Weather Alert: देश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज (Mausam ka Mizaaj) फरवरी की 1 तारीख से बदल रहा है। ऐसे में मौसम विभाग ने 1 से 3 फरवरी 2026 के बीच उत्तर भारत, मध्य भारत और पहाड़ी राज्यों के लिए बारिश, बर्फबारी, तेज हवाओं, ओलावृष्टि और घने कोहरे को लेकर चेतावनी जारी की है। साथ ही, IMD ने दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ समेत कई राज्यों अगले 24 घंटे के दौरान भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।
3 फरवरी तक बारिश और बर्फबारी का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार, 1 से 3 फरवरी के दौरान जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है। इस दौरान कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बिजली गिर सकती है। साथ ही 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
दिल्ली-हरियाणा और इन राज्यों में होगी बारिश
IMD की रिपोर्ट के मुताबिक, अगले 24 घंटे के दौरान दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और मध्य प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं। उत्तर प्रदेश और पूर्वी राजस्थान में 2 और 3 फरवरी को गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। इसके अलावा 2 फरवरी को मध्य महाराष्ट्र में भी बारिश और तेज हवाओं की संभावना जताई गई है।

किसानों के लिए जरूरी सलाह
मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटे में पश्चिमी उत्तर प्रदेश और पूर्वी राजस्थान के कुछ इलाकों में ओलावृष्टि हो सकती है। इससे फसलों को नुकसान पहुंचने की आशंका है, इसलिए किसानों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
IMD की रिपोर्ट के अनुसार, विदर्भ और छत्तीसगढ़ में अगले 2 दिनों में न्यूनतम तापमान 2 से 3 डिग्री तक बढ़ सकता है। वहीं, महाराष्ट्र में अगले 4 दिनों तक तापमान में 2 से 3 डिग्री की बढ़ोतरी होने के बाद मौसम स्थिर रहने की संभावना है। देश के बाकी हिस्सों में न्यूनतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं जताई गई है।
इसके अलावा, घने कोहरे को लेकर भी चेतावनी जारी की गई है। पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में 3 फरवरी तक सुबह और रात के समय घना कोहरा छा सकता है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 5 फरवरी तक कुछ इलाकों में घना कोहरा रहने की आशंका है। पश्चिमी राजस्थान, मध्य प्रदेश, बिहार और असम-मेघालय में 2 फरवरी तक कोहरे का असर दिख सकता है। वहीं उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम और ओडिशा में 3 फरवरी तक तथा पूर्वी राजस्थान में 3 से 5 फरवरी के बीच घना कोहरा छाने की संभावना है।
ये भी पढ़ें: किस राशि की चमकेगी किस्मत और किसे बरतनी होगी सावधानी, जानें राशिफल






