Aaj Ka Mausam 30 July: देशभर में मानसून की बारिश का दौर जारी है। ऐसे में भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 30 जुलाई से 4 अगस्त 2026 तक देश के 20 से अधिक राज्यों के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, छत्तीसगढ़ और ओडिशा में मानसूनी गतिविधियां काफी तेज हैं, जिसका असर उत्तर, मध्य, पश्चिम और पूर्वोत्तर भारत के कई हिस्सों में देखने को मिलेगा।
बता दें कि अगले 24 घंटे में दिल्ली-NCR, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश, गुजरात, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश समेत कई राज्यों में तेज बारिश के साथ आंधी और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है।
मौसम का मिजाज
मौसम विभाग के अनुसार, छत्तीसगढ़ और ओडिशा के ऊपर बना गहरा दबाव पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ रहा है, जिसके कारण से कई राज्यों में लगातार बारिश और तेज हवाओं का दौर शुरू होने की संभावना है। कुछ इलाकों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
दिल्ली-NCR और उत्तर भारत में बारिश का अलर्ट
IMD की रिपोर्ट के मुताबिक, दिल्ली-NCR में 30 जुलाई से मौसम बदलने की पूरी संभावना है। मौसम विभाग ने राजधानी और आसपास के इलाकों में तेज बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का अनुमान जताया है। कई निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति भी बन सकती है।
इसके अलावा उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़ और राजस्थान के कई जिलों में भी भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। पश्चिमी राजस्थान में 30 और 31 जुलाई को जबकि पूर्वी राजस्थान के कुछ हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक अच्छी बारिश हो सकती है।
उत्तराखंड और हिमाचल में बढ़ सकता है खतरा
पहाड़ी राज्यों उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में लगातार बारिश के चलते भूस्खलन और सड़कें बंद होने का खतरा बढ़ गया है। मौसम विभाग ने 4 अगस्त तक इन राज्यों में भारी बारिश के साथ बिजली गिरने और 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान जताया है।
मध्य और पश्चिम भारत में भी भारी बारिश
मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और विदर्भ क्षेत्र में 29 और 30 जुलाई के दौरान बेहद भारी बारिश की संभावना है। कुछ इलाकों में तेज हवाएं भी चल सकती हैं। वहीं, गुजरात, कोंकण, गोवा और मध्य महाराष्ट्र में भी अगले कुछ दिनों तक अच्छी बारिश का दौर जारी रहेगा। गुजरात के कई हिस्सों में 31 जुलाई को अति-भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है।
पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत में भी बरसेंगे बादल
पूर्वोत्तर भारत के असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश और नागालैंड में 4 अगस्त तक लगातार बारिश होने का अनुमान है। वहीं दक्षिण भारत में केरल, तटीय कर्नाटक और तेलंगाना में 1 और 2 अगस्त को तेज बारिश के साथ आंधी चल सकती है।
मौसम विभाग का कहना है कि अगले 24 घंटे के दौरान ओडिशा, पश्चिम बंगाल और आंध्र प्रदेश के तटीय क्षेत्रों में समुद्र काफी उग्र रहने की संभावना है। यहां 50 से 65 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
मौसम विभाग ने मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी है और तटीय इलाकों में रहने वाले लोगों को प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करने को कहा है।
लोगों के लिए जरूरी सलाह
मौसम विभाग ने भारी बारिश वाले क्षेत्रों में रहने वाले लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। बारिश के दौरान बिजली के खंभों, पेड़ों और जलभराव वाले इलाकों से दूर रहें। पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा करने से पहले मौसम की जानकारी जरूर लें। प्रशासन द्वारा जारी किसी भी चेतावनी को नजरअंदाज न करें।
देश के कई राज्यों में अगले कुछ दिन बारिश के लिहाज से चुनौतीपूर्ण रहने वाले हैं। ऐसे में मौसम विभाग के अपडेट पर नजर रखना और सावधानी बरतना सबसे सुरक्षित उपाय होगा।
ये भी पढ़ें: गुरु पूर्णिमा पर सीएम योगी का बड़ा फैसला, भदोही का नाम बदलकर किया ‘संत रविदास नगर’, जानें क्यों ?






