Odessa Port Attack: यूक्रेन से एक दिल दहला देने वाली खबर आई है। दरअसल, यूक्रेन के ओडेसा (Odessa) बंदरगाह से रवाना हो रहे एक वाणिज्यिक जहाज पर हमला किया गया, जिसमें चार भारतीय नागरिकों की दर्दनाक मौत हो गई है। बताया जा रहा है कि इसमें एक अन्य भारतीय गंभीर रूप से घायल हुआ है। भारत सरकार के विदेश मंत्रालय (MEA) ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया है कि जिस जहाज पर हमला हुआ, उसका नाम एमवी गोल्डन लियो (MV Golden Leo) है।
विदेश मंत्रालय के अनुसार, हमले के समय जहाज पर कुल 17 क्रू सदस्य मौजूद थे, जिनमें पांच भारतीय नागरिक भी शामिल थे। इनमें से चार भारतीयों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक भारतीय का इलाज चल रहा है। घायल की हालत गंभीर बताई जा रही है।
हमले में कई लोगों की मौत की आशंका
अंतरराष्ट्रीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस हमले में कुल 10 लोगों की मौत हुई है। इनमें भारतीय नागरिकों के अलावा कुछ सीरियाई क्रू सदस्य भी शामिल बताए जा रहे हैं। इसके अलावा, जहाज को सुरक्षित मार्ग दिखाने वाले एक पोर्ट पायलट (Port Pilot) की भी जान जाने की खबर सामने आई है। हालांकि, इन सभी आंकड़ों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
विदेश मंत्रालय ने क्या कहा?
भारत के विदेश मंत्रालय (Ministry of External Affairs of India) ने बयान जारी कर कहा कि यूक्रेन में स्थित भारतीय मिशन पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर बनाए हुए है। मंत्रालय ने कहा कि प्रभावित भारतीय नागरिकों और उनके परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। इसके अलावा, बयान में यह भी कहा गया कि सरकार मृतकों के परिजनों के संपर्क में है और घायल भारतीय को आवश्यक सहायता पहुंचाने के लिए स्थानीय अधिकारियों के साथ समन्वय किया जा रहा है।
भारत ने हमले की कड़ी निंदा की
भारत सरकार ( Indian Government) ने इस हमले को लेकर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। विदेश मंत्रालय ने कहा कि वाणिज्यिक जहाजों (Commercial Shipping) को निशाना बनाना पूरी तरह अस्वीकार्य है। ऐसे हमलों से निर्दोष नागरिकों की जान खतरे में पड़ती है और अंतरराष्ट्रीय समुद्री व्यापार भी प्रभावित होता है।
मंत्रालय ने अपने बयान में कहा कि कमर्शियल शिपिंग (Commercial Shipping) पर हमला करना, आम नागरिकों वाले क्रू सदस्यों की सुरक्षा को खतरे में डालना और समुद्री नेविगेशन (Marine navigation) व व्यापार में बाधा पहुंचाना निंदनीय है। भारत ने सभी पक्षों से ऐसे हमलों से बचने की अपील की है।
समुद्री व्यापार पर बढ़ता खतरा
ओडेसा बंदरगाह काला सागर (Black Sea) क्षेत्र का एक प्रमुख व्यापारिक केंद्र है। ऐसे में रूस-यूक्रेन संघर्ष के दौरान इस क्षेत्र में कई बार जहाजों पर हमलों और सुरक्षा संबंधी घटनाओं की खबरें सामने आ चुकी हैं। ऐसे हमलों का असर केवल संबंधित देशों पर ही नहीं, बल्कि वैश्विक व्यापार और सप्लाई चेन पर भी पड़ता है। यह भी बताया जा रहा है कि वाणिज्यिक जहाजों (Commercial Vessels) पर बढ़ते खतरे के कारण अंतरराष्ट्रीय समुद्री परिवहन की सुरक्षा एक बड़ी चुनौती बनती जा रही है।
परिजनों में शोक की लहर
मिली जानकारी के अनुसार, भारतीय नागरिकों की मौत की खबर सामने आने के बाद उनके परिवारों में शोक का माहौल है। विदेश मंत्रालय (Ministry of External Affairs) ने मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार हर संभव मदद उपलब्ध कराएगी। साथ ही घायल भारतीय नागरिक के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की।
ये भी पढ़ें: अभी भी अनशन जारी रखेंगे सोनम वांगचुक, अस्पताल से जारी की चिट्ठी, बताई अपनी शर्तें






