Paper Leak Amendment Bill: पेपर लीक और सरकारी नौकरी की परीक्षाओं में होने वाली धांधली पर रोक लगाने के लिए मोदी सरकार (Modi Sarkar) ने बड़ा कदम उठाया है। दरअसल, आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में पब्लिक एग्जामिनेशंस (प्रिवेंशन ऑफ अनफेयर मीन्स) संशोधन विधेयक को मंजूरी दे दी गई है, जिसपर केंद्र सरकार का साफ कहना है कि इस संशोधन का मुख्य उद्देश्य परीक्षा प्रणाली को अधिक पारदर्शी बनाना और संगठित पेपर लीक गिरोहों पर सख्त कार्रवाई करना है। ऐसे में कहा जा सकता है कि अब पेपर लीक माफिया की उलटी गिनती शुरू हो गई है।
बता दें कि सरकार के इस फैसले से पेपर लीक (Paper leak) करने वालों और इसमें शामिल सभी अपराधों के संगठित नेटवर्क के खिलाफ पहले से कहीं अधिक सख्त सजा का प्रावधान तय किए गए है। नए नियमों के अनुसार, दोषी पाए जाने पर अधिकतम 10 साल तक की जेल सजा और 10 करोड़ रुपये तक का भारी जुर्माना लेगा।
फास्ट-ट्रैक कोर्ट में होगी सुनवाई
पेपर लीक संशोधन विधेयक (Paper Leak Amendment Bill) की सबसे अहम विशेषता यह है कि पेपर लीक से जुड़े मामलों की सुनवाई अब फास्ट-ट्रैक कोर्ट (Fast-Track Court) में होगी। सरकार इन अदालतों को कानूनी आधार देने जा रही है ताकि ऐसे मामलों का जल्द निपटारा हो सके। प्रस्ताव है कि फास्ट-ट्रैक कोर्ट तीन महीने के भीतर फैसला सुनाने का प्रयास करें, जिससे छात्रों को लंबे समय तक न्याय का इंतजार न करना पड़े।
संसद में जल्द पेश होगा विधेयक
खबरों के अनुसार, केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह इस संशोधन विधेयक को संसद के मानसून सत्र (Monsoon Session of Parliament) में पेश करेंगे। संसद की मंजूरी मिलने के बाद यह संशोधित कानून पूरे देश में लागू कर दिया जाएगा। इस संदर्भ में भारत सरकार का मानना है कि इससे देश की परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता बढ़ेगी और पेपर लीक जैसे अपराधों पर प्रभावी रोक लगेगी।
मौजूदा कानून में क्या है प्रावधान?
फिलहाल देश में सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम) अधिनियम, 2024 लागू है। इस कानून के तहत व्यक्तिगत स्तर पर पेपर लीक या परीक्षा में गड़बड़ी करने वालों को 3 से 5 साल तक की जेल और 10 लाख रुपये तक जुर्माना हो सकता है।
अगर किसी परीक्षा आयोजित करने वाली एजेंसी या सर्विस प्रोवाइडर की भूमिका सामने आती है तो उस पर 1 करोड़ रुपये तक का जुर्माना लगाया जा सकता है। वहीं संगठित पेपर लीक गिरोहों (Paper Leak Gangs) के मामलों में 5 से 10 साल तक की कैद और कम से कम 1 करोड़ रुपये जुर्माने का प्रावधान पहले से मौजूद है।
संशोधन बिल में क्या होंगे नए बदलाव?
मोदी सरकार (Modi Government) इस कानून को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए कई नए प्रावधान जोड़ रही है। सबसे पहले, पेपर लीक से जुड़े मामलों की सुनवाई फास्ट-ट्रैक कोर्ट (Fast-track court Hearing) में अनिवार्य की जाएगी ताकि तय समय में फैसला हो सके। इसके अलावा अपराध की गंभीरता के आधार पर अलग-अलग स्तर की सजा तय करने का प्रावधान भी शामिल किया जाएगा।
यह भी बताया जा रहा है कि भारत सरकार जल्द ही मौजूदा कानून में तकनीकी और कानूनी बदलाव कर सकती है, ताकि जांच एजेंसियों को कार्रवाई करने में किसी तरह की दिक्कतों का सामना न करना पड़ सके। इस पूरे कानून के क्रियान्वयन की जिम्मेदारी कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (DoPT) के पास होगी, जिसे इस मामले का नोडल मंत्रालय (Nodal Ministry) बनाया गया है।
पीएम मोदी ने क्यों बताया बड़ी चुनौती?
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि पेपर लीक (Paper leak) केवल एक परीक्षा का मामला नहीं है, बल्कि यह लाखों छात्रों और उनके परिवारों के भविष्य से जुड़ा विषय है। उन्होंने कहा कि मेहनत करने वाले छात्रों के साथ अन्याय किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं है।
प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि सरकार NEET सहित विभिन्न परीक्षाओं में सामने आए पेपर लीक मामलों (Paper Leak Cases) के बाद लगातार कानून को मजबूत बनाने पर काम कर रही है। उनका कहना है कि नए संशोधन के जरिए दोषियों के खिलाफ तेज और सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर प्रभावी रोक लग सके।
छात्रों का भरोसा लौटाने की कोशिश
हाल के वर्षों में कई सरकारी भर्ती (Government Recruitment) और प्रवेश परीक्षाओं में पेपर लीक के आरोपों के कारण लाखों छात्रों को परेशानी का सामना करना पड़ा। कई परीक्षाएं रद्द करनी पड़ीं और दोबारा आयोजित करनी पड़ीं। ऐसे में सरकार का मानना है कि कड़े कानून, भारी जुर्माना और समयबद्ध सुनवाई की व्यवस्था से परीक्षा प्रणाली पर छात्रों का भरोसा फिर से मजबूत होगा। अगर यह संशोधन विधेयक (Amendment Bill) संसद से पारित हो जाता है, तो पेपर लीक और परीक्षा में धांधली करने वालों के खिलाफ देश का कानून पहले से कहीं अधिक सख्त होगा।
ये भी पढ़ें: NEET Protest: जंतर-मंतर के 1.5 KM दायरे में इंटरनेट बंद, अमित शाह आवास के बाहर धारा 163 लागू, पुलिस ने बढ़ाई सुरक्षा






