International Yoga Day 2026: अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आज 21 जून, 2026 रविवार को राजकीय आयुर्वेद औषधालय (AAM) लिसाड़िया परिसर में भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। बता दें कि सुबह 6 बजे शुरू हुए इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पिछले 50 दिनों से चल रहे नियमित पूर्वाभ्यास के बाद मुख्य दिवस पर पूरा गांव योगमय वातावरण में नजर आया।
मिली जानकारी के अनुसार, इस कार्यक्रम का आयोजन औषधालय प्रभारी डॉ. प्रेम कुमारी दाधीच के निर्देशन में किया गया। इस अवसर पर योग प्रशिक्षक डॉ. अनूप बैरवा तथा महिला योग प्रशिक्षक दिव्यागिरी ने आयुष मंत्रालय द्वारा निर्धारित ‘सामान्य योग प्रोटोकॉल’ के अनुसार उपस्थित लोगों को योगाभ्यास करवाया। योग के प्रति लोगों में विशेष उत्साह देखने को मिला और सभी ने स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।
आयुष योग प्रोटोकॉल के अनुसार कराया गया अभ्यास
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस (International Yoga Day) के मुख्य कार्यक्रम की शुरुआत शिथिलीकरण क्रियाओं से की गई। इसमें गर्दन, कंधे, धड़ और घुटनों के संचालन के माध्यम से शरीर को योग के लिए तैयार किया गया। इसके बाद खड़े होकर किए जाने वाले योगासनों में ताड़ासन, वृक्षासन, पादहस्तासन और अर्ध चक्रासन का अभ्यास कराया गया।
योग प्रशिक्षकों (Yoga Instructors) ने बताया कि ये आसन शरीर के संतुलन, लचीलापन और मानसिक एकाग्रता को बढ़ाने में सहायक होते हैं। इसके बाद बैठकर किए जाने वाले आसनों में भद्रासन, वज्रासन, उष्ट्रासन और शशकासन का अभ्यास करवाया गया। साथ ही इनके स्वास्थ्य संबंधी लाभों की विस्तृत जानकारी भी दी गई।
प्राणायाम और ध्यान से हुआ कार्यक्रम का समापन
कार्यक्रम के दौरान भुजंगासन, शलभासन और पवनमुक्तासन जैसे आसनों का भी अभ्यास कराया गया। मानसिक शांति और तनाव मुक्ति के लिए प्रतिभागियों को शवासन करवाया गया। इसके पश्चात कपालभाति, अनुलोम-विलोम और भ्रामरी प्राणायाम का अभ्यास कराया गया। इस योग सत्र के अंतिम चरण में ध्यान (मेडिटेशन) करवाया गया, जिससे उपस्थित लोगों को मानसिक शांति और सकारात्मक ऊर्जा का अनुभव हुआ। शांति पाठ के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया।
योग के वैज्ञानिक लाभों की दी जानकारी
योग प्रशिक्षकों ने विभिन्न योगासनों और प्राणायाम के वैज्ञानिक तथा शारीरिक लाभों की जानकारी देते हुए बताया कि नियमित योगाभ्यास से शरीर स्वस्थ, मन शांत और जीवन संतुलित रहता है। उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवन जीने की एक संपूर्ण पद्धति है। कार्यक्रम में औषधालय स्टाफ, कम्पाउण्डर और ग्रामवासियों का विशेष सहयोग रहा। सभी प्रतिभागियों ने योग दिवस के अवसर पर प्रतिदिन योग करने और इसे अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।
स्वस्थ भारत के निर्माण में योग की महत्वपूर्ण भूमिका
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस (International Yoga Day) के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम ने ग्रामीण क्षेत्र में स्वास्थ्य जागरूकता को बढ़ावा देने का कार्य किया। ग्रामीणों ने कहा कि योग के माध्यम से वे शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रह सकते हैं। कार्यक्रम ने समाज में योग के प्रति सकारात्मक संदेश देने के साथ-साथ स्वस्थ भारत के निर्माण की दिशा में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया। योग दिवस (Yoga Day) पर लिसाड़िया में आयोजित यह कार्यक्रम उत्साह, अनुशासन और जनभागीदारी का उत्कृष्ट उदाहरण बनकर सामने आया।
ये भी पढ़ें: दुनिया का सबसे महंगा ‘व्हाइट हाउस विमान’ लॉन्च, जानें कीमत, फीचर्स और लग्जरी सुविधाएं






