Aaj Ka Mausam Update 1 June 2026: देशभर में मौसम का हाल तेजी से बदल रहा है। भारत मौसम विभाग (IMD) ने 1 जून 2026 को लेकर बड़ा अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार देश के 19 राज्यों में बारिश, गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की संभावना है। कई इलाकों में हवाओं की गति 80 से 90 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने और मौसम विभाग की सलाह का पालन करने को कहा गया है। ऐसे में आइए जानते हैं IMD ने द्वारा जारी की गई लेटेस्ट अपडेट के अनुसार, आज का मौमस कैसा रहेगा?
दिल्ली-NCR के मौसम का हाल
राजधानी दिल्ली और एनसीआर के इलाकों में रविवार रात से मौसम बदलने के संकेत मिल रहे हैं। 1 जून को दिनभर बादल छाए रहने के साथ कई क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने की भी संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों को अनावश्यक रूप से खुले स्थानों में जाने से बचने की सलाह दी है।
यूपी और बिहार में बारिश-बिजली का खतरा
उत्तर प्रदेश और बिहार के कई जिलों में तेज बारिश और आंधी की चेतावनी जारी की गई है। कुछ क्षेत्रों में बिजली गिरने और ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने किसानों को विशेष सावधानी बरतने और कटाई के बाद रखी फसलों को सुरक्षित स्थानों पर रखने की सलाह दी है।
बिहार में 1 जून को कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश होने का अनुमान है, जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश में तेज हवाओं के साथ मौसम खराब रह सकता है।
राजस्थान और मध्य प्रदेश में चलेगी धूलभरी आंधी
राजस्थान और पश्चिमी मध्य प्रदेश में सबसे ज्यादा असर देखने को मिल सकता है। यहां 70 से 90 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। कई जिलों में धूलभरी आंधी और बारिश एक साथ हो सकती है। इससे दृश्यता कम होने के कारण सड़क और हवाई यातायात प्रभावित हो सकता है।
पहाड़ी राज्यों में भूस्खलन का खतरा
उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश के कारण भूस्खलन का खतरा बढ़ सकता है। मौसम विभाग ने पर्यटकों और यात्रियों को मौसम की ताजा जानकारी लेकर ही यात्रा करने की सलाह दी है। पहाड़ी इलाकों में नदी-नालों का जलस्तर बढ़ सकता है, जिससे स्थानीय लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है।
मानसून की दस्तक
दक्षिण भारत के कई राज्यों में मानसून की गतिविधियां तेज हो रही हैं। तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी रह सकता है। केरल और माहे में 3 जून से 6 जून के बीच बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
तटीय आंध्र प्रदेश, रायलसीमा और तटीय कर्नाटक में 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है।
पूर्वोत्तर राज्यों में भी बारिश का दौर
अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में पूरे सप्ताह बारिश जारी रहने का अनुमान है। कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश के कारण जलभराव और भूस्खलन जैसी स्थितियां बन सकती हैं। मौसम विभाग ने स्थानीय प्रशासन को अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं।
ओडिशा और झारखंड में तेज तूफान की आशंका
ओडिशा और झारखंड में गरज-चमक के साथ तेज तूफानी हवाएं चल सकती हैं। ओडिशा में 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। कुछ इलाकों में ओलावृष्टि और भारी बारिश भी हो सकती है।
मानसून की रफ्तार हुई तेज
IMD के द्वारा जारी की गई ताजा अपडेट के मुताबिक, दक्षिण-पश्चिम मानसून धीरे-धीरे आगे बढ़ रहा है। अगले 4 से 5 दिनों के दौरान मानसून केरल, तमिलनाडु, लक्षद्वीप और बंगाल की खाड़ी के कई हिस्सों में और आगे बढ़ सकता है। इससे दक्षिण और पूर्वी भारत के राज्यों में बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है।
ये भी पढ़ें: हिमाचल निकाय चुनाव में BJP की शानदार जीत, 4 में से 3 नगर निगमों पर कब्जा, कांग्रेस को लगा बड़ा झटका






