Delhi Hotel Fire: होटल अग्निकांड में 21 लोगों की मौत, सुरक्षा नियमों पर उठे गंभीर सवाल, मालिक लवकेश बजाज गिरफ्तार

Delhi Hotel Fire:: मालिक लवकेश बजाज गिरफ्तार, 21 लोगों की मौत के बाद पुलिस की बड़ी कार्रवाई

Delhi Hotel Fire: दिल्ली के मालवीय नगर स्थित हौज रानी इलाके में हुए भीषण होटल अग्निकांड मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए होटल मालिक लवकेश बजाज को गिरफ्तार कर लिया है। इस दर्दनाक हादसे में अब तक 21 लोगों की जान जा चुकी है, जबकि कई अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हैं। हादसे के बाद से फरार चल रहे होटल मालिक और उनकी पत्नी के खिलाफ दिल्ली पुलिस (Delhi Police) ने लुकआउट सर्कुलर जारी किया था। विशेष जांच टीमों की तलाश के बाद आखिरकार पुलिस ने लवकेश बजाज को गिरफ्तार कर लिया।

कुछ ही मिनटों में आग ने लिया विकराल रूप

यह हादसा दक्षिण दिल्ली के हौज रानी क्षेत्र में स्थित फ्लोरिश स्टे बी एंड बी होटल (Flourish Stay B&B Hotel) में बुधवार सुबह हुआ था। शुरुआती जानकारी के अनुसार आग तेजी से पूरे भवन में फैल गई और देखते ही देखते पांच मंजिला इमारत धुएं और लपटों से घिर गई। होटल में ठहरे कई लोगों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला।

घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग, पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचे। कई घंटों तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन (Rescue Operation) के दौरान दर्जनों लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। हालांकि आग की भयावहता के कारण कई लोगों की जान नहीं बचाई जा सकी।

21 लोगों की मौत, कई घायल

दिल्ली पुलिस के मुताबिक, इस हादसे में कुल 49 लोगों को विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान 21 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में 9 भारतीय और 12 विदेशी नागरिक शामिल हैं। वहीं कुछ घायलों को उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है, जबकि अन्य का इलाज अभी भी जारी है। इस हादसे ने कई परिवारों को गहरा सदमा पहुंचाया है, लेकिन सबसे ज्यादा प्रभावित गुरुग्राम का अग्रवाल परिवार हुआ है, जिसके आठ सदस्यों की एक साथ मौत हो गई।

अग्रवाल परिवार की दर्दनाक कहानी

जानकारी के अनुसार गुरुग्राम के सेक्टर-46 निवासी विवेक अग्रवाल अपने परिवार के साथ दिल्ली आए थे। उनके पिता राधेश्याम अग्रवाल मालवीय नगर स्थित एक अस्पताल में भर्ती थे और उनका इलाज चल रहा था। परिवार अस्पताल के पास स्थित होटल में रुका हुआ था ताकि मरीज की देखभाल आसानी से की जा सके, लेकिन बुधवार सुबह लगी आग ने पूरे परिवार को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में विवेक अग्रवाल, उनकी पत्नी, दोनों बेटियां, मां और अन्य रिश्तेदारों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि परिवार के कुछ सदस्य राजस्थान से भी मरीज का हालचाल जानने दिल्ली आए थे, लेकिन वे भी इस हादसे का शिकार बन गए। सबसे दुखद बात यह है कि अस्पताल में भर्ती राधेश्याम अग्रवाल को संभवतः अभी तक इस बात की जानकारी नहीं है कि उनके परिवार के अधिकांश सदस्य इस हादसे में जान गंवा चुके हैं।

दिल्ली के मालवीय नगर स्थित फ्लोरिश स्टे होटल में भीषण आग
दिल्ली के मालवीय नगर स्थित फ्लोरिश स्टे होटल में भीषण आग

जांच में सामने आई गंभीर लापरवाही

प्रारंभिक जांच में होटल प्रबंधन की बड़ी लापरवाही सामने आई है। पुलिस के अनुसार होटल कथित रूप से बिना अनिवार्य फायर एनओसी (Fire Noc) के संचालित किया जा रहा था। इसके अलावा भवन में सुरक्षा मानकों का भी गंभीर उल्लंघन किया गया था।जांच अधिकारियों ने पाया कि इमारत में केवल एक ही प्रवेश और निकास मार्ग था। कई खिड़कियां स्थायी रूप से बंद थीं और मुख्य दरवाजा सेंसर आधारित था। ऐसे में आग लगने के दौरान होटल में मौजूद लोग समय रहते बाहर नहीं निकल सके। यदि भवन में पर्याप्त आपातकालीन निकास व्यवस्था (Emergency exit System) होती तो मृतकों की संख्या काफी कम हो सकती थी।

क्षमता से कई गुना अधिक कमरे संचालित

जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि होटल निर्धारित क्षमता से कहीं अधिक लोगों को ठहरा रहा था। दिल्ली सरकार की बेड एंड ब्रेकफास्ट नीति के तहत इस परिसर में केवल छह कमरों की अनुमति थी, लेकिन यहां लगभग 25 कमरे संचालित किए जा रहे थे इतना ही नहीं, कुछ कमरे बेसमेंट में भी बनाए गए थे। आरोप है कि समय के साथ भवन में अतिरिक्त मंजिलों का निर्माण किया गया, जिसके लिए आवश्यक अनुमति और मंजूरियां नहीं ली गई थीं। जांच एजेंसियां अब भवन निर्माण और लाइसेंस से जुड़े दस्तावेजों की भी जांच कर रही हैं।

गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज

दिल्ली पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की है। होटल मालिक लवकेश बजाज के खिलाफ गैर इरादतन हत्या समेत कई गंभीर आरोप लगाए गए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गिरफ्तार आरोपी से लगातार पूछताछ की जा रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि सुरक्षा नियमों की अनदेखी के लिए और कौन-कौन जिम्मेदार है। आने वाले दिनों में इस मामले में अन्य लोगों पर भी कार्रवाई हो सकती है।

सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

दिल्ली के हालिया वर्षों के सबसे भयावह अग्निकांडों में शामिल इस घटना ने होटल सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक निगरानी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सुरक्षा नियमों का पालन सुनिश्चित किया जाता तो इतनी बड़ी जनहानि टाली जा सकती थी। फिलहाल पुलिस, दमकल विभाग (Fire Department) और अन्य जांच एजेंसियां मामले की गहन जांच में जुटी हुई हैं। पूरे देश की नजर अब इस बात पर है कि इस दर्दनाक हादसे के जिम्मेदार लोगों के खिलाफ आगे क्या कार्रवाई होती है।

ये भी पढ़ें:  खतरनाक अल-नीनो की दस्तक, कमजोर पड़ सकता है मॉनसून, WMO ने दी बड़ी चेतावनी

Recent Posts