Kal Ka Mausam: देश के कई हिस्सों में पिछले 24 घंटे से लगातार भारी बारिश हो रही है, जिसके चलते भीषण गर्मी से भी लोगों को काफी हद तक राहत मिली है, लेकिन चारो-तरफ पानी भरने से लोगों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग का कहना है कि दिल्ली-यूपी समेत कई अन्य राज्यों में मानसून ने एक बार फिर से रफ्तार पकड़ ली है। मौसम विभाग (IMD) के पूर्वानुमान के अनुसार, 8 अगस्त को दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, हरियाणा, राजस्थान समेत करीब 16 राज्यों में बारिश और आंधी की चेतावनी जारी की गई है।
IMD की लेटेस्ट अपडेट के मुताबिक, इस दौरान कुछ स्थानों पर 50 से 75 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। ऐसे में यहां जानें अपने शहर के मौसम का हाल (Mausam Ki Jankari) आज कैसा रहने वाला है?
दिल्ली में होगी भारी बारिश
मौसम विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक, दिल्ली-NCR, यूपी और बिहार तक अगले कुछ दिनों तक बारिश के साथ-साथ तेज हवाएं भी चलने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी है। शनिवार के दिन यानी 8 अगस्त के दिन भी दिल्ली के कुछ हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है।
पहाड़ी राज्यों में भारी बारिश और भूस्खलन का खतरा
IMD के अनुसार, अगले 24 घंटे हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर के कई हिस्सों में बारिश के कारण मुश्किलें बढ़ सकती हैं। लगातार बारिश से पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन और सड़कें बाधित होने का खतरा बना हुआ है। शिमला, मंडी, कुल्लू और मनाली जैसे इलाकों में बारिश और तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है। वहीं जम्मू, कठुआ और अनंतनाग में भी मौसम खराब रहने की संभावना है। बारिश के दौरान पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा करने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

दिल्ली-NCR और हरियाणा में कैसा रहेगा आज का मौसम?
मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली-NCR में 8 अगस्त को बादल छाए रहने के साथ कई दौर में बारिश हो सकती है। राजधानी दिल्ली में भारी बारिश के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। वहीं, दिल्ली में आज अधिकतम तापमान करीब 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
इसके अलावा, आज नोएडा और आसपास के इलाकों में भी दिनभर बादल छाए रह सकते हैं। कुछ स्थानों पर तेज बौछारें पड़ने से लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिल सकती है। हरियाणा के अंबाला समेत कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है।
यूपी में आंधी-बारिश का असर
उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में मानसून सक्रिय रहने की संभावना है। राजधानी लखनऊ में आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं। आगरा में तेज हवाओं के साथ बारिश का असर देखने को मिल सकता है। वाराणसी में गंगा के आसपास के इलाकों में आकाशीय बिजली का खतरा बना रह सकता है। कानपुर में भी दिनभर घने बादल छाए रहने और हल्की बारिश होने की संभावना है। पश्चिमी और मध्य यूपी के कुछ इलाकों में तेज बारिश के साथ हवाएं चल सकती हैं।
बिहार में भी बदलेगा मौसम का हाल
बिहार की राजधानी पटना में दोपहर के बाद बादलों की गर्जना के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। गया में घने बादल छाए रहने के साथ कुछ संवेदनशील इलाकों में बिजली गिरने का खतरा है। भागलपुर में गंगा के आसपास के क्षेत्रों में तेज हवाओं के साथ मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। मुजफ्फरपुर में भी मानसूनी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। बारिश के कारण तापमान में गिरावट और मौसम सुहावना रहने की उम्मीद है।
भारत के इन 16 राज्यों में बारिश-आंधी का अलर्ट
अगले 24 घंटे के दौरान दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, हरियाणा, राजस्थान, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, गुजरात, महाराष्ट्र और केरल में बारिश और तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की गई है। इसके अलावा कर्नाटक और ओडिशा के कुछ हिस्सों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की। असम और पश्चिम बंगाल में भी मानसूनी बारिश का अलर्ट जारी। तटीय इलाकों में तेज हवाओं और ऊंची समुद्री लहरों का खतरा बना रह सकता है। निचले इलाकों में जलभराव और बाढ़ जैसी स्थिति पैदा होने की संभावना जताई जा रही है।






