Free Cylinder: उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ सरकार ने आज शुक्रवार को प्रदेश के विकास के लिए कैबिनेट बैठक आयोजित की, जिसमें कई अहम फैसले लिए गए और साथ ही कुल 39 प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। बताया जा रहा है कि इनमें राज्य की गरीब जनता का विशेष तौर पर ध्यान रखा गया है। अब से होली और दिवाली पर पात्र लाभार्थियों को मुफ्त गैस सिलेंडर देने, अग्निवीरों को चार सरकारी विभागों में भर्ती के दौरान 20 प्रतिशत आरक्षण देने और प्रदेश में 1,725 नई इलेक्ट्रिक बसें की सुविधाओं का लाभ मिलेगा।
वही, यह भी बताया जा रहा है कि इस बैठक में जेवर एयरपोर्ट का नाम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम पर रखा गया है और धान खरीद का लक्ष्य बढ़ाने, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) मिशन शुरू करने को लेकर भी प्रदेश सरकार के द्वारा पहल शुरू की जाएगी।
अग्निवीरों को चार विभागों में मिलेगा 20% आरक्षण
उत्तर प्रदेश सरकार ने अग्निवीरों को सरकारी नौकरी (Government Job) में अवसर देने के लिए बड़ा फैसला लिया है। परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह के मुताबिक, अग्निवीरों को चार सरकारी विभागों में सिपाही पदों पर भर्ती के दौरान 20 प्रतिशत आरक्षण दिया जाएगा। राज्य सरकार के इस फैसले के तहत अग्निवीरों को निम्नलिखित विभागों में नौकरी का अवसर मिलेगा:
- पुलिस विभाग: सिपाही पदों पर भर्ती में आरक्षण।
- वन विभाग: संबंधित सिपाही पदों पर अवसर।
- कारागार विभाग: पात्र पदों पर भर्ती में आरक्षण।
- परिवहन विभाग: संबंधित सिपाही पदों पर भर्ती में अवसर।
इसके अलावा अग्निवीरों को अधिकतम आयु सीमा में तीन साल की छूट देने का प्रावधान किया गया है। इससे वे 28 वर्ष की उम्र तक भर्ती के लिए पात्र हो सकेंगे।
होली-दिवाली पर मुफ्त गैस सिलेंडर, 2,142 करोड़ रुपये का बजट
योगी सरकार (Yogi Government) ने होली और दिवाली के अवसर पर पात्र लाभार्थियों को मुफ्त गैस सिलेंडर (Free Gas Cylinder) उपलब्ध कराने की योजना को भी मंजूरी दी है। इस योजना के लिए 2,142 करोड़ रुपये का बजट निर्धारित किया गया है। इस योजना का उद्देश्य त्योहारों के दौरान पात्र परिवारों को रसोई गैस की सुविधा उपलब्ध हो सके।
धान खरीद का लक्ष्य बढ़ाकर 65 लाख टन किया
योगी कैबिनेट बैठक (Yogi Cabinet Meeting) में प्रदेश के किसानों से जुड़ा फैसला लेते हुए इस साल 65 लाख टन धान खरीदने का लक्ष्य रखा गया है। पिछले साल प्रदेश में 62 लाख टन धान की खरीद (Paddy Procurement) हुई थी। इस बार खरीद का लक्ष्य बढ़ाया गया है। खाद्य एवं रसद मंत्री मनोज पांडेय के मुताबिक, धान खरीद का कार्यक्रम इस प्रकार रहेगा:
- पश्चिमी उत्तर प्रदेश: 15 अक्टूबर 2026 से 15 फरवरी 2027 तक।
- पूर्वी उत्तर प्रदेश: 1 नवंबर 2026 से 28 फरवरी 2027 तक।
- मक्का का MSP: 2,410 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है, जो पिछले साल से 10 रुपये अधिक है।
1,725 नई इलेक्ट्रिक बसें चलेंगी
प्रदेश के शहरी परिवहन को बेहतर बनाने के लिए सरकार ने 18 नगर निगम क्षेत्रों में 1,725 नई इलेक्ट्रिक बसें चलाने के प्रस्ताव को भी आज मंजूरी दी है। इसका उद्देश्य शहरों में सार्वजनिक परिवहन की सुविधा बढ़ाना और यात्रियों को बेहतर विकल्प उपलब्ध कराना है।
यूपी के सभी 75 जिलों में खुलेंगे AI सेंटर
बता दें कि प्रदेश में तकनीक और युवाओं के कौशल विकास को बढ़ावा देने के लिए योगी सरकार ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) मिशन को भी मंजूरी दे दी है। इसके तहत प्रदेश के सभी 75 जिलों में AI सेंटर स्थापित किए जाएंगे। इन केंद्रों पर AI फेलो तैनात किए जाएंगे। बताया जा रहा है कि इस मिशन को सही तरह से लागू करने के लिए तीन समितियां गठित की जाएंगी। इस पहल के जरिए प्रदेश में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से जुड़ी गतिविधियों और तकनीकी कौशल को बढ़ावा देने की योजना है।
युवाओं की ट्रेनिंग और विकास से जुड़े फैसले
कैबिनेट बैठक में युवाओं को प्रोफेशनल ट्रेनिंग देने और प्रदेश में विकास कार्यों को आगे बढ़ाने से जुड़े प्रस्तावों पर भी मुहर लगा दी गई है। योगी सरकार का जोर यूपी में रोजगार के अवसर बढ़ाने, आधुनिक तकनीक को प्रोत्साहित करने और सार्वजनिक सुविधाओं को बेहतर बनाना है।
योगी कैबिनेट के बड़े फैसले एक नजर में यहां पढ़ें
- होली और दिवाली पर पात्र लाभार्थियों को मुफ्त गैस सिलेंडर।
- अग्निवीरों को चार विभागों में भर्ती के दौरान 20 प्रतिशत आरक्षण।
- अग्निवीरों को अधिकतम आयु सीमा में तीन साल की छूट।
- धान खरीद का लक्ष्य 65 लाख टन निर्धारित।
- 18 नगर निगम क्षेत्रों में 1,725 इलेक्ट्रिक बसें।
- लखनऊ में 265 करोड़ रुपये की लागत से इंटीग्रेटेड बस टर्मिनल।
- सभी 75 जिलों में AI सेंटर स्थापित करने की योजना।
- जेवर एयरपोर्ट का नाम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम पर रखने का प्रस्ताव।
ये भी पढ़ें: सीमापुरी में दर्दनाक हादसा, 4 मंजिला इमारत भरभराकर गिरी, मलबे में दबे कई लोग






