Monsoon Update: मानसून देश के कई हिस्सों में लगातार रफ्तार के साथ आगे बढ़ रहा है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार मानसून का असर फिलहाल महाराष्ट्र, तेलंगाना, ओडिशा, झारखंड, बिहार और नेपाल के कुछ हिस्सों से देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग ने यह भी अपडेट जारी की है कि अगले 4 से 5 दिनों के दौरान मानसून के तेलंगाना, ओडिशा, झारखंड, बिहार और छत्तीसगढ़ के कई अन्य क्षेत्रों में आगे बढ़ने के लिए अनुकूल परिस्थितियां बनी हुई हैं।
मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक, आज से 24 जून के बीच देश के कई राज्यों में बारिश, आंधी-तूफान, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की संभावना है। कुछ इलाकों में ओलावृष्टि और धूल भरी आंधी का भी खतरा बना हुआ है। ऐसे में यहां जानें अपने शहर के मौसम का हाल (Mausam ka Haal)
उत्तर भारत में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट
मौसम विभाग के मुताबिक, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद में 18 से 22 जून तक व्यापक बारिश होने की संभावना जताई गई है। वहीं हिमाचल प्रदेश में 20 और 21 जून को अच्छी बारिश हो सकती है। उत्तराखंड में 18 से 24 जून तक रुक-रुक कर बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है।
दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, पूर्वी और पश्चिमी राजस्थान तथा पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 18 से 22 जून के बीच हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने इन राज्यों में गरज-चमक के साथ 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी भी जारी की है।
राजस्थान में आंधी और धूल भरी हवाओं का खतरा
IMD की लेटेस्ट अपडेट के अनुसार, राजस्थान के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज काफी बदला हुआ नजर आ सकता है। पश्चिमी राजस्थान में 18 जून को 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चलने की संभावना है। वहीं पूर्वी राजस्थान में 18 और 19 जून को तेज तूफानी हवाओं का असर देखने को मिल सकता है।
मौसम विभाग ने पश्चिमी राजस्थान में 18 से 20 जून तक धूल भरी आंधी चलने का भी अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा पूर्वी राजस्थान के कुछ इलाकों में भी धूल भरी हवाएं लोगों की परेशानी बढ़ा सकती हैं।

मध्य भारत में भी सक्रिय रहेगा मौसम
मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और विदर्भ क्षेत्र में 18 से 24 जून तक बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। पूर्वी और पश्चिमी मध्य प्रदेश में कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग ने पश्चिमी मध्य प्रदेश में 18 और 19 जून को 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी है। वहीं छत्तीसगढ़ और विदर्भ में भी बिजली चमकने और तेज हवाओं के साथ बारिश होने का अनुमान है।
पूर्वी भारत में मानसून की स्थिति
IMD ने ओडिशा, पश्चिम बंगाल, झारखंड और बिहार में मानसून की गतिविधियां तेज होने की संभावना जताई है। मौसम विभाग के अनुसार ओडिशा में 19 और 20 जून को व्यापक बारिश हो सकती है। वहीं गंगीय पश्चिम बंगाल में 20 से 24 जून तक अच्छी वर्षा होने की संभावना जताई गई है। झारखंड और बिहार के कई जिलों में भी अगले कुछ दिनों में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। इससे किसानों और आम लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।
पहाड़ी राज्यों में ओलावृष्टि की आशंका
जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश के कुछ इलाकों में 18 से 20 जून के बीच ओलावृष्टि हो सकती है। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह जारी की है।
किसानों के लिए जरूरी सलाह
मौसम विभाग ने किसानों को मौसम की ताजा अपडेट (Latest weather update) पर नजर रखने की सलाह दी है। जिन क्षेत्रों में तेज हवाओं और बारिश की संभावना है, वहां फसलों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने की जरूरत है। वहीं आम लोगों को बिजली कड़कने और तेज आंधी के दौरान खुले स्थानों पर जाने से बचने की सलाह दी गई है। देशभर में मानसून की रफ्तार बढ़ने के साथ आने वाले दिनों में कई राज्यों को भीषण गर्मी (Scorching Heat) से राहत मिलने की उम्मीद है।
ये भी पढ़ें: योगी सरकार का बड़ा ऐलान, यूपी में विकास की नई रफ्तार, लखनऊ-कानपुर के बीच दौड़ेगी रैपिड रेल






