Delhi University News: दिल्ली विश्वविद्यालय के 12 कॉलेजों में शिक्षक नियुक्ति प्रक्रिया जल्द शुरू करने की मांग, ए ए डी टी ए शिक्षकों का धरना-प्रदर्शन

बारह कॉलेजों में नियुक्ति प्रक्रिया शीघ्र प्रारंभ हो- डॉ. आदित्य नारायण मिश्रा

Delhi University News: दिल्ली सरकार द्वारा वित्तपोषित दिल्ली विश्वविद्यालय के बारह कॉलेजों में शिक्षकों की नियुक्ति प्रक्रिया अविलंब प्रारंभ किए जाने की मांग दिल्ली विश्वविद्यालय एवं दिल्ली सरकार (Delhi University and Delhi Government) से शिक्षक संगठन ए ए डी टी ए के अध्यक्ष और दिल्ली विश्वविद्यालय शिक्षक संघ (डूटा) के पूर्व अध्यक्ष डॉ. आदित्य नारायण मिश्रा ने की।

इस मांग को लेकर ए ए डी टी ए के नेतृत्व में शुक्रवार को आर्ट्स फैकल्टी गेट, दिल्ली विश्वविद्यालय (Arts Faculty Gate, Delhi University) पर एक विशाल धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया। धरने में दिल्ली विश्वविद्यालय के शिक्षक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। भीषण गर्मी और उमस के बावजूद शिक्षकों का उत्साह एवं प्रतिबद्धता देखने योग्य था। धरने को संबोधित करते हुए डॉ. आदित्य नारायण मिश्रा ने कहा कि वर्षों से लंबित शिक्षक नियुक्तियों को अब और टालना उचित नहीं है। उन्होंने नियुक्ति प्रक्रिया को शीघ्र प्रारंभ करने के साथ-साथ पोस्ट फैक्टो अप्रूवल की मांग को भी दोहराया। उन्होंने कहा कि लंबे समय से शिक्षक समुदाय स्थायी नियुक्तियों की प्रतीक्षा कर रहा है तथा वर्तमान में कार्यरत शिक्षकों को नियमित किए जाने की दिशा में तत्काल सकारात्मक पहल आवश्यक है।

ए ए डी टी ए का दिल्ली विश्वविद्यालय में विशाल धरना-प्रदर्शन
ए ए डी टी ए का दिल्ली विश्वविद्यालय में विशाल धरना-प्रदर्शन

वहीं, इस अवसर पर अनेक शिक्षकों ने अपने विचार व्यक्त किए और डॉ. आदित्य नारायण मिश्रा की मांगों का समर्थन करते हुए कहा कि बारह कॉलेजों में नियुक्ति प्रक्रिया शीघ्र प्रारंभ की जाए तथा कार्यरत शिक्षकों को नियमित किया जाए। धरने के माध्यम से शिक्षकों ने स्पष्ट संदेश दिया कि शिक्षा व्यवस्था की गुणवत्ता बनाए रखने और शिक्षकों के हितों की रक्षा के लिए स्थायी नियुक्तियां अत्यंत आवश्यक हैं। इन बारह कॉलेज के शिक्षकों के जीवन की अँधेरी अब रात ख़त्म होनी चाहिए। होली हो या दिवाली, ईद हो या गुरु पर्व उनका संघर्ष अनवरत बना रहता है जिससे अब उनको निजात मिलनी चाहिए।

डूटा के महासचिव और शिक्षक नेता प्रो बिमलेन्दु तीर्थंकर ने धरने में कहा कि इस मुद्दे को ले कर हाल ही में डूटा ने दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से मुलाक़ात भी की थी। मुख्यमंत्री ने समस्या के निराकरण का आश्वासन भी दिया था परन्तु अब कोरे आश्वासन से काम नहीं चलेगा। इन बारह कॉलेजों के शिक्षकों के जीवन की अँधेरी रात का अंत अब शीघ्र होना चाहिए। नई सुबह आने तक ए ए डी टी ए इन शिक्षकों के संघर्ष में साथ खड़ा है।

ये भी पढ़ें: दिल्ली में हाइड्रोजन बस सेवा की शुरुआत, 15 मई से सेंट्रल विस्टा में दौड़ेंगी ग्रीन शटल बसें

Recent Posts