Youth Congress Protest: राजधानी दिल्ली के प्रगति मैदान के भारत मंडपम में आयोजित ‘AI Impact Summit’ में हड़कंप मचा, जब यूथ कांग्रेस के कुछ कार्यकर्ता सुरक्षा घेरा तोड़कर परिसर के अंदर जबरन घुस गए। इस कार्यक्रम के दौरान प्रदर्शनकारियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Prime Minister Narendra Modi) के खिलाफ नारेबाजी की और “PM is Compromised” जैसे नारे लगाए।
प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया
बताया जा रहा है कि जिस समय यह घटना हुई, उस समय समिट में देश-विदेश के कई बड़े प्रतिनिधि और विशेषज्ञ कार्यक्रम में मौजूद थे। अचानक बैनर-पोस्टर लेकर पहुंचे कार्यकर्ताओं ने मुख्य हॉल के पास प्रदर्शन करने शुरू कर दिया। सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उन्हें हिरासत में ले लिया।
QR कोड से ली थी एंट्री
खबरों के अनुसार, इस दौरान 10 लोग प्रदर्शन में शामिल थे, जिनमें से 4-5 को हिरासत में लिया गया। इस पर पुलिस ने कहा कि सभी प्रदर्शनकारियों ने QR कोड के माध्यम से वैध एंट्री पास हासिल किया था। इस पर दिल्ली पुलिस का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही इस बात की जांच भी की जा रही है कि कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बावजूद प्रदर्शनकारी अंदर तक कैसे पहुंच गए।

बीजेपी का कांग्रेस पर हमला
आज की इस घटना को लेकर बीजेपी ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। बीजेपी आईटी सेल प्रमुख अमित मालवीय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इसे “राष्ट्रीय शर्म” करार दिया। उन्होंने कहा कि जब भारत एक वैश्विक एआई शिखर सम्मेलन की मेजबानी कर रहा है, तब इस तरह का व्यवहार देश की छवि को नुकसान पहुंचाता है।
वैश्विक स्तर का आयोजन
यह सम्मेलन ग्लोबल साउथ (Global South) में भारत द्वारा आयोजित पहला बड़ा एआई शिखर सम्मेलन (AI Summit) है। इसमें 20 से अधिक देशों के राष्ट्राध्यक्ष, 60 से ज्यादा मंत्री और 500 से अधिक एआई विशेषज्ञ व उद्योग प्रतिनिधि शामिल हुए हैं।
यह आयोजन ‘इंडिया एआई मिशन’ (India AI Mission) और ‘डिजिटल इंडिया’ (Digital India) पहल के तहत किया गया है। इसका उद्देश्य नीति-निर्माताओं, तकनीकी कंपनियों, स्टार्टअप्स और शिक्षाविदों को एक साझा मंच पर लाकर एआई क्षेत्र में ठोस और व्यावहारिक विकास को बढ़ावा देना है।
ये भी पढ़ें: यूपीआई पेमेंट फ्रॉड पर सख्त दिल्ली हाईकोर्ट, केंद्र-RBI को भेजा नोटिस






