India Nuclear Weapons: भारत ने पहली बार तैनात किए 12 परमाणु हथियार, SIPRI रिपोर्ट से हुआ बड़ा खुलासा

India Nuclear Weapons

India Nuclear Weapons: भारत ने शांतिकाल के दौरान पहली बार 12 परमाणु हथियारों की तैनाती कर दुनिया को अपनी ताकत का लोहा दिखाया। परमाणु बम की यह अहम जानकारी स्वीडन के प्रतिष्ठित थिंक टैंक स्टॉकहोम इंटरनेशनल पीस रिसर्च इंस्टीट्यूट (SIPRI) की नई रिपोर्ट से पता चली है। दरअसल, SIPRI Yearbook 2026 में कहा गया है कि दुनिया भर में परमाणु हथियारों पर देशों की निर्भरता लगातार बढ़ रही है और कई देश अपनी परमाणु क्षमताओं को मजबूत करने में जुटे हुए हैं।

भारत के 12 परमाणु वॉरहेड तैनात

इस रिपोर्ट के अनुसार, जनवरी 2026 तक भारत के 12 परमाणु वॉरहेड तैनात स्थिति में थे। SIPRI का कहना है कि शांतिकाल में भारत द्वारा इतनी संख्या में परमाणु हथियारों की तैनाती पहली बार देखने को मिली। इससे पहले भारत अपनी परमाणु नीति के तहत सीमित तैनाती और न्यूनतम प्रतिरोधक क्षमता पर हमेशा जोर देता रहा है।

SIPRI की रिपोर्ट के अनुसार, चीन ने अपने तैनात परमाणु वॉरहेड की संख्या 2025 में 24 से बढ़ाकर 2026 में 34 कर दी है। यह एक साल के भीतर 10 वॉरहेड की वृद्धि को दर्शाता है। ऐसे में यह माना जाता है कि एशिया में सामरिक संतुलन को देखते हुए चीन लगातार अपनी परमाणु क्षमताओं का विस्तार कर रहा है।

दुनिया में सिर्फ 9 देशों के पास परमाणु हथियार

रिपोर्ट के द्वारा जारी किए गए आंकड़ो के अनुसार है दुनिया में कुल 9 देश ऐसे हैं जिनके पास परमाणु हथियार मौजूद हैं। इनमें अमेरिका, रूस, ब्रिटेन, फ्रांस, चीन, भारत, पाकिस्तान, उत्तर कोरिया और इजरायल शामिल हैं। ये सभी देश अपनी सुरक्षा रणनीति में परमाणु हथियारों को महत्वपूर्ण भूमिका देते हैं।

SIPRI के अनुसार, जनवरी 2026 तक दुनिया में कुल 12,187 परमाणु वॉरहेड मौजूद थे। इनमें से लगभग 9,745 वॉरहेड सैन्य भंडार में रखे गए हैं, जिन्हें आवश्यकता पड़ने पर इस्तेमाल किया जा सकता है। वहीं करीब 4,012 वॉरहेड मिसाइलों और विमानों के साथ तैनात स्थिति में हैं।

2,200 परमाणु वॉरहेड हाई ऑपरेशनल अलर्ट पर

रिपोर्ट में कहा गया है कि दुनिया भर में 2,100 से 2,200 परमाणु वॉरहेड ऐसे हैं जिन्हें हाई ऑपरेशनल अलर्ट (High Operational Alert) पर रखा गया है। इसका मतलब है कि जरूरत पड़ने पर इन्हें बहुत कम समय में इस्तेमाल किया जा सकता है। इनमें से अधिकांश परमाणु हथियार अमेरिका और रूस के पास हैं।

तैनात परमाणु वॉरहेड (Nuclear Warhead) की संख्या के मामले में रूस और अमेरिका अभी भी दुनिया में सबसे आगे हैं। SIPRI के आंकड़ों के अनुसार रूस के पास 1,796 और अमेरिका के पास 1,770 तैनात परमाणु वॉरहेड हैं। इसके अलावा फ्रांस के पास 280 और ब्रिटेन के पास 120 तैनात परमाणु वॉरहेड मौजूद हैं।

भारत परमाणु वॉरहेड मिसाइलों पर तैनात

रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि चीन और भारत अब शांतिकाल के दौरान सीमित संख्या में परमाणु वॉरहेड मिसाइलों (Nuclear Wrhead Missiles) पर तैनात रखने की क्षमता विकसित कर रहे हैं। हालांकि इन देशों की तैनाती अभी अमेरिका और रूस की तुलना में काफी कम है, लेकिन यह क्षेत्रीय सुरक्षा समीकरणों में बदलाव का संकेत माना जा रहा है।

दुनिया में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव, क्षेत्रीय संघर्ष और सुरक्षा चुनौतियों के कारण परमाणु हथियारों की भूमिका फिर एक बार महत्वपूर्ण होती जा रही है। ऐसे में SIPRI ने चेतावनी दी है कि यदि वैश्विक स्तर पर हथियार नियंत्रण और निरस्त्रीकरण के प्रयास कमजोर पड़ते हैं, तो आने वाले सालों में परमाणु हथियारों की होड़ अधिक तेज हो सकती है।

भारत की ‘नो फर्स्ट यूज’ नीति (India’s ‘No First Use’ Policy)

देखा जाए तो भारत ‘नो फर्स्ट यूज’ (No First Use) यानी पहले परमाणु हमला न करने की नीति का पालन करता है। भारत की परमाणु रणनीति मुख्य रूप से प्रतिरोधक क्षमता बनाए रखने पर आधारित है। ऐसे में 12 तैनात परमाणु वॉरहेड की जानकारी ने अंतरराष्ट्रीय रणनीतिक हलकों का ध्यान आकर्षित किया है।

SIPRI की यह रिपोर्ट ऐसे समय आई है जब दुनिया के कई हिस्सों में सुरक्षा संबंधी चुनौतियां बनी हुई है। रिपोर्ट साफ संकेत देती है कि वैश्विक स्तर पर परमाणु हथियारों का महत्व (Importance of Nuclear Weapons) अभी कम नहीं हुआ है, बल्कि कई देश अपनी सैन्य रणनीतियों में इन्हें पहले से अधिक अहम मान रहे हैं।

ये भी पढ़ें:  PM SVANidhi Yojana से रेहड़ी-पटरी विक्रेताओं को मिला बिना गारंटी लोन, 50 लाख परिवार हुए लाभान्वित, जानें स्कीम की हर एक डिटेल

Recent Posts