Kal Ka Mausam: अक्टूबर का महीना जब से शुरु हुआ, तब से भारत के अलग-अलग राज्यों में मौसम का मिजाज दिन पर दिन बदल रहा है। देखा जाए तो जहां उत्तर भारत के कई इलाकों से मानसून की विदाई का दौर जारी है, वहीं दक्षिण भारत और पूर्वोत्तर के कई राज्यों में बारिश का सिलसिला अभी भी बना हुआ है। ऐसे में मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में कई राज्यों में बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है।
वहीं, IMD की लेटेस्ट अपडेट ने दिल्ली-एनसीआर में फिलहाल मौसम अपेक्षाकृत साफ रहने का अनुमान जताया है, लेकिन 9 अक्टूबर के बीच दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़ और पंजाब में बारिश की संभावना है। ऐसे में आइए देशभर में मौसम का हाल (IMD Weather Update) कैसा रहने वाला है?
दिल्ली-एनसीआर में कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली-एनसीआर में 4 अक्टूबर को आसमान साफ रहने की संभावना है। दिल्ली में अधिकतम तापमान 34 से 36 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 22 से 24 डिग्री सेल्सियस के तक रह सकता है। वही, सुबह के समय उत्तर-पश्चिम दिशा से करीब 22 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। दोपहर में हवा की गति बढ़कर करीब 25 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। हालांकि, 6 से 9 अक्टूबर के बीच दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़ और पंजाब में बारिश की चेतावनी जारी की गई है।
उत्तर प्रदेश में बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग के अनुसार, यूपी में जल्द ही मौसम बदलने वाला है। IMD के अनुसार, 4 से 8 अक्टूबर के दौरान उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश हो सकती है। मानसून की वापसी के बीच होने वाली यह बारिश तापमान में बदलाव ला सकती है। खासतौर पर सुबह और शाम के समय मौसम में हल्की ठंडक महसूस हो सकती है।
बिहार में 6 अक्टूबर से बारिश के आसार
इन दिनों बिहार में मानसून (Bihar Monsoon) की गतिविधियां कमजोर पड़ती नजर आ रही हैं, लेकिन अगले कुछ दिनों में राज्य में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार, 6 से 9 अक्टूबर के बीच बिहार के कुछ हिस्सों में बारिश हो सकती है। वहीं झारखंड में 5 से 9 अक्टूबर तक बारिश होने के आसार हैं।
दक्षिण भारत में भारी बारिश का अलर्ट
IMD ने केरल, तमिलनाडु और पुडुचेरी में 4 से 6 अक्टूबर के दौरान भारी बारिश की संभावना जताई है। कर्नाटक में 5 और 6 अक्टूबर को कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। तमिलनाडु और पुडुचेरी में बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की भी संभावना है। इस दौरान हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे और झोंकों के साथ 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
हिमाचल-उत्तराखंड में भी बदलेगा मौसम
वहीं, पहाड़ी राज्यों में भी मौसम सक्रिय बना रह सकता है। हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 5 से 9 अक्टूबर के दौरान कई जगह बारिश होने की चेतावनी जारी की गई है। कुछ इलाकों में आंधी, बिजली गिरने और तेज हवाओं को लेकर भी चेतावनी जारी हुई है। जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में 6 से 8 अक्टूबर के बीच बारिश की संभावना है। यह भी बताया जा रहा है कि अगले 24 घंटे के दौरान से ही इन क्षेत्रों में बादल छाय रहने का सिलसिला शुरू हो सकता है।
पूर्वी और पूर्वोत्तर राज्यों में बारिश
ओडिशा, पश्चिम बंगाल, सिक्किम और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में 4 से 9 अक्टूबर तक बारिश की स्थिति बनी रहेगी। वहीं पूर्वोत्तर राज्यों में भी मौसम सक्रिय रहने की संभावना है। अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में 4 से 9 अक्टूबर के बीच हल्की से छिटपुट बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है।
ये भी पढ़ें: भारतीय महिला हॉकी टीम ने रचा इतिहास, चीन को 1-0 से हराकर 44 साल बाद जीता गोल्ड मेडल






