बेरोजगारी से मीम्स तक: क्यों चर्चा में है कॉकरोच जनता पार्टी

“कॉकरोच जनता पार्टी” यानी CJP अचानक देशभर में चर्चा का विषय बन गई है। मामला इतना बढ़ गया कि अब इसके खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में जनहित याचिका यानी PIL तक दाखिल हो चुकी है। याचिका में आरोप लगाया गया है कि इस संगठन ने सुप्रीम Court की टिप्पणी का गलत तरीके से इस्तेमाल किया और उसे सोशल मीडिया कैंपेन व डिजिटल प्रचार के जरिए व्यावसायिक फायदा लेने के लिए इस्तेमाल किया।

क्या है कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ?

कॉकरोच जनता पार्टी कोई आधिकारिक राजनीतिक पार्टी नहीं है। यह एक तरह का ऑनलाइन सोशल मीडिया मूवमेंट है, जो व्यंग्य और मीम्स के जरिए युवाओं के मुद्दे उठाता है। इस प्लेटफॉर्म पर बेरोजगारी, महंगाई, परीक्षा व्यवस्था, नेताओं के विशेषाधिकार और युवाओं की नाराजगी जैसे मुद्दों को मजाकिया लेकिन तीखे अंदाज में दिखाया जाता है। सोशल मीडिया पर यह आंदोलन खासकर युवाओं के बीच तेजी से वायरल हुआ। इंस्टाग्राम, एक्स (Twitter) और यूट्यूब पर “Cockroach Janta Party” नाम से कई पोस्ट और वीडियो वायरल होने लगे।

कैसे हुई CJP की शुरुआत ?

बताया जा रहा है कि इस आंदोलन की शुरुआत सुप्रीम कोर्ट के एक कथित मौखिक बयान के बाद हुई। चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया की टिप्पणी को लेकर सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई थी। कुछ लोगों ने दावा किया कि बेरोजगार युवाओं की तुलना “कॉकरोच” और “परजीवी” जैसे शब्दों से की गई। इसके बाद सोशल मीडिया पर विरोध शुरू हो गया और “कॉकरोच” शब्द मीम्स और डिजिटल कैंपेन का हिस्सा बन गया।इसी दौरान अभिजीत दिपके नाम के एक राजनीतिक कम्युनिकेशन स्ट्रैटेजिस्ट ने “Cockroach Janta Party” नाम से सोशल मीडिया मूवमेंट शुरू किया। शुरुआत मजाक और व्यंग्य के तौर पर हुई थी, लेकिन कुछ ही दिनों में यह ट्रेंडिंग टॉपिक बन गया।

सुप्रीम कोर्ट में क्यों दाखिल हुई याचिका ?

अब इस पूरे मामले ने कानूनी मोड़ ले लिया है। सुप्रीम कोर्ट में दाखिल जनहित याचिका में कहा गया है कि CJP ने कोर्ट की टिप्पणियों का गलत इस्तेमाल किया है। याचिका में दावा किया गया कि इस तरह के अभियान संवैधानिक संस्थाओं की छवि को प्रभावित कर सकते हैं। साथ ही अदालत की टिप्पणियों का इस्तेमाल डिजिटल प्रचार और व्यावसायिक लाभ के लिए किया गया। PIL में यह भी कहा गया कि कोर्ट की बातों को मीम्स, प्रचार और राजनीतिक व्यंग्य में बदलकर सोशल मीडिया पर फैलाना संवेदनशील मुद्दा है।

याचिका में क्या-क्या मांग की गई ?

याचिका में कई कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है। इनमें शामिल हैं:

1. CJP के खिलाफ जांच
2. डिजिटल प्रचार पर रोक
3. CBI जांच की मांग
4. व्यावसायिक इस्तेमाल पर सवाल

कौन हैं अभिजीत दिपके ?

अभिजीत दिपके को इस ऑनलाइन आंदोलन का संस्थापक बताया जा रहा है। वह एक राजनीतिक कम्युनिकेशन स्ट्रैटेजिस्ट हैं और फिलहाल अमेरिका की Boston University में पढ़ाई कर रहे हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, वह पहले आम आदमी पार्टी के साथ भी काम कर चुके हैं। उन्होंने एक इंटरव्यू में कहा कि शुरुआत में यह सिर्फ मजाक और व्यंग्य था, लेकिन बाद में बड़ी संख्या में युवा इससे जुड़ते चले गए।

सोशल मीडिया पर क्यों वायरल हुआ CJP ?

CJP का कंटेंट युवाओं की समस्याओं को सीधे और मजाकिया अंदाज में दिखाता है। यही वजह है कि यह तेजी से वायरल हुआ। आजकल सोशल मीडिया पर मीम्स और सटायर के जरिए राजनीतिक बातें कहना आम हो गया है। युवा वर्ग ऐसे कंटेंट से जल्दी जुड़ जाता है। हालांकि कई लोगों का मानना है कि संवैधानिक संस्थाओं और अदालतों से जुड़े मामलों में संतुलन बनाए रखना जरूरी है।

क्या सोशल मीडिया मूवमेंट पर कानूनी कार्रवाई हो सकती है ?

भारत में अभिव्यक्ति की आजादी का अधिकार है, लेकिन इसके साथ कुछ सीमाएं भी हैं। अगर कोई कंटेंट अदालत, संविधान या किसी संस्था की गरिमा को प्रभावित करता है, तो उस पर कानूनी सवाल उठ सकते हैं। इसी वजह से अब यह मामला सिर्फ सोशल मीडिया ट्रेंड नहीं रहा, बल्कि कानूनी बहस का हिस्सा बन गया है।

कॉकरोच जनता पार्टी यानी CJP एक ऑनलाइन व्यंग्य आंदोलन के तौर पर शुरू हुई थी, लेकिन अब यह सुप्रीम कोर्ट तक पहुंच चुका है। एक तरफ युवा इसे बेरोजगारी और सिस्टम के खिलाफ आवाज मान रहे हैं, तो दूसरी तरफ याचिका में इसे अदालत की टिप्पणियों के गलत इस्तेमाल का मामला बताया गया है। आने वाले दिनों में सुप्रीम कोर्ट इस मामले पर क्या रुख अपनाता है, इस पर सबकी नजर रहेगी। फिलहाल सोशल मीडिया, राजनीति और कानून—तीनों के बीच यह मुद्दा बड़ा चर्चा का विषय बन चुका है।

यह भी पढ़े : India US Relations: ट्रंप ने की पीएम मोदी तारीफ, बोले- भारत अमेरिका पर 100% भरोसा कर सकता है

Recent Posts