Weather Forecast Today: देश में अगले 24 घंटे से लेकर आने वाले कुछ दिनों तक IMD ने मौसम का अलर्ट जारी किया है। दरअसल, भारत के कई हिस्सों में सितंबर के दूसरे सप्ताह मानसून सक्रिय रहने वाला है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 10 से 15 सितंबर के बीच उत्तर भारत, मध्य भारत और पूर्वी भारत के कई राज्यों में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रह सकता है। कुछ इलाकों में भारी बारिश होने की भी संभावना जताई गई है। वहीं, कई राज्यों में गरज-चमक और आकाशीय बिजली को लेकर भी चेतावनी जारी की गई है।
ऐसे में आइए मौसम विभाग के द्वारा यहां जानें भारत के विभिन्न राज्यों में मौसम की स्थिति कैसी रहने वाली है?
दिल्ली-NCR समेत उत्तर भारत में बारिश का दौर
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर-पश्चिम भारत के कई राज्यों में अगले कुछ दिनों तक बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं। जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद में 10 से 15 सितंबर तक अलग-अलग स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। हिमाचल प्रदेश में 10 से 13 सितंबर और फिर 14-15 सितंबर को बारिश का असर बढ़ने की संभावना है।
उत्तराखंड में 10 सितंबर और 15 सितंबर को बारिश हो सकती है। वहीं 11 से 14 सितंबर के दौरान यहां कई स्थानों पर व्यापक बारिश होने का अनुमान है। मौसम विभाग ने उत्तराखंड में 10 से 13 सितंबर के बीच कुछ स्थानों पर भारी बारिश की चेतावनी भी दी है। इस दौरान 10 से 14 सितंबर तक गरज-चमक और बिजली गिरने की घटनाएं भी हो सकती हैं।
दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़ और पंजाब में 10 से 15 सितंबर के बीच अलग-अलग स्थानों पर बारिश का अनुमान है। हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में 14-15 सितंबर को कुछ इलाकों में भारी बारिश हो सकती है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में 9-15 सितंबर और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 11-15 सितंबर के बीच बारिश होने की संभावना है। पूर्वी राजस्थान में 10 सितंबर और 11-15 सितंबर के दौरान बारिश हो सकती है, जबकि पश्चिमी राजस्थान में 12-15 सितंबर तक बारिश का दौर रह सकता है।
मध्य भारत में होगी बारिश
मध्य प्रदेश, विदर्भ और छत्तीसगढ़ में भी मानसून सक्रिय रहने की संभावना है। पश्चिमी मध्य प्रदेश में 10 से 11 सितंबर तक बारिश के बाद 12 से 15 सितंबर के बीच कई स्थानों पर व्यापक बारिश हो सकती है। पूर्वी मध्य प्रदेश और विदर्भ में 11 से 14 सितंबर के दौरान कई जगह बारिश होने का अनुमान है।
छत्तीसगढ़ में 10 से 15 सितंबर के बीच व्यापक बारिश की संभावना है। यहां 10-11 सितंबर और 13 सितंबर को भारी बारिश हो सकती है। 12 सितंबर को कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश की चेतावनी है। पूर्वी और पश्चिमी मध्य प्रदेश में 10 से 13 सितंबर के बीच गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना बनी रहेगी।
ओडिशा में भारी बारिश का अलर्ट
IMD के मुताबिक, इन दिनों पूर्वी भारत में भी बारिश का असर देखने को मिलेगा। अंडमान और निकोबार द्वीप समूह तथा उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 10 से 15 सितंबर तक कई स्थानों पर बारिश जारी रह सकती है। गंगीय पश्चिम बंगाल, झारखंड और ओडिशा में 10 से 12 सितंबर तक व्यापक बारिश होने का अनुमान है। बिहार में 10 सितंबर को कई स्थानों पर बारिश हो सकती है, जबकि 10 से 15 सितंबर के बीच अलग-अलग इलाकों में बारिश जारी रह सकती है।
ओडिशा में मौसम को लेकर खास सतर्कता की जरूरत है। 10 और 11 सितंबर को कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश हो सकती है, जबकि 10 सितंबर को अत्यंत भारी बारिश की संभावना जताई गई है। इसके अलावा 12 सितंबर को भी भारी बारिश हो सकती है। ओडिशा, पश्चिम बंगाल और झारखंड में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने की भी संभावना है।
लोगों को सावधानी बरतने की सलाह
मौसम विभाग के अनुसार, बारिश और आकाशीय बिजली के दौरान लोगों को खुले स्थानों पर जाने से बचना चाहिए। पहाड़ी इलाकों में रहने वाले लोगों को भारी बारिश के दौरान अतिरिक्त सतर्क रहने की जरूरत है। वहीं, निचले इलाकों में जलभराव और यातायात प्रभावित होने की स्थिति बन सकती है।
ये भी पढ़ें: सत्य निकेतन हादसे के बाद 24 इमारतों पर चला बुलडोजर, 7 सील, 35 को नोटिस






