Delhi Metro Update: दिल्ली मेट्रो से सफर करने वाले यात्रियों के लिए एक बड़ी अपडेट जारी की गई है। आज यानी शनिवार को सुरक्षा कारणों से दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) ने कई मेट्रो स्टेशनों पर प्रवेश और निकास बंद रखने का फैसला किया है। दरअसल, पहले जारी एडवाइजरी में 57 मेट्रो स्टेशनों को बंद रखने की जानकारी दी गई थी, लेकिन अब यात्राओं के लिए नई एडवाइजरी जारी की गई है, जिसके तहत 45 स्टेशनों पर एंट्री और एग्जिट की सुविधा बंद रहेगी। इस सूची में राजीव चौक, आईटीओ, सुप्रीम कोर्ट, केंद्रीय सचिवालय और कश्मीरी गेट जैसे प्रमुख स्टेशन शामिल हैं।
डीएमआरसी के अनुसार, यह व्यवस्था 9 अक्टूबर 2026 की रात 9 बजे से 10 अक्टूबर 2026 की शाम 6 बजे तक लागू रहेगी। ऐसे में मेट्रो से यात्रा करने वाले लोगों को सलाह दी जाती है कि वे घर से निकलने से पहले अपने रूट एक बार जरूर चेक करें, ताकि उन्हें रास्ते में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
Delhi Metro News: कब तक बंद रहेंगे 45 मेट्रो स्टेशन?
दिल्ली मेट्रो की नई एडवाइजरी (New Advisory from Delhi Metro) के मुताबिक, सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए 45 स्टेशनों पर यात्रियों के प्रवेश और बाहर निकलने पर रोक रहेगी। हालांकि, इन स्टेशनों पर मेट्रो सेवाएं पूरी तरह बंद नहीं होंगी। यात्री निर्धारित व्यवस्था के तहत मेट्रो में सफर जारी रख सकेंगे।
डीएमआरसी ने साफ कहा है कि प्रभावित स्टेशनों पर इंटरचेंज की सुविधा में किसी भी तरह की परेशानी नहीं होगी। यानी यात्री इन स्टेशनों पर उतरकर दूसरी मेट्रो लाइन (Metro line) में बदलकर सफर कर सकते हैं। हालांकि, नई दिल्ली मेट्रो स्टेशन पर इंटरचेंज की सुविधा भी उपलब्ध नहीं होगी। इसलिए इस स्टेशन से होकर यात्रा करने वाले यात्रियों को अपने रूट की योजना पहले से बना लेनी चाहिए।
राजीव चौक, ITO और सुप्रीम कोर्ट स्टेशन भी सूची में शामिल
वहीं, शनिवार को बंद रहने वाले स्टेशनों की सूची में दिल्ली के कई प्रमुख और व्यस्त मेट्रो स्टेशन शामिल हैं। राजीव चौक, आईटीओ, सुप्रीम कोर्ट, मंडी हाउस, केंद्रीय सचिवालय, नई दिल्ली और दिल्ली गेट जैसे स्टेशनों पर एंट्री-एग्जिट की सुविधा उपलब्ध नहीं रहेगी। इसके अलावा खान मार्केट, लोक कल्याण मार्ग, जंगपुरा, लाजपत नगर, आश्रम, हौज खास, दिल्ली हाट-आईएनए और जामा मस्जिद मेट्रो स्टेशन भी इस सूची में शामिल हैं।
दिल्ली मेट्रो के इन 45 स्टेशनों पर बंद रहेगी एंट्री-एग्जिट
डीएमआरसी की संशोधित एडवाइजरी के अनुसार, निम्नलिखित मेट्रो स्टेशनों पर प्रवेश और निकास की सुविधा बंद रहेगी:
जनपथ, पटेल चौक, केंद्रीय सचिवालय, लोक कल्याण मार्ग, राजीव चौक, नई दिल्ली, सेवा तीर्थ, मंडी हाउस, बाराखंभा रोड, आईटीओ, दिल्ली गेट, खान मार्केट, रामकृष्ण आश्रम मार्ग, झंडेवालान, सुप्रीम कोर्ट, इंद्रप्रस्थ, शिवाजी स्टेडियम, दिल्ली हाट-आईएनए, हौज खास, जोर बाग, लाजपत नगर, जंगपुरा, आश्रम, जामिया मिल्लिया इस्लामिया, चावड़ी बाजार, जामा मस्जिद, करोल बाग, राजेंद्र प्लेस, विश्वविद्यालय, कश्मीरी गेट, इंद्रलोक, गुरु तेग बहादुर नगर, नेताजी सुभाष प्लेस, आजादपुर, जहांगीरपुरी, हैदरपुर बादली मोड़, मजलिस पार्क, सीलमपुर, मौजपुर-बाबरपुर, जाफराबाद, वेलकम, यमुना विहार, खजूरी खास, शाहदरा और रिठाला।
यात्रियों को क्या करना चाहिए?
दिल्ली मेट्रो (Delhi Metro) से सफर करने वाले यात्रियों को सलाह दी जाती है कि वे यात्रा शुरू करने से पहले डीएमआरसी की आधिकारिक वेबसाइट या उसके आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर एक बार लेटेस्ट अपडेट जरूर चेक करें। जिन स्टेशनों पर एंट्री-एग्जिट बंद (Entry and Exit Closed) है, वहां से यात्रा शुरू करने या बाहर निकलने की योजना बनाने से बचें।
अगर आपको किसी प्रभावित स्टेशन पर मेट्रो लाइन बदलनी है, तो इंटरचेंज की उपलब्धता जरूर जांचें। खास तौर पर नई दिल्ली मेट्रो स्टेशन (New Delhi Metro Station) पर इंटरचेंज की सुविधा भी बंद रहने की जानकारी दी गई है। डीएमआरसी और सुरक्षा एजेंसियां स्थिति की समीक्षा करेंगी। जरूरत पड़ने पर व्यवस्था में बदलाव किया जा सकता है। इसलिए यात्रियों को सलाह है कि वह कल किसी भी तरह की यात्रा से पहले आधिकारिक अपडेट पर नजर रखें और अतिरिक्त समय लेकर अपने घर से निकलें।
ये भी पढ़ें: होली-दिवाली पर मिलेगा मुफ्त सिलेंडर, अग्निवीरों को 20% आरक्षण समेत 39 प्रस्ताव को योगी कैबिनेट ने दी मंजूर






