India US Relations: ट्रंप ने की पीएम मोदी तारीफ, बोले- भारत अमेरिका पर 100% भरोसा कर सकता है

ट्रंप ने की पीएम मोदी तारीफ

India US Relations: दिल्ली में आयोजित अमेरिकी स्वतंत्रता दिवस समारोह बेहद खास रहा है। दरअसल, कार्यक्रम रविवार के दिन उस समय खास बन गया, जब अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अचानक लाइव वीडियो कॉल (live video call) के जरिए कार्यक्रम से जुड़े। ट्रंप ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जमकर तारीफ करते हुए उन्हें अपना करीबी दोस्त बताया। उन्होंने कहा कि भारत और अमेरिका के रिश्ते आज इतिहास के सबसे मजबूत दौर में हैं।

बता दें कि इस दौरान ट्रंप ने यह भी कहा कि भारत अमेरिका पर पूरी तरह भरोसा कर सकता है और जरूरत पड़ने पर अमेरिका हमेशा भारत के साथ खड़ा रहेगा। उनके इस बयान ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों का ध्यान खींच लिया। कार्यक्रम में अमेरिका के नए राजदूत सर्जियो गोर भी मौजूद थे। इसी दौरान ट्रंप को लाइव कॉल पर जोड़ा गया, जहां उन्होंने पीएम मोदी को अपना अच्छा दोस्त बताया।

‘मोदी मेरे दोस्त हैं’

अपने संबोधन में ट्रंप ने कहा, “मैं प्रधानमंत्री मोदी को बहुत पसंद करता हूं। वो शानदार इंसान हैं और मेरे अच्छे दोस्त हैं।” ट्रंप के इस बयान पर कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने तालियां बजाईं। उन्होंने कहा कि मोदी के नेतृत्व में भारत तेजी से आगे बढ़ रहा है और अमेरिका भारत के साथ अपने रिश्तों को और मजबूत करना चाहता है।

भारत-अमेरिका रिश्तों पर बड़ा बयान

ट्रंप ने कहा कि भारत और अमेरिका के रिश्ते इस समय इतिहास के सबसे मजबूत दौर में हैं। उन्होंने कहा, “हम पहले कभी भारत के इतने करीब नहीं थे, जितने आज हैं।” उन्होंने रक्षा, व्यापार, तकनीक और सुरक्षा जैसे क्षेत्रों में दोनों देशों के बढ़ते सहयोग का भी जिक्र किया।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पीएम मोदी की जमकर तारीफ की
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पीएम मोदी की जमकर तारीफ की

‘भारत हम पर पूरा भरोसा कर सकता है’

अपने संबोधन में ट्रंप ने भारत को हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा, “अगर भारत को कभी मदद की जरूरत पड़े, तो अमेरिका हमेशा उसके साथ खड़ा रहेगा।” ट्रंप ने आगे कहा कि भारत अमेरिका पर 100 फीसदी भरोसा कर सकता है।

पहले भी दिख चुकी है मोदी-ट्रंप की दोस्ती

यह पहली बार नहीं है जब ट्रंप ने पीएम मोदी की तारीफ की हो। इससे पहले भी Howdy Modi और Namaste Trump जैसे कार्यक्रमों में दोनों नेताओं की दोस्ती चर्चा में रही थी। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि मोदी और ट्रंप के मजबूत व्यक्तिगत संबंधों का असर भारत-अमेरिका साझेदारी पर भी साफ दिखाई देता है।

भारत-अमेरिका साझेदारी मजबूत

पिछले कुछ सालों में भारत और अमेरिका के रिश्ते तेजी में काफी उतार -चढ़ाव देखने को मिला है, लेकिन कुछ समय से अमेरिका की तरफ से भारत के संबधों को लेकर काफी मजबूती मिली हैं। दोनों ही देशों में रक्षा सौदों, व्यापार, टेक्नोलॉजी, अंतरिक्ष और इंडो-पैसिफिक रणनीति जैसे कई अहम क्षेत्रों में दोनों देश साथ मिलकर काम कर रहे हैं। अमेरिका भारत को एशिया में एक महत्वपूर्ण रणनीतिक साझेदार मानता है। वहीं भारत भी वैश्विक मंच पर अमेरिका के साथ अपने संबंधों को लगातार आगे बढ़ा रहा है।

वहीं, यह भी अनुमान लगाया जा रहा है कि ट्रंप का यह बयान ऐसे समय में आया है जब दुनिया की राजनीति तेजी से बदल रही है। ऐसे में भारत और अमेरिका के बीच बढ़ती नजदीकियां वैश्विक स्तर पर भी काफी अहम मानी जा रही हैं। दिल्ली में आयोजित इस कार्यक्रम ने एक बार फिर साफ कर दिया कि प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति ट्रंप के बीच मजबूत व्यक्तिगत संबंध हैं और आने वाले समय में भारत-अमेरिका साझेदारी और ज्यादा मजबूत हो सकती है।

ये भी पढ़ें: अगले 24 घंटे बदलेगा मौसम का मिजाज! जानें किन राज्यों में आंधी-बारिश का अलर्ट, पढ़ें IMD की रिपोर्ट

Recent Posts