Weather Forecast Today: देशभर में मौसम का मिजाज अचानक से बदल गया है। दरअसल, आज दिल्ली समेत कई बड़े राज्यों में तेज आंधी के साथ भारी बारिश होने से मौसम ठंड हो गया है। बताया जा रहा है कि दक्षिण-पश्चिम मानसून के सक्रिय होने के साथ ही कई राज्यों में बारिश, आंधी और गरज-चमक की गतिविधियां बढ़ गई हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 5 जून के लिए दिल्ली-NCR समेत देश के 19 राज्यों में खराब मौसम का अलर्ट (Weather Alert) जारी किया है।
मौसम विभाग के अनुसार कई इलाकों में तेज हवाएं, भारी बारिश हो सकती है। ऐसे में यहां जानें अपने शहर का हाल
दिल्ली-NCR में बदलेगा मौसम
मौसम विभाग के मुताबिक, राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में शुक्रवार को मौसम पूरी तरह बदला हुआ नजर आ सकता है। सुबह से दोपहर के बीच हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
वहीं, शाम और रात के समय एक बार फिर मौसम करवट ले सकता है। गरज-चमक के साथ बारिश का दूसरा दौर शुरू होने की संभावना जताई गई है। इससे लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी। दिल्ली का अधिकतम तापमान 38 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।
19 राज्यों में आंधी और बारिश का अलर्ट
IMD ने देश के करीब 19 राज्यों में तेज आंधी, बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग का कहना है कि कई स्थानों पर हवाओं की रफ्तार 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत के राज्यों में मौसम का असर ज्यादा देखने को मिलेगा। असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश और उत्तरी आंतरिक कर्नाटक में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है। इन इलाकों में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

हिमालयी राज्यों में ओलावृष्टि की संभावना
उत्तर भारत के पर्वतीय क्षेत्रों में भी मौसम खराब रह सकता है। उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश और ओलावृष्टि होने की संभावना है। मौसम विभाग का कहना है कि खराब मौसम के कारण पहाड़ी इलाकों में यात्रा करने वाले लोगों को अतिरिक्त सावधानी बरतनी चाहिए। स्थानीय प्रशासन को भी सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।
पंजाब, हरियाणा, यूपी और बिहार में भी असर
पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और बिहार के कई जिलों में भी बारिश और तेज हवाओं का अनुमान है। इन राज्यों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
बिहार में मौसम विभाग ने एक और महत्वपूर्ण चेतावनी जारी की है। अनुमान है कि 6 जून से राज्य के कुछ हिस्सों में लू जैसी स्थिति बन सकती है। ऐसे में लोगों को गर्मी और बदलते मौसम दोनों से सावधान रहने की जरूरत है।
मानसून ने पकड़ी रफ्तार
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून ने केरल में प्रवेश कर लिया है और अब यह धीरे-धीरे देश के अन्य हिस्सों की ओर बढ़ रहा है। अगले 24 घंटों में मानसूनी गतिविधियों में और तेजी आने की संभावना है।
मानसून की सक्रियता बढ़ने से दक्षिण और पूर्वोत्तर भारत में अच्छी बारिश दर्ज की जा सकती है। इससे कृषि क्षेत्र को भी फायदा मिलने की उम्मीद है। हालांकि कई इलाकों में तेज हवाओं और भारी बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित हो सकता है।
मछुआरों के लिए विशेष चेतावनी
मौसम विभाग ने समुद्री क्षेत्रों के लिए भी अलर्ट जारी किया है। केरल, कर्नाटक, लक्षद्वीप और बंगाल की खाड़ी के कुछ हिस्सों में समुद्र की स्थिति खतरनाक बनी रह सकती है। इसी वजह से मछुआरों को 9 जून तक समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है। तेज हवाओं और ऊंची लहरों के कारण समुद्री गतिविधियां प्रभावित हो सकती हैं।
लोगों के लिए जरूरी सलाह
मौसम विभाग ने खराब मौसम को देखते हुए लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है। आंधी और बिजली गिरने की स्थिति में खुले स्थानों से दूर रहें। तेज हवाओं के दौरान पेड़ों और कमजोर संरचनाओं के पास खड़े होने से बचें। यात्रा पर निकलने से पहले स्थानीय मौसम अपडेट जरूर जांच लें। बदलते मौसम के बीच प्रशासन और आपदा प्रबंधन एजेंसियां भी पूरी तरह सतर्क हैं ताकि किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।
ये भी पढ़ें: लालू-राबड़ी की जेड+ सुरक्षा हटी, तेजस्वी यादव की Y+ सुरक्षा बरकरार, पढ़ें पूरी डिटेल






