PM Kisan 24th Installment 2026: यूपी के 2.24 करोड़ किसानों के खाते में पहुंचे 4482 करोड़, जानें किस्त की पूरी जानकारी

PM Kisan 24th Installment 2026

PM Kisan 24th Installment 2026: प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 24वीं किस्त जारी कर दी गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को गुजरात के बनासकांठा से देशभर के करोड़ों किसानों के बैंक खातों में सम्मान निधि की राशि ट्रांसफर की। इस किस्त के तहत देश के 9.34 करोड़ से अधिक किसानों को कुल 18,690 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता दी गई। वहीं, उत्तर प्रदेश के 2.24 करोड़ से अधिक किसान इस योजना से लाभान्वित हुए हैं। प्रदेश के किसानों के खातों में कुल 4,482.19 करोड़ रुपये भेजे गए हैं। दीपावली से ठीक पहले मिली इस आर्थिक सहायता को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताया है।

यूपी के किसानों के खाते में पहुंचे 2-2 हजार रुपये

प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त के तहत पात्र किसानों के बैंक खातों में 2,000 रुपये की राशि सीधे ट्रांसफर की गई है। यह रकम डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से भेजी गई है, जिससे किसानों को बिना किसी बिचौलिए के आर्थिक सहायता मिल सके। इस योजना के तहत पात्र किसान परिवार को हर साल 6,000 रुपये दिए जाते हैं। यह राशि 2,000 रुपये की तीन अलग-अलग किस्तों में सीधे बैंक खाते में पहुंचाई जाती है। केंद्र सरकार ने किसानों को खेती से जुड़ी जरूरतों में आर्थिक मदद देने के उद्देश्य से इस योजना की शुरुआत की थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 24 फरवरी 2019 को गोरखपुर से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का शुभारंभ किया था।

सीएम योगी ने किसानों की ओर से पीएम मोदी का जताया आभार

दीपावली से पहले किसानों के खातों में सम्मान निधि की राशि पहुंचने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने खुशी जाहिर की। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का प्रदेश के किसानों की ओर से आभार व्यक्त किया।

मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि किसानों की खुशहाली में गांवों की समृद्धि और गांवों की समृद्धि में राष्ट्र की प्रगति निहित है। इसी संकल्प के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त के तहत देश के 9.34 करोड़ से अधिक किसानों के बैंक खातों में 18,690 करोड़ रुपये से अधिक की राशि सीधे ट्रांसफर की है। इससे उत्तर प्रदेश के 2.24 करोड़ से अधिक किसान भी लाभान्वित हुए हैं।

किसानों की आय बढ़ा रही डबल इंजन सरकार

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अन्नदाता किसानों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने, उनकी आय बढ़ाने और खेती की लागत कम करने के लिए डबल इंजन सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है। उन्होंने कहा कि दीपावली से पहले किसानों को मिली यह आर्थिक सहायता उनके लिए बड़ा उपहार है। मुख्यमंत्री ने प्रदेश के सभी किसान भाइयों की ओर से प्रधानमंत्री के प्रति धन्यवाद व्यक्त किया।

यूपी के किसानों को मिले1.07 लाख करोड़ रुपये

प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत उत्तर प्रदेश के किसानों को अब तक 1,07,943.95 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता मिल चुकी है। शुक्रवार को जारी 4,482.19 करोड़ रुपये की 24वीं किस्त के बाद यह आंकड़ा और बढ़ गया है।

सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, वर्ष 2018-19 में प्रदेश के किसानों को 2,238.92 करोड़ रुपये मिले थे। वहीं, 2019-20 में यह राशि बढ़कर 11,006.87 करोड़ रुपये हो गई। वर्ष 2020-21 में 14,432.14 करोड़ और 2021-22 में 15,775.52 करोड़ रुपये किसानों के खातों में भेजे गए। इसके अलावा 2022-23 में 12,454.32 करोड़, 2023-24 में 13,808.48 करोड़, 2024-25 में 15,594.74 करोड़ और 2025-26 में 13,727.85 करोड़ रुपये जारी किए गए। वर्ष 2026-27 में अप्रैल से जुलाई के बीच 4,422.92 करोड़ रुपये और अगस्त से नवंबर के बीच 4,482.19 करोड़ रुपये किसानों को मिले।

ये भी पढ़ें: भारत ने जापान को 4-1 से हराया, सेमीफाइनल में बनाई जगह

Recent Posts