Weather Forecast: देश के कई हिस्सों में कहीं बारिश, तो कहीं हल्की धूप निकलने के कारण मौसम का रुख बदला-बदला सा है। ऐसे में मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान-मुजफ्फराबाद, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 11 फरवरी को बारिश और बर्फबारी की संभावना है।
IMD के अनुसार, इन क्षेत्रों में कहीं-कहीं हल्की तो कहीं मध्यम बारिश और बर्फबारी देखने को मिल सकती है। इसके अलावा 13 और 16 फरवरी को भी इन इलाकों में छिटपुट बारिश और बर्फबारी का अनुमान जताया गया है। मौसम विभाग ने बताया है कि अगले 24 घंटों के दौरान हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश के साथ-साथ गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की संभावना है। इन इलाकों में हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने और खुले इलाकों में सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
16 फरवरी इन राज्यों में होगी बारिश
मौसम विभाग ने, उत्तर भारत के मैदानी इलाकों की बात करें तो 16 फरवरी को पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में भी कहीं-कहीं बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की आशंका है। इससे तापमान में हल्का बदलाव देखने को मिल सकता है।
कोहरा और ठंड का असर
पूर्वोत्तर भारत के मेघालय में 11 फरवरी तक सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। इससे दृश्यता कम हो सकती है, ऐसे में वाहन चालकों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।
मछुआरों के लिए चेतावनी
मौसम विभाग ने मछुआरों के लिए भी अहम चेतावनी जारी की है। 11 से 15 फरवरी, 2026 के दौरान बंगाल की खाड़ी के कुछ हिस्सों में समुद्र की स्थिति खराब रहने की संभावना है। खासतौर पर दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी, पूर्वी भूमध्यरेखीय हिंद महासागर से सटे इलाकों और कोमोरिन क्षेत्र में तेज हवाएं और ऊंची लहरें उठ सकती हैं। ऐसे में मछुआरों को इन क्षेत्रों में समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है। हालांकि अरब सागर के लिए फिलहाल कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है।
ये भी पढ़ें: अब काम का हिसाब देंगे अफसर, देरी पर तय होगी जवाबदेही, लागू हुआ ‘New Scorecard System’






