UGC-NET June 2026: नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने UGC-NET जून 2026 परीक्षा को लेकर आज एक बड़ा अपडेट दिया है। दरअसल, पेपर लीक विवाद के बाद अब दोबारा से अंग्रेजी, कॉमर्स और समाजशास्त्र विषयों की परीक्षा आयोजित की जाएगी। इन तीनों विषयों के प्रश्नपत्रों में कई तरह की गलतियां सामने आने के बाद NTA ने यह अहम निर्णय लिया है।
NTA के अनुसार, री-एग्जाम कराने का फैसला एक विशेष विशेषज्ञ समिति की सिफारिश के आधार पर लिया गया है। ऐसे में आइए इससे जुड़ी हर एक अपडेट यहां पड़े।
प्रश्नपत्रों में कई खामियां पाई गई
मिली जानकारी के अनुसार, समिति ने प्रश्नपत्रों की जांच के बाद पाया कि इनमें तथ्यात्मक गलतियों के साथ-साथ टाइपिंग, ट्रांसलेशन और व्याकरण से जुड़ी कई तरह की खामियां सामने आई थीं। ऐसे में केवल प्रश्नों को चैलेंज करना ही समाधान नहीं है। बल्कि अभ्यर्थियों के हित और परीक्षा में निष्पक्षता बनाए रखने के लिए दोबारा परीक्षा कराना भी जरूरी है।
- इन शिकायतों की जांच के लिए विशेषज्ञों की समिति बनाई गई।
- जांच के दौरान प्रश्नपत्रों में तथ्यात्मक त्रुटियां, गलत टाइपिंग, ट्रांसलेशन की गलतियां और व्याकरण संबंधी समस्याएं पाई गईं।
- इसके अलावा कुछ प्रसिद्ध विद्वानों के नाम गलत लिखे गए थे।
- कुछ पुस्तकों और उनके विषयों को भी स्पष्ट तरीके से प्रस्तुत नहीं किया गया था।
9 और 10 सितंबर को होगी परीक्षा
वहीं, NTA ने अंग्रेजी, कॉमर्स और समाजशास्त्र के लिए नया परीक्षा शेड्यूल भी जारी कर दिया है।
अंग्रेजी विषय की परीक्षा 9 सितंबर 2026 को पहली पाली में होगी। इसका समय सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक रहेगा।
इसके बाद कॉमर्स विषय की परीक्षा दूसरी पाली में आयोजित होगी, जो दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक होगी।
समाजशास्त्र विषय की परीक्षा 10 सितंबर 2026 को पहली पाली में आयोजित होगी, जिसमें अभ्यर्थियों सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक परीक्षा देंगे।
UGC-NET री-एग्जाम शेड्यूल
- अंग्रेजी: 9 सितंबर 2026, सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक
- कॉमर्स: 9 सितंबर 2026, दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक
- समाजशास्त्र: 10 सितंबर 2026, सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक
अभ्यर्थियों से नहीं लिया जाएगा अतिरिक्त शुल्क
NTA (नेशनल टेस्टिंग एजेंसी) ने साफ तौर पर कहा है कि इन तीनों विषयों की दोबारा परीक्षा के लिए अभ्यर्थियों से किसी भी तरह का कोई अतिरिक्त परीक्षा शुल्क नहीं लिया जाएगा। परीक्षा शहर, परीक्षा केंद्र और एडमिट कार्ड (Admit Card) से जुड़ी जानकारी जल्द ही NTA की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी कर दी जाएगी।
84 विषयों के रिजल्ट पर नहीं पड़ेगा असर
NTA ने यह भी साफ तौर पर कहा है कि अंग्रेजी, कॉमर्स और समाजशास्त्र की दोबारा परीक्षा का असर बाकी विषयों के परिणाम पर नहीं होगा। जून में आयोजित 87 विषयों में से अन्य 84 विषयों के रिजल्ट तय प्रक्रिया के अनुसार जारी कर दिया जाएगा। एजेंसी के मुताबिक, री-एग्जाम के कारण JRF आवंटन, असिस्टेंट प्रोफेसर की एलिजिबिलिटी और PhD एडमिशन की प्रक्रिया में देरी नहीं होगी।
असिस्टेंट प्रोफेसर एलिजिबिलिटी को लेकर भी बड़ा फैसला
NTA ने असिस्टेंट प्रोफेसर की पात्रता को लेकर भी स्थिति स्पष्ट कर दी है। इसके लिए योग्य उम्मीदवारों की संख्या जून में आयोजित मूल परीक्षा और री-टेस्ट (Re-Test) में शामिल अभ्यर्थियों की संख्या के आधार पर तय होगी। बताया जा रहा है कि पात्रता के लिए उम्मीदवारों की संख्या 6 प्रतिशत तय की गई है, जिसमें मूल परीक्षा या री-टेस्ट में शामिल अभ्यर्थियों में से जो संख्या अधिक होगी, उसे ही इसका मुख्य आधार बनाया जाएगा।
ये भी पढ़ें: CJP समर्थक के पिता की बंगाल में हुई मौत, 8 आरोपी गिरफ्तार, शुभेंदु अधिकारी ने कहा- BJP का कोई कनेक्शन नहीं






