Delhi Fire Incident: दिल्ली के शाहदरा में स्थित बिहारी कॉलोनी में आज 20 जून, 2026 शनिवार को भीषण आग लगने से चारों तरफ अफरा-तफरी मच गई। दरअसल, बिहारी कॉलोनी गली नंबर 7 के एक मकान के ग्राउंड फ्लोर में अचानक से आग लग गई। बताया जा रहा है कि इस मकान में गोदाम बना था, जिसमें काफी मात्रा में समान भी मौजूद था। गोदाम में लगी आग की लपटें और धुएं का गुबार दूर-दूर तक दिखाई देने लगा, जिससे आसपास के लोगों में दहशत फैल गई।
जैसे ही इस घटना की सूचना दमकल विभाग (Fire Department) को मिली वह घटनास्थल पर 6 गाड़ियां के साथ पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
मकान के ग्राउंड फ्लोर पर बने गोदाम में लगी भीषण आग
जानकारी के अनुसार, यह मकान नीतू आहूजा का है, जो अपने परिवार के साथ ऊपरी मंजिल पर रहते हैं। मकान के ग्राउंड फ्लोर पर गोदाम बनाया गया था, जिसमें बड़ी मात्रा में सामान रखा हुआ था। आग लगने के बाद देखते ही देखते पूरा गोदाम इसकी चपेट में आ गया और उसमें रखा अधिकांश सामान जलकर राख हो गया।
जैसे ही आग की लपटे स्थानीय लोगों ने देखी, तो उन्होंने तुरंत दमकल विभाग को सूचना कर दी। सूचना मिलते ही विभाग की 6 दमकल गाड़ियां घटनास्थल पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने कई घंटों तक लगातार प्रयास करते हुए आग को फैलने से रोका और अंततः उस पर पूरी तरह नियंत्रण प्राप्त कर लिया।

भीषण आग में लाखों रुपये का सामान खाक
गनीमत रही कि इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि या घायल होने की सूचना नहीं है। आग लगने के समय परिवार के सदस्य सुरक्षित बाहर निकल आए थे। हालांकि आग के कारण गोदाम में रखा लाखों रुपये का सामान नष्ट होने की आशंका जताई जा रही है। दमकल विभाग (Fire Department) के अधिकारियों ने बताया कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। फिलहाल विभाग ने आग लगने की कोई साफ वजह नहीं बताई है, लेकिन शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट (Short circuit) की संभावना से इनकार नहीं किया गया है। विशेषज्ञों की टीम मौके का निरीक्षण कर रही है और जांच रिपोर्ट आने के बाद ही आग लगने की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी।
वहीं, घटना के प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय निवासियों ने बताया कि यदि समय रहते दमकल विभाग की टीम मौके पर नहीं पहुंचती, तो आग आसपास के मकानों तक भी फैल सकती थी। स्थानीय निवासी अखिल जैन, अतिन, नितिन, ओली परमार और वर्मा मेडिकोज के संचालक ने बताया कि दमकल कर्मियों ने बेहद तेजी से कार्रवाई की। उन्होंने कहा कि 6 दमकल गाड़ियों की मदद से आग को नियंत्रित किया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
दमकल विभाग की सराहना
स्थानीय लोगों ने दमकल विभाग की तत्परता की सराहना करते हुए कहा कि आग की लपटें काफी ऊंची थीं और स्थिति बेहद गंभीर नजर आ रही थी। लेकिन दमकल कर्मियों की मेहनत और सूझबूझ के चलते आग को दूसरे घरों तक फैलने से रोक लिया गया। अब देखा जाए तो क्षेत्र में स्थिति सामान्य है और प्रशासन द्वारा आवश्यक सुरक्षा उपाय किए जा रहे हैं। पुलिस और दमकल विभाग के द्वारा आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है, जबकि दमकल विभाग घटना के कारणों की विस्तृत जांच में जुटा है।
ये भी पढ़ें: अगले 5 दिनों तक इन राज्यों में बारिश का अलर्ट, दिल्ली-UP में आंधी और तेज हवाओं की चेतावनी






