Weather Alert: भारत के इन राज्यों में 30 अक्टूबर तक कई भारी बारिश का अलर्ट, जानें मौसम का पूर्वानुमान

India Weather Forecast

Weather Alert:  बीते कुछ दिनों से भारत के अलग-अलग राज्यों में मौसम का मिजाज बदलता हुआ दिखाई दे रहा है। ऐसे में भारतीय मौसम विभाग ने 30 अक्टूबर तक देश के कई राज्यों में बारिश, आंधी और बिजली गिरने की संभावना जताई है। साथ ही IMD ने आज से लेकर आने वाले कुछ दिनों तक ओडिशा, छत्तीसगढ़, बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

वहीं, यह भी बताया जा रहा है कि मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 24 से 30 अक्टूबर के बीच पूर्वी, मध्य, उत्तर-पश्चिमी और दक्षिणी भारत के कई राज्यों में बारिश होने की संभावना है। कुछ राज्यों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की भी आशंका है। वहीं, ओडिशा में 27 और 28 अक्टूबर को अत्यंत भारी बारिश हो सकती है।

ओडिशा और छत्तीसगढ़ में भारी बारिश की चेतावनी

IMD के मुताबिक, पूर्वी मध्य प्रदेश में 28 से 30 अक्टूबर तक कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। वहीं, छत्तीसगढ़ में 27 अक्टूबर को भारी बारिश और 28 से 30 अक्टूबर के दौरान कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। ओडिशा में 26 से 30 अक्टूबर तक कई स्थानों पर बारिश हो सकती है। राज्य में 27 और 28 अक्टूबर को अत्यंत भारी बारिश की चेतावनी है। इसके अलावा, 29 और 30 अक्टूबर को भी कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश होने की संभावना है।

बिहार और उत्तर प्रदेश में कैसा रहेगा मौसम?

देखा जाए तो उत्तर-पश्चिम भारत में कुछ स्थानों पर बारिश, गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में 29 और 30 अक्टूबर को कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। बिहार में 28 से 30 अक्टूबर तक गरज-चमक के साथ बारिश होने और तेज हवाएं चलने की आशंका है। यहां कुछ स्थानों पर 29 और 30 अक्टूबर को भारी बारिश भी हो सकती है।

झारखंड और पश्चिम बंगाल में भी बारिश का अनुमान

झारखंड और गंगा के मैदानी क्षेत्र वाले पश्चिम बंगाल में 28 से 30 अक्टूबर के दौरान कई स्थानों पर बारिश होने की संभावना है। 27 अक्टूबर को भी कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 29 और 30 अक्टूबर को कई स्थानों पर बारिश होने का अनुमान है। इस दौरान कुछ स्थानों पर भारी बारिश और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। हवा के झोंकों की गति 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।

पूर्वोत्तर राज्यों में भी आज बदलेगा मौसम

पूर्वोत्तर भारत के कई राज्यों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। असम और मेघालय में 27 से 30 अक्टूबर तक कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है। अरुणाचल प्रदेश में 28 से 30 अक्टूबर तक बारिश का अनुमान है। नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 24 से 30 अक्टूबर के बीच कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है। असम और मेघालय में 29 और 30 अक्टूबर को भारी बारिश, जबकि नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 28 अक्टूबर को भारी बारिश की संभावना है।

दक्षिण भारत के राज्यों में भी बारिश की चेतावनी

दक्षिण भारत में तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 24 और 25 अक्टूबर को कई स्थानों पर बारिश हो सकती है। केरल और माहे में 24 से 27 अक्टूबर तक बारिश का अनुमान है। लक्षद्वीप में 24 से 26 अक्टूबर के बीच बारिश हो सकती है। तटीय आंध्र प्रदेश और यनम में 27 से 30 अक्टूबर तक कई स्थानों पर बारिश होने की संभावना है। वहीं, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, केरल, माहे, लक्षद्वीप, तेलंगाना और कर्नाटक के अलग-अलग हिस्सों में भी 30 अक्टूबर तक बारिश हो सकती है।

पश्चिम भारत में मौसम सामान्य रहने की संभावना

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, इस सप्ताह पश्चिम भारत में किसी बड़े मौसमी बदलाव की संभावना नहीं है। हालांकि, देश के अन्य हिस्सों में बारिश और तेज हवाओं को देखते हुए लोगों को स्थानीय मौसम अपडेट पर नजर रखने की सलाह दी जाती है।

ये भी पढ़ें:  Jio Platforms IPO ने बनाया रिकॉर्ड, 7 लाख करोड़ से अधिक की मांग, 1.38 करोड़ से अधिक निवेशकों ने लगाया दांव

Recent Posts