Bangladesh Indian Officer Death: बांग्लादेश के चटगांव में स्थित भारतीय सहायक उच्चायोग से मंगलवार को एक बेहद चौंकाने वाली खबर सामने आई है। भारतीय अधिकारी नरेंद्र धर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। मंगलवार सुबह उनका शव ऑफिस परिसर के भीतर मिलने के बाद राजनयिक हलकों में हड़कंप मच गया। फिलहाल बांग्लादेश पुलिस (Bangladesh Police) पूरे मामले की जांच कर रही है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट (Postmortem Report) का इंतजार किया जा रहा है।
मृतक अधिकारी की पहचान 35 वर्षीय नरेंद्र धर के रूप में हुई है, जो हरियाणा के निवासी थे। वे चटगांव स्थित भारतीय सहायक उच्चायोग (Indian Assistant High Commission) में सुरक्षा प्रोटोकॉल अधिकारी के पद पर तैनात थे। उनकी अचानक मौत की खबर से उच्चायोग के कर्मचारी और परिवार के लोग सदमे में हैं।
ऑफिस परिसर में मिला शव
जानकारी के मुताबिक, मंगलवार सुबह नरेंद्र धर अपने कमरे का दरवाजा नहीं खोल रहे थे। काफी देर तक कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर वहां मौजूद अन्य अधिकारियों को शक हुआ। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। चटगांव मेट्रोपॉलिटन पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस टीम ने पुरानी वीजा सेंटर बिल्डिंग की दूसरी मंजिल पर स्थित डेटा एंट्री रूम (Data Entry Room) के बाथरूम के सामने नरेंद्र धर का शव बरामद किया। शव मिलने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए चटगांव मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारण का खुलासा हो सकेगा।
क्या बोले पुलिस अधिकारी?
चटगांव सिटी पुलिस के असिस्टेंट कमिश्नर अमीनुर राशिद ने बताया कि नरेंद्र धर भारतीय सहायक उच्चायोग में प्रोटोकॉल अधिकारी (Protocol Officer at the Indian Assistant High Commission) के रूप में कार्यरत थे। शुरुआती जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि उनकी मौत रात के समय बाथरूम जाते वक्त हुई हो सकती है। हालांकि अभी तक किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी।
वहीं, चटगांव मेट्रोपॉलिटन पुलिस कमिश्नर हसन मोहम्मद शौकत अली ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि मामले में अप्राकृतिक मौत का केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है और फिलहाल किसी भी संभावना को नजरअंदाज नहीं किया जा रहा है।
हरियाणा के रहने वाले थे नरेंद्र धर
नरेंद्र धर मूल रूप से हरियाणा के निवासी थे। उनके पिता का नाम राम निवास बताया गया है। वे पिछले काफी समय से बांग्लादेश में तैनात थे और अपनी जिम्मेदारियों को लेकर काफी सक्रिय माने जाते थे। उच्चायोग के कर्मचारियों के मुताबिक नरेंद्र धर अपने काम में बेहद अनुशासित और शांत स्वभाव के अधिकारी थे। उनकी अचानक मौत ने सहकर्मियों को गहरे सदमे में डाल दिया है।
भारत लाया जाएगा शव
भारतीय दूतावास और बांग्लादेश प्रशासन के बीच लगातार समन्वय जारी है। पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया (Postmortem Procedure) पूरी होने के बाद नरेंद्र धर का शव भारत भेजा जाएगा। भारतीय अधिकारी परिवार से भी लगातार संपर्क में हैं। सूत्रों के मुताबिक, मृतक अधिकारी के कमरे और आसपास के इलाके की गहन जांच की जा रही है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज (police cctv footage) और अन्य तकनीकी पहलुओं की भी पड़ताल कर रही है ताकि मौत की असली वजह सामने आ सके।
राजनयिक हलकों में बढ़ी चिंता
भारतीय अधिकारी की इस रहस्यमय मौत ने भारत और बांग्लादेश के राजनयिक हलकों में चिंता बढ़ा दी है। चूंकि मामला भारतीय उच्चायोग (Indian High Commission) से जुड़ा हुआ है, इसलिए सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी कई सवाल खड़े हो रहे हैं। फिलहाल दोनों देशों के अधिकारी मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच में सहयोग कर रहे हैं। सभी की नजर अब पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच पर टिकी हुई है, जिससे इस रहस्यमय मौत के पीछे की सच्चाई सामने आ सके।
ये भी पढ़ें: दिल्ली में 115 फुट ऊँचे तिरंगे पर उठे सवाल, देश के सम्मान के साथ बड़ी लापरवाही, फटे झंडे पर प्रशासन घिरा






