Gurugram Power Crisis: हरियाणा के गुरुग्राम में भीषण गर्मी के बीच बड़े बिजली संकट की खबर सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि शुक्रवार की शाम से ही शहर के कई इलाकों में घंटों तक बिजली आपूर्ति ठप थी, जिससे हजारों लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। यह भी खबर है कि सेक्टर-72 स्थित 220 केवी पावर स्टेशन के मुख्य ट्रांसफॉर्मर में आग लगने के बाद हालात और बिगड़ गए। आग लगने के तुरंत बाद एहतियात के तौर पर कई फीडर्स की सप्लाई बंद करनी पड़ी, जिसके कारण कई रिहायशी इलाकों में पूरी रात ब्लैकआउट की स्थिति बनी रही।
हाउसिंग सोसाइटियों कई घंटों तक नहीं रही बिजली
जानकारी के मुताबिक, सेक्टर-99, सेक्टर-102 और द्वारका एक्सप्रेसवे के आसपास स्थित कई हाउसिंग सोसाइटियों में करीब 9 से 10 घंटे तक बिजली नहीं रही। भीषण उमस और गर्मी के कारण लोगों का हाल बेहाल हो गया। कई परिवारों ने रात बिना पंखे और एसी के बिताई। बिजली कटौती इतनी लंबी रही कि कई घरों में इनवर्टर भी जवाब दे गए। जिन सोसाइटियों में जनरेटर की व्यवस्था नहीं थी, वहां छोटे बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को सबसे ज्यादा दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
बिजली विभाग पर लापरवाही के आरोप
स्थानीय लोगों का कहना है कि रात करीब देर तक बिजली नहीं आने से लोगों में नाराजगी बढ़ती गई। कई निवासियों ने सोशल मीडिया पर अपनी परेशानी साझा करते हुए बिजली विभाग पर लापरवाही के आरोप लगाए। लोगों का कहना था कि हर साल गर्मी के मौसम में ओवरलोडिंग की वजह से बिजली व्यवस्था चरमरा जाती है, लेकिन इसके बावजूद स्थायी समाधान नहीं निकाला जा रहा।

इलाके में अफरा-तफरी का माहौल
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रांसफॉर्मर में अचानक तेज धमाके के साथ आग लगी, जिसके बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग की लपटें काफी दूर तक दिखाई दे रही थीं। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। अधिकारियों ने समय रहते आसपास के सिस्टम को बंद कर दिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
बढ़ती गर्मी और बिजली की भारी मांग
बिजली विभाग के अधिकारियों का कहना है कि लगातार बढ़ती गर्मी और बिजली की भारी मांग के कारण सिस्टम पर दबाव काफी बढ़ गया था। ओवरलोडिंग की वजह से फीडर और केबल का तापमान बढ़ा, जिसके चलते ट्रांसफॉर्मर में आग लग गई। तकनीकी टीम लगातार मरम्मत का काम कर रही है और प्रभावित इलाकों में बिजली बहाल करने की कोशिश की जा रही है।
बिजली इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने की मांग
इस घटना के बाद गुरुग्राम की बिजली व्यवस्था (Power System) पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। तेजी से विकसित हो रहे शहर में लगातार बढ़ती आबादी और नई हाउसिंग सोसाइटियों के बावजूद बिजली इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने की मांग लंबे समय से उठती रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि स्मार्ट सिटी बनने की दिशा में आगे बढ़ रहे गुरुग्राम में इस तरह का बिजली संकट चिंता का विषय है।
गर्मियों में बिजली की मांग रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचने के कारण ट्रांसफॉर्मर और पावर स्टेशन पर अतिरिक्त दबाव पड़ रहा है। यदि समय रहते पावर इंफ्रास्ट्रक्चर को अपग्रेड (Upgrading Power Infrastructure) नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में ऐसे संकट और बढ़ सकते हैं। फिलहाल प्रशासन हालात पर नजर बनाए हुए है और प्रभावित इलाकों में बिजली सप्लाई सामान्य करने का प्रयास जारी है।
ये भी पढ़ें: भयंकर गर्मी में रामबाण हैं ये 5 देसी ड्रिंक्स, शरीर को देंगे AC जैसी ठंडक






