Weather Forecast: फरवरी का पहला सप्ताहा जैसे ही खत्म हो गया है। इसी के साथ भारत के कई राज्यों में अब ठंड भी लगभग खत्म होती सी नजर आ रही है। ऐसे में देखा जाए तो एक बार फिर मौसम करवट लेने वाला है। मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार 9 से 11 फरवरी के बीच उत्तर भारत के पहाड़ी इलाकों में बारिश और बर्फबारी का दौर देखने को मिल सकता है, जबकि मैदानी इलाकों में तेज हवाओं और कोहरे की स्थिति बनी रह सकती है।
IMD की लेटेस्ट अपडेट के मुताबिक, यहां अपने शहर के मौसम का हाल आज और आने वाले कुछ दिनों तक कैसा रहने वाला है।
पहाड़ी राज्यों में बारिश और बर्फबारी की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद के साथ-साथ हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 9 से 11 फरवरी के दौरान कहीं-कहीं से लेकर कई जगहों पर बारिश और बर्फबारी होने की संभावना जताई गई है। IMD के मुताबिक, 10 फरवरी को जम्मू-कश्मीर और आसपास के इलाकों में मौसम और ज्यादा सक्रिय रहेगा। इस दौरान कई स्थानों पर बारिश या बर्फबारी के साथ गरज-चमक, बिजली गिरने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
उत्तर-पश्चिम भारत में तेज सतही हवाएं
मौसम विभाग ने अगले 2 से 3 दिनों तक उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज सतही हवाएं चलने की संभावना जताई है। इससे तापमान में हल्की ठंडक बनी रह सकती है और खुले इलाकों में सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

न्यूनतम तापमान का पूर्वानुमान
- IMD का कहना है कि उत्तर-पश्चिम भारत में अगले 4 दिनों तक न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। इसके बाद तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की धीरे-धीरे बढ़ोतरी हो सकती है।
- मध्य भारत में भी अगले 3 दिनों तक न्यूनतम तापमान स्थिर रहने की संभावना है, जबकि उसके बाद 2 डिग्री सेल्सियस तक की हल्की बढ़ोतरी हो सकती है।
- पूर्वी भारत में अगले 24 घंटों के दौरान न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है, हालांकि उसके बाद लगभग एक हफ्ते तक तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा।
- महाराष्ट्र में अगले 3 दिनों तक न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, लेकिन इसके बाद 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की जा सकती है।
कोहरा और ठंडे दिन की चेतावनी
मौसम विभाग के अनुसार, हिमाचल प्रदेश में 8 फरवरी तक सुबह और रात के समय कुछ स्थानों पर घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे ताजा मौसम अपडेट पर नजर रखें और आवश्यक सावधानियां अपनाएं, खासकर पहाड़ी और कोहरे से प्रभावित इलाकों में यात्रा करते समय कई बातों का ध्यान रखें।
ये भी पढ़ें: वैलेंटाइन वीक की शुरुआत, रिश्तों, भावनाओं और फैसलों की होगी असली परीक्षा






