Heatwave Alert: भारत के कई राज्यों में इन दिनों गर्मी प्रचंड पर है। एक ओर उत्तर भारत में भीषण गर्मी और लू लोगों को परेशान कर रही है, तो दूसरी ओर पूर्वोत्तर और पूर्वी राज्यों में आंधी-तूफान और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले दिनों में तापमान और बढ़ने की संभावना जताई गई है, जबकि कुछ राज्यों में मौसम राहत भी दे सकता है।
बता दें कि मौसम विभाग ने कई बड़े राज्यों में अगले कुछ दिनों तक हीटवेव और बारिश की लेटेस्ट अपडेट जारी कर दी है। यहां पढ़ें IMD की पूरी रिपोर्ट्स
उत्तर भारत में गर्मी का कहर जारी (Heat wave continues in North India)
दिल्ली-एनसीआर समेत पूरे उत्तर भारत में गर्मी अपने चरम पर है। दिल्ली में तापमान (Delhi Temperature) 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है, जिससे लोगों का घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों तक आसमान साफ रहेगा, जिससे गर्मी और बढ़ेगी। हालांकि 26 अप्रैल को हल्के बादल छाने की संभावना है और 15 से 30 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
यूपी में लू की चेतावनी (Heat wave warning in UP)
इन दिनों यूपी में लू का प्रकोप (Heat wave Grips UP) जारी है। खासकर पूर्वी यूपी में 24 से 27 अप्रैल तक लू चलने की संभावना है। वहीं पश्चिमी हिस्सों में भी तापमान में लगातार वृद्धि देखने को मिलेगी। हालांकि 28 और 29 अप्रैल को मौसम करवट ले सकता है, जब कई जिलों में गरज-चमक, तेज हवाएं और हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
बिहार में लू के बाद बारिश की दस्तक (Rain hits Bihar after Heatwave)
मौसम विभाग के द्वारा जारी की गई ताजा अपडेट के मुताबिक, बिहार में 24 और 25 अप्रैल तक लू का असर रहेगा। इसके बाद मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। पटना, गया, भागलपुर और मुजफ्फरपुर जैसे जिलों में 25-26 अप्रैल से आंधी-तूफान, तेज हवाएं और बारिश की संभावना है। इस दौरान 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं और कुछ इलाकों में ओलावृष्टि भी हो सकती है।

पूर्वोत्तर राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट (Heavy rain alert in Northeastern states)
पूर्वोत्तर भारत के कई राज्यों में मौसम विभाग ने भारी बारिश की चेतावनी (Heavy Rain Warning) जारी की है। असम, मेघालय, त्रिपुरा, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और अरुणाचल प्रदेश में 24 से 29 अप्रैल के बीच गरज-चमक, तेज हवाओं और भारी बारिश का अनुमान है। इस दौरान कई इलाकों में तेज आंधी भी चल सकती है।
झारखंड और बंगाल में बदलेगा मौसम
झारखंड और पश्चिम बंगाल में भी 26 से 29 अप्रैल के बीच मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। रांची, जमशेदपुर, बोकारो और कोलकाता समेत कई इलाकों में तेज हवाएं, बारिश और गरज-चमक की संभावना है। कुछ जगहों पर ओलावृष्टि भी हो सकती है, जिससे तापमान में गिरावट आएगी।
उत्तराखंड और हिमाचल में राहत के आसार
उत्तराखंड में 25 से 29 अप्रैल के बीच हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाओं का अनुमान है। देहरादून, नैनीताल और हरिद्वार में मौसम सुहावना हो सकता है। पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी की भी संभावना जताई गई है। वहीं, हिमाचल प्रदेश के शिमला, मनाली और धर्मशाला जैसे क्षेत्रों में भी बारिश और बर्फबारी का अलर्ट जारी किया गया है, जिससे तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी।
जम्मू-कश्मीर में मौसम का हाल (Weather condition in Jammu and Kashmir)
जम्मू-कश्मीर में मौसम का असर अलग-अलग क्षेत्रों में अलग रहेगा। जम्मू में तापमान 38-39°C तक जा सकता है, जिससे गर्मी महसूस होगी। वहीं श्रीनगर में दोपहर बाद आंधी-तूफान और बारिश की संभावना है, जिससे मौसम ठंडा हो सकता है।
राजस्थान में पारा 45 डिग्री के पार
राजस्थान में गर्मी का प्रकोप (Heat wave in Rajasthan) सबसे ज्यादा देखने को मिल सकता है। जयपुर, जोधपुर, बीकानेर और कोटा में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है। दिन ही नहीं, रात में भी गर्म हवाएं लोगों को परेशान करेंगी।






