Weather Update: आज से देश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज अचानक से बदल गया है। दरअसल, भारत के राज्यों में 16 से 21 अक्टूबर के बीच कई जगहों पर बारिश होने की संभावना है। वहीं, उत्तर-पश्चिम भारत में 16 अक्टूबर को बारिश के साथ आंधी, बिजली गिरने और ओलावृष्टि की चेतावनी दी गई है। तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक और आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है। दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में भी मौसम खराब रहने की संभावना है।
इन राज्यों में 21 अक्टूबर तक बारिश का दौर
मौसम विभाग के मुताबिक, दक्षिण भारत के कई राज्यों में अगले कुछ दिनों तक बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 16 से 19 अक्टूबर तक कई जगहों पर बारिश होने की संभावना है। इसके बाद 20 और 21 अक्टूबर को कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
वहीं, केरल और माहे के साथ लक्षद्वीप तथा दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में 16 से 21 अक्टूबर तक बारिश का अनुमान है। तटीय कर्नाटक में 16 से 21 अक्टूबर, जबकि उत्तर आंतरिक कर्नाटक में 17 से 20 अक्टूबर के बीच कई जगहों पर बारिश हो सकती है।
आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों और यनम में 18 से 20 अक्टूबर तक बारिश की संभावना है। वहीं, रायलसीमा में 16 से 20 अक्टूबर के बीच बारिश हो सकती है। तेलंगाना में 15 से 21 अक्टूबर तक कुछ स्थानों पर बारिश होने का अनुमान है।
तमिलनाडु और केरल में भारी बारिश की चेतावनी
तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 17 से 21 अक्टूबर तक कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा 15 और 16 अक्टूबर को बहुत भारी बारिश की भी संभावना जताई गई है।
केरल और माहे में 16 से 21 अक्टूबर तक भारी बारिश हो सकती है। 15 अक्टूबर को कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश का अनुमान है। कर्नाटक के तटीय इलाकों में 16 और 17 अक्टूबर को भारी बारिश हो सकती है। दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में 15 अक्टूबर और फिर 17 से 21 अक्टूबर तक भारी बारिश की संभावना है। 16 अक्टूबर को यहां कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश हो सकती है।
आंध्र प्रदेश के तटीय क्षेत्रों, यनम और रायलसीमा में 15 और 16 अक्टूबर को भारी बारिश का अनुमान है। तेलंगाना में 18 अक्टूबर को कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है।
आंधी, बिजली और तेज हवाओं का अलर्ट
दक्षिण भारत के कई राज्यों में बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की आशंका है। तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 15 से 19 अक्टूबर तक कुछ स्थानों पर 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। हवा के झोंकों की गति 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
केरल, माहे और लक्षद्वीप में 15 और 16 अक्टूबर को तेज हवाओं के साथ आंधी आने की संभावना है। तटीय आंध्र प्रदेश और रायलसीमा में 16 से 19 अक्टूबर के बीच गरज-चमक और तेज हवाएं चल सकती हैं। तेलंगाना में 15 से 21 अक्टूबर तक कुछ स्थानों पर 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने का अनुमान है।
दिल्ली-NCR समेत उत्तर भारत में बारिश और ओलावृष्टि की संभावना
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि उत्तर-पश्चिम भारत में 15 अक्टूबर को मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और उत्तराखंड में कई जगहों पर बारिश होने की संभावना है। हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और पंजाब में भी कई स्थानों पर बारिश का अनुमान है। हिमाचल प्रदेश में 15 अक्टूबर को गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। उत्तराखंड में 15 और 16 अक्टूबर को आंधी और बिजली गिरने की आशंका है। दिल्ली-NCR, हरियाणा, पंजाब और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 15 अक्टूबर को 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। हवा के झोंकों की गति 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है।
इसके अलावा, दिल्ली-NCR, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 15 अक्टूबर को कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि हो सकती है। पूर्वी राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 15 और 16 अक्टूबर को बारिश की संभावना है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में 16 अक्टूबर को कुछ जगहों पर बारिश हो सकती है।
ये भी पढ़ें: रेलवे कर्मचारियों की बल्ले-बल्ले, बोनस पर मोदी कैबिनेट की मुहर, 11.40 लाख कर्मियों को फायदा






