Weather Alert: पिछले कुछ दिनों से भारत के विभिन्न राज्यों में बारिश का सिलसिला जारी है। देखा जाए तो दिल्ली और इसके आस-पास सटे इलाकों में भी बीते कुछ दिनों से लगातार बारिश हो रही है, जिसके चलते मौसम ठंडा बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटे के दौरान जम्मू-कश्मीर-लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड समेत मैदानी इलाकों में बारिश, बर्फबारी, आंधी-तूफान और ओलावृष्टि की संभावना जताई है।
इन राज्यों में बारिश का अलर्ट
भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में 28 जनवरी को हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवाएं चल सकती हैं। पश्चिमी उत्तर प्रदेश और राजस्थान में भी इसी दिन 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाओं के साथ तूफानी मौसम रहने के आसार हैं। पूर्वी उत्तर प्रदेश में 28 जनवरी को बारिश और आंधी-तूफान की संभावना जताई गई है। मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में 28 जनवरी को कुछ इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग ने 28 जनवरी को हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पूर्वी राजस्थान और पश्चिमी मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में ओलावृष्टि की भी चेतावनी दी है। वहीं 28 जनवरी को बिहार में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश और सिक्किम में ओलावृष्टि की संभावना है।
शीतलहर और घने कोहरे की चेतावनी
IMD के द्वारा जारी की गई ताजा अपडेट के अनुसार, 28 से 30 जनवरी के बीच हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, बिहार और उत्तराखंड के कुछ इलाकों में घने कोहरे की संभावना है। हिमाचल प्रदेश, पंजाब और हरियाणा में शीतलहर चल सकती है और साथ ही इस दौरान हिमाचल प्रदेश के कुछ इलाकों में ‘कोल्ड डे’ की स्थिति रह सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार, 30 जनवरी की रात से 1 और 2 फरवरी को उत्तर-पश्चिम भारत में एक बार फिर बारिश और बर्फबारी का दौर देखने को मिल सकता है।
ये भी पढ़ें: कार, शराब, दवा समेत ये चीजें होंगी सस्ती, 18 साल बाद हुआ ऐतिहासिक समझौता






