Aaj ke Mausam ka haal: उत्तर भारत में मौसम का मिजाज दिन पर दिन बदल रहा है। मौसम विभाग ने 5 अप्रैल से दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, मध्य प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर और पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों में तेज आंधी-तूफान और बारिश का अलर्ट जारी किया है। साथ ही इस दौरान कई जगहों पर तेज हवाएं और बौछारें हो सकती हैं।
दिल्ली-एनसीआर का मौसम
IMD की लेटेस्ट अपडेट के मुताबिक, दिल्ली-एनसीआर में 8 अप्रैल तक मौसम अस्थिर रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, 5 और 6 अप्रैल को मौसम थोड़ा साफ रहेगा, लेकिन 7 और 8 अप्रैल को फिर से बादल छाए रहेंगे और बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें हो सकती हैं। तेज हवाओं और बदलते मौसम के कारण लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है।
उत्तर प्रदेश में मौसम का हाल
उत्तर प्रदेश में भी मौसम बिगड़ने की संभावना है। मौसम विभाग ने लखनऊ, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, अलीगढ़, बुलंदशहर, फिरोजाबाद, महोबा, झांसी, जालौन, हमीरपुर, हरदोई और कानपुर में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। तेज हवाओं के साथ बारिश होने की वजह से यातायात और स्थानीय जीवन प्रभावित हो सकता है।

बिहार का मौसम
बिहार में पटना, पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, भोजपुर, गया, रोहतास, कैमूर और औरंगाबाद जिलों में मध्यम से भारी बारिश की संभावना है। IMD ने बताया कि आने वाले दिनों में बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है।
हिमाचल प्रदेश में मौसम का मिजाज
हिमाचल प्रदेश के मैदानी और पहाड़ी इलाकों में मौसम तेजी से बदल सकता है। ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर और कांगड़ा, मंडी, कुल्लू, शिमला में 5 अप्रैल की शाम से गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और बारिश होने की संभावना है। 8 अप्रैल से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के कारण हल्की से मध्यम बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी भी हो सकती है।
जम्मू-कश्मीर में मौसम का हाल
जम्मू-कश्मीर में 5 से 15 अप्रैल तक मौसम अस्थिर रह सकता है। 8-9 अप्रैल को कुछ जगहों पर हल्की बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है। भारी बारिश से बाढ़, भूस्खलन और पत्थर गिरने जैसी घटनाओं का खतरा बना रह सकता है।
उत्तराखंड में मौसम का हाल
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तराखंड में 5 अप्रैल को गरज, बिजली और तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। नैनीताल, चमोली, बागेश्वर, पिथौरागढ़, रुद्रप्रयाग, अल्मोड़ा, चंपावत, उधम सिंह नगर और टिहरी गढ़वाल में भारी बारिश का अलर्ट है।
ये भी पढ़ें: Solar Dryer Scheme से किसानों को मिलेगी नई ताकत, ₹1.40 लाख तक का अनुदान, आमदनी में होगा इजाफा






