Noida Fire: नोएडा में आज सोमवार की सुबह रिहायशी सोसायटी में भीषण आग लगने से चारों-तरफ अफरा तफरी मच गई। दरअसल, बताया जा रहा है कि यह आग एयर कंडीशनर (AC) में हुए धमाके से लगी है। देखते ही देखते आग ने पूरे फ्लैट को अपनी चपेट में ले लिया और ऊंची इमारत से उठता काले धुएं का गुबार दूर-दूर तक दिखाई देने लगे। इस घटना की सूचना जैसे ही दमकल विभाग को मिली, तो मौके पर करीब 6 गाड़ियां पहुंचीं और घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि इस घटना में किसी भी तरह की हताहत होने की सूचना नहीं है। ऐसे में आइए इस हादसे की पीछे की वजह और कारण के बारे में विस्तार से जानते हैं।
AC ब्लास्ट के बाद लगी भीषण आग
नोएडा के सेक्टर-119 स्थित अरण्या सोसायटी के 21वें फ्लोर पर बने एक फ्लैट में अचानक आग लग गई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक फ्लैट में लगे एयर कंडीशनर (AC) ब्लास्ट होने से भीषण आग लग गई और इसके बाद आग तेजी के साथ फैलने लगी और अधिक भड़क गई। कुछ ही मिनटों में आग ने पूरे फ्लैट को अपनी चपेट में ले लिया और इमारत से घना काला धुआं निकलने लगा।
मिली जानकारी के अनुसार, सुरक्षा के मद्देनजर कई परिवार तुरंत अपने फ्लैट छोड़कर नीचे खुले स्थान पर पहुंच गए। आसपास मौजूद लोगों ने घटना की सूचना फायर विभाग और पुलिस को दी।
6 दमकल गाड़ियों ने संभाला मोर्चा
इस घटना की जैसे ही जानकारी अग्निशमन विभाग की मिली, तो 6 फायर टेंडर मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने ऊंची इमारत में पहुंचकर आग बुझाने का अभियान शुरू किया। करीब 2 घंटे तक लगातार चले रेस्क्यू और फायर ऑपरेशन के बाद आग पर काबू पाया गया।
नोएडा की इस घटना के दौरान गौतमबुद्ध नगर के चीफ फायर ऑफिसर (CFO) और स्थानीय पुलिस अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे। उन्होंने पूरे अभियान की निगरानी की और यह सुनिश्चित किया कि आग दूसरे फ्लैटों तक न फैले।

किसी के फंसे होने या जनहानि की सूचना नहीं
नोएडा पुलिस के अनुसार, थाना सेक्टर-113 क्षेत्र को सुबह अरण्या सोसायटी के एक फ्लैट में आग लगने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर सर्विस की टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गईं। इस हादसे पर पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में अब तक किसी व्यक्ति के फ्लैट में फंसे होने या किसी प्रकार की जनहानि की जानकारी सामने नहीं आई है। समय रहते सभी आवश्यक कदम उठाए जाने से बड़ा हादसा टल गया।
AC ब्लास्ट को माना जा रहा शुरुआती कारण
प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह एयर कंडीशनर में हुआ धमाका बताया जा रहा है। हालांकि, आग लगने के सही कारणों का पता लगाने के लिए फायर विभाग (Fire Vibhag) और संबंधित एजेंसियां विस्तृत जांच कर रही हैं। जांच पूरी होने के बाद ही आग लगने की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।
लोगों में दहशत का माहौल
ऊंची इमारत से निकलते काले धुएं (Black Smoke) के कारण आसपास के इलाके में भी दहशत का माहौल बन गया। कई लोगों ने घटना के वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा कीं। स्थानीय प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की है।






