Rajya Sabha Election 2026: भाजपा ने घोषित किए उम्मीदवारों की लिस्ट, जानें कहां किस नेता को मिला टिकट

Rajya Sabha Election 2026

Rajya Sabha Election 2026: भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने आज गुरुवार के दिन आगामी राज्यसभा चुनावों के लिए अपने उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है। दरअसल, भाजपा पार्टी ने राजस्थान, मध्य प्रदेश, गुजरात, अरुणाचल प्रदेश, मणिपुर और ओडिशा समेत कई राज्यों के लिए उम्मीदवारों के नामों का ऐलान किया है।

आपकी जानकारी के लिए बता दें कि देशभर में कुल 24 राज्यसभा सीटों पर 18 जून को चुनाव होने हैं। इनमें कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, गुजरात, राजस्थान, मध्य प्रदेश, झारखंड, मणिपुर, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश और मिजोरम की सीटें शामिल हैं। ऐसे में भाजपा ने अपने संगठनात्मक और राजनीतिक समीकरणों को ध्यान में रखते हुए उम्मीदवारों का चयन कर लिया है।

राजस्थान से अलका गुर्जर और डॉ. सतीश पूनिया

राजस्थान की तीन राज्यसभा सीटों पर चुनाव होना है। भाजपा ने इनमें से दो सीटों के लिए पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सतीश पूनिया और पार्टी नेता अलका गुर्जर को उम्मीदवार बनाया है। डॉ. सतीश पूनिया लंबे समय से राजस्थान भाजपा के प्रमुख चेहरों में शामिल रहे हैं। संगठन में उनकी सक्रिय भूमिका और राजनीतिक अनुभव को देखते हुए पार्टी ने उन्हें राज्यसभा भेजने का फैसला किया है। वहीं अलका गुर्जर को टिकट देकर भाजपा ने महिला प्रतिनिधित्व और सामाजिक संतुलन का संदेश देने की कोशिश की है।

मध्य प्रदेश में तरुण चुग और रजनीश अग्रवाल

मध्य प्रदेश की तीन राज्यसभा सीटों के लिए भी चुनाव होने हैं। भाजपा ने यहां तरुण चुग और रजनीश अग्रवाल को उम्मीदवार बनाया है। तरुण चुग पार्टी के राष्ट्रीय स्तर के प्रमुख नेताओं में गिने जाते हैं और कई राज्यों की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। वहीं रजनीश अग्रवाल लंबे समय से संगठन में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। माना जा रहा है कि पार्टी ने संगठनात्मक योगदान को ध्यान में रखते हुए दोनों नेताओं को मौका दिया है।

गुजरात की 4 सीटों पर भाजपा के उम्मीदवार

गुजरात की चार राज्यसभा सीटों के लिए भाजपा ने चार उम्मीदवारों के नाम घोषित किए हैं। इनमें:

  • राजूभाई शुक्ला
  • मुकेशभाई राठवा
  • मानसिंह परमार
  • जीतेंद्र मेघजीभाई कंजारिया

गुजरात भाजपा का मजबूत गढ़ माना जाता है और यहां पार्टी को अधिकांश सीटों पर जीत की उम्मीद है। उम्मीदवारों के चयन में क्षेत्रीय और सामाजिक संतुलन को प्राथमिकता दी गई है।

पूर्वोत्तर राज्यों पर भी भाजपा का पूरा ध्यान

पूर्वोत्तर भारत में अपनी पकड़ मजबूत करने के लिए भाजपा ने अरुणाचल प्रदेश और मणिपुर में भी उम्मीदवार घोषित किए हैं।

  • अरुणाचल प्रदेश: ताई तागाक
  • मणिपुर: ए. शारदा देवी

बताया जा रहा है कि पूर्वोत्तर राज्यों में लगातार बढ़ते जनाधार को देखते हुए मजबूत प्रतिनिधित्व जरूरी है।

ओडिशा उपचुनाव के लिए देबाशीष सामंतराय मैदान में

भाजपा ने ओडिशा में राज्यसभा की रिक्त सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए देबाशीष सामंतराय को उम्मीदवार बनाया है। यह चुनाव भी राजनीतिक दृष्टि से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है क्योंकि राज्य में भाजपा अपने संगठन को और मजबूत करने की रणनीति पर काम कर रही है।

18 जून को होगा मतदान

निर्वाचन आयोग ने राज्यसभा चुनाव के लिए अधिसूचना जारी कर दी है। चुनाव कार्यक्रम के अनुसार:

  • नामांकन शुरू: 1 जून 2026
  • नामांकन की अंतिम तिथि: 8 जून 2026
  • नामांकन पत्रों की जांच: 9 जून 2026
  • नाम वापसी की अंतिम तिथि: 11 जून 2026
  • मतदान: 18 जून 2026
  • मतगणना: 18 जून 2026 शाम 5 बजे से

यदि किसी सीट पर उम्मीदवारों की संख्या उपलब्ध सीटों से अधिक रहती है तो मतदान कराया जाएगा। मतदान सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक होगा।

भाजपा की रणनीति पर सबकी नजर

राज्यसभा चुनाव को लेकर भाजपा की उम्मीदवार सूची को आगामी राजनीतिक समीकरणों से जोड़कर देखा जा रहा है। पार्टी ने अनुभवी नेताओं, संगठन से जुड़े चेहरों और सामाजिक संतुलन को ध्यान में रखते हुए टिकट वितरण किया है। विशेष रूप से राजस्थान और मध्य प्रदेश में घोषित उम्मीदवारों को लेकर राजनीतिक विश्लेषक इसे भाजपा की दीर्घकालिक रणनीति का हिस्सा मान रहे हैं। वहीं पूर्वोत्तर राज्यों में उम्मीदवारों की घोषणा से यह संकेत भी मिलता है कि भाजपा क्षेत्रीय स्तर पर अपनी मौजूदगी को और मजबूत करना चाहती है।

ये भी पढ़ें:  होटल अग्निकांड में 21 लोगों की मौत, सुरक्षा नियमों पर उठे गंभीर सवाल, मालिक लवकेश बजाज गिरफ्तार

Recent Posts