Delhi Government Scheme: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सीएम स्कूल, बीएल ब्लॉक, शालीमार बाग में आयोजित भव्य समारोह में विद्या वाहिनी योजना के अंतर्गत कक्षा 9 की 1,325 छात्राओं को साइकिलें वितरित कीं। शारदीय नवरात्रों के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री ने सभी 1,325 छात्राओं का कन्या पूजन कर उनका सम्मान किया। इस अवसर पर छात्राओं को स्कूल बैग भी वितरित किए गए तथा उनके लिए भोजन की व्यवस्था की गई।
CM रेखा गुप्ता ने छात्राओं से संवाद कर जानीं समस्याएं
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विद्यालय परिसर में नवनिर्मित ओपन जिम का उद्घाटन भी किया। इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों में शारीरिक स्वास्थ्य, फिटनेस एवं खेलकूद के प्रति रुचि को प्रोत्साहित करना है।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने छात्राओं के साथ सीधा संवाद किया और उनकी पढ़ाई, विद्यालय की सुविधाओं तथा अन्य समस्याओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने छात्राओं को प्रेरित करते हुए कहा कि वे पूरी लगन, मेहनत और आत्मविश्वास के साथ अपनी पढ़ाई जारी रखें। उन्होंने आश्वस्त किया कि दिल्ली सरकार विद्यार्थियों की शिक्षा, सुरक्षा और उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रतिबद्ध है तथा उनकी प्रगति के लिए हरसंभव सहयोग प्रदान करती रहेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छात्राएं अपने सपनों को साकार करने के लिए दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ें। सरकार यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है कि आर्थिक अथवा अन्य किसी भी प्रकार की बाधा उनकी शिक्षा और उन्नति के मार्ग में रुकावट न बने।
मुख्यमंत्री ने छात्राओं एवं उनके अभिभावकों से एचपीवी (HPV) टीकाकरण के प्रति जागरूक रहने और पात्रता के अनुसार टीकाकरण करवाने की अपील की। उन्होंने बेटियों के स्वास्थ्य की सुरक्षा को अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि एचपीवी टीकाकरण (HPV Vaccination) सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने अभिभावकों से आग्रह किया कि वे स्वास्थ्य संबंधी सही जानकारी प्राप्त करें तथा चिकित्सकीय परामर्श के अनुसार अपनी बेटियों के टीकाकरण के लिए आगे आएं।
शारदीय नवरात्र पर CM रेखा गुप्ता ने किया कन्या पूजन
साइकिल वितरण कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को विद्यालय आने-जाने में सुविधा प्रदान करना, उनकी नियमित उपस्थिति को प्रोत्साहित करना तथा शिक्षा के प्रति उनके उत्साह को बढ़ाना है। साइकिलों के साथ स्कूल बैग का वितरण और कन्या पूजन (Kanya Pujan) के माध्यम से बालिकाओं के सम्मान, शिक्षा एवं सशक्तीकरण का संदेश दिया गया। इस अवसर पर शिक्षा विभाग, दिल्ली सरकार की निदेशक अंकिता आनंद, उत्तर पश्चिम-ए के उप शिक्षा निदेशक वेद प्रकाश सिंह,जोन 9 के उप शिक्षा निदेशक डा.अरविंद कुमार,जोन 10 के उप शिक्षा निदेशक डा. भगवान दास, प्राचार्य धर्मेश शर्मा सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री के क्षेत्र के अनेक गणमान्य व्यक्ति, समाजसेवी एवं पार्टी कार्यकर्ता भी बड़ी संख्या में कार्यक्रम में शामिल हुए। जिला उत्तर पश्चिम-ए के उपनिदेशक शिक्षा वेद प्रकाश सिंह के नेतृत्व में कार्यक्रम की समस्त व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न की गईं।
बेटियों की शिक्षा और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने पर जोर
बता दें कि साइकिल प्राप्त करने वाली नौ विद्यालयों की छात्राओं, उनके विद्यालय प्रमुखों एवं शिक्षकों के सहयोग से कार्यक्रम में अनुशासन, सुरक्षा और सुचारु संचालन सुनिश्चित किया गया। छात्राओं को निर्धारित क्रम में साइकिलें वितरित की गईं तथा पूरे कार्यक्रम के दौरान व्यवस्थाओं का विशेष ध्यान रखा गया। कार्यक्रम ने बालिका शिक्षा, स्वास्थ्य जागरूकता, शारीरिक फिटनेस और महिला सशक्तीकरण के प्रति दिल्ली सरकार (Delhi Government) की प्रतिबद्धता को रेखांकित किया। यह आयोजन छात्राओं को शिक्षा के माध्यम से आत्मनिर्भर, आत्मविश्वासी और उज्ज्वल भविष्य की ओर अग्रसर करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम रहा।
डा.पुष्कर कुमार
शालीमार बाग, दिल्ली






