Weather Alert: देशभर में मार्च की शुरुआत के साथ ही मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। भारत के कई राज्यों में गर्मी बढ़ने लगा है और पहाड़ी इलाकों में बारिश और बर्फबारी की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले कुछ दिनों में अलग-अलग राज्यों में मौसम तेजी के साथ बदल सकता है, जिसका असर सीधे तौर पर लोगों पर पड़ेगा।
मौसम विभाग ने दिल्ली समेत कई राज्यों में लू चलने की चेतावनी दी है, वहीं कई जगहों पर बारिश और तेज हवाओं का भी अनुमान है। इससे लोगों को मौसम में अचानक बदलाव का सामना करना पड़ सकता है। यहां पढ़ें IMD का लेटेस्ट अपडेट
दिल्ली में बढ़ने लगी गर्मी
दिल्ली और एनसीआर में ठंड लगभग खत्म हो चुकी है। रात के समय भी तापमान पहले की तुलना में ज्यादा महसूस किया जा रहा है। इन दिनों कई घरों में पंखे भी चलने लगे हैं। मौसम विभाग के अनुसार अगले 3 दिनों तक दिल्ली में आसमान साफ रहेगा। इस दौरान दिन के समय तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है।
उत्तर प्रदेश में भी तापमान बढ़ेगा
इन दिनों यूपी में भी गर्मी धीरे-धीरे बढ़ रही है। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में राज्य के ज्यादातर हिस्सों में आसमान साफ रहेगा। राजधानी लखनऊ सहित कई शहरों में दिन के समय अधिक गर्मी पड़ सकती है। पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में तापमान तेजी से बढ़ने की संभावना जताई गई है।
बिहार में बारिश के आसार
बिहार में आने वाले दिनों में मौसम बदल सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक 9 से 11 मार्च के बीच बिहार के कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। इसका असर झारखंड में भी देखने को मिल सकता है, जहां 7 से 10 मार्च तक बादल छाए रहने की संभावना है।

उत्तराखंड में भी बारिश और बर्फबारी की संभावना
भारतीय मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश की तरह उत्तराखंड में भी मौसम खराब होने की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग के अनुसार, इन राज्यों में मौसम की यह स्थिति 11 मार्च तक बनी रह सकती है। इसके अलावा, केदारनाथ, बदरीनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री जैसे ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना है। इससे वहां तापमान में गिरावट आ सकती है।
इन राज्यों में बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने कई राज्यों में बारिश और तेज हवाओं की संभावना जताई है। इनमें जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, केरल, तमिलनाडु, असम और मेघालय शामिल हैं। इन क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। पूर्वोत्तर राज्यों में 8 मार्च से मौसम गतिविधियां तेज होने की संभावना है।
जम्मू-कश्मीर में 4 दिन तक मौसम का हाल
IMD की रिपोर्ट के मुताबिक, जम्मू-कश्मीर में अगले चार दिनों तक मौसम बदला रह सकता है। मौसम विभाग ने 9 मार्च तक कई इलाकों में बारिश और ऊंचे क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी का अनुमान जताया है। बारिश और ठंडी हवाओं की वजह से शाम के समय तापमान में गिरावट भी महसूस की जा सकती है।
देश के कई राज्यों में शुरू हुई तेज गर्मी
भारत में मार्च के शुरुआती दिनों में ही देश के कई हिस्सों में गर्मी का असर देखने को मिल रहा है। दक्षिण भारत, पूर्वोत्तर और पश्चिमी भारत के कई राज्यों में तापमान तेजी से बढ़ रहा है। गुजरात, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, झारखंड, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, केरल, कर्नाटक और तमिलनाडु के कई इलाकों में गर्मी का असर अभी से महसूस होने लगा है। मौसम विभाग ने गुजरात और राजस्थान के कुछ हिस्सों में अगले तीन दिनों के लिए लू का अलर्ट भी जारी किया है।
ये भी पढ़ें: इन राशियों के लिए सफलता और आर्थिक लाभ के योग, जानें कैसा रहेगा आज का दिन






