Weather Update: देशभर में मौसम का मिजाज मई माह के शुरुआत दिन से ही बदलने लगा है। अनुमान है कि अगले 24 घंटे के दौरान एक तरफ जहां कुछ राज्यों में बारिश और तेज हवाएं लोगों को राहत देंगी, वहीं दूसरी तरफ कई इलाकों में गर्मी का असर बना रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार यह बदलाव फिलहाल अस्थायी है और आने वाले दिनों में तापमान फिर बढ़ सकता है।
बता दें कि पिछले कुछ दिनों में उत्तर भारत के कई हिस्सों में बारिश, धूल भरी आंधी और ओलावृष्टि देखने को मिली, जिससे तापमान में गिरावट आई है। इससे लोगों को भीषण गर्मी से थोड़ी राहत जरूर मिली है, लेकिन अभी भी गर्मी का सिलसिला बना रहेगा। ऐसे में आइए यहां जानें मौसम विभाग के द्वारा जारी की गई लेटेस्ट अपडेट आपके शहर का हाल क्या बताती है।
दिल्ली-एनसीआर का मौसम (Delhi-NCR Weather)
दिल्ली-एनसीआर के लोगों के लिए 2 मई का दिन थोड़ा सुकून भरा रह सकता है। हाल ही में हुई बारिश और तेज हवाओं के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। कल भी आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है।
IMD के द्वारा जारी की गई ताता अपडेट के मुताबिक, अधिकतम तापमान 38 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 24 से 26 डिग्री तक रहने का अनुमान है। हल्की हवाएं चलेंगी, जिससे उमस और गर्मी का असर कुछ कम महसूस होगा। हालांकि दोपहर के समय धूप तेज रह सकती है, इसलिए बाहर निकलते समय सावधानी जरूरी है।
इन राज्यों में बारिश और आंधी का अलर्ट
मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान और आसपास के क्षेत्रों में अगले 24 घंटे के दौरान बारिश और तेज हवाओं का असर देखने को मिलेगा। इन इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
कुछ जगहों पर तेज आंधी और बिजली गिरने की भी संभावना जताई गई है। ऐसे में लोगों को खुले स्थानों पर जाने से बचने और मौसम से जुड़ी चेतावनियों का पालन करने की सलाह दी गई है। किसानों के लिए भी यह मौसम महत्वपूर्ण है, क्योंकि तेज हवाएं और बारिश फसलों को प्रभावित कर सकती हैं।

मध्य और पश्चिम भारत में गर्मी का प्रकोप
जहां एक ओर उत्तर भारत में मौसम कुछ नरम बना हुआ है, वहीं मध्य और पश्चिम भारत के कई हिस्सों में गर्मी का असर जारी रहेगा। इन क्षेत्रों में तापमान सामान्य से ज्यादा रह सकता है।
दोपहर के समय तेज धूप और गर्म हवाएं लोगों को परेशान कर सकती हैं। खासकर राजस्थान के कुछ हिस्सों, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र में हीटवेव जैसी स्थिति बन सकती है। ऐसे में लोगों को दिन के समय बाहर निकलने से बचना चाहिए और पानी का अधिक सेवन करना चाहिए।
भारतीय मौसम विभाग के विशेषज्ञों के अनुसार, मौसम में यह बदलाव पश्चिमी विक्षोभ और स्थानीय मौसमी सिस्टम के कारण हो रहा है। इन सिस्टम की वजह से बादल बन रहे हैं और कई जगहों पर बारिश हो रही है। हालांकि यह राहत ज्यादा दिनों तक नहीं टिकेगी। मई के दूसरे सप्ताह से तापमान में फिर तेजी से बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है। इसलिए अभी की ठंडक को अस्थायी राहत ही माना जा रहा है।
लोगों के लिए जरूरी सलाह
मौसम के इस बदलते मिजाज को देखते हुए लोगों को कुछ जरूरी सावधानियां बरतनी चाहिए:
- धूल भरी आंधी (Desert Storm) के दौरान घर के अंदर रहें।
- बिजली गिरने की स्थिति में खुले मैदान से दूर रहें।
- गर्मी वाले इलाकों में ज्यादा पानी पिएं।
- धूप में बाहर निकलते समय सिर को ढककर रखें।
- मौसम विभाग की ताजा अपडेट (IMD Latest Update) पर नजर बनाए रखें।
ये भी पढ़ें: 4 मई को किसानों के खातों में आएंगे 122.28 करोड़ रुपये, जानें कैसे उठाएं योजना का लाभ






