, पूर्वोत्तर भारत में अरुणाचल प्रदेश और नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम एवं त्रिपुरा में 20 से 25 सितंबर तक कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है। असम और मेघालय में 20 से 23 सितंबर तक छिटपुट बारिश की संभावना है, जबकि 24-25 सितंबर को यहां कई स्थानों पर बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने अरुणाचल प्रदेश तथा असम-मेघालय में अगले 24 घंटे गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना भी जताई गई है।
ये भी पढ़ें: 1 अक्टूबर से बदल जाएगा गैस सिलेंडर का नियम, आधार बायोमेट्रिक होगा जरूरी, जानें तरीका और सब्सिडी






