Free Medical Camp: आज अटल भारत सम्मान फाउंडेशन की ओर से उत्तर प्रदेश के डीएलएफ साहिबाबाद क्षेत्र में एक नि:शुल्क चिकित्सा शिविर (Free Medical Camp) का सफल आयोजन किया गया। इस शिविर का उद्देश्य आम लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना और समय रहते बीमारियों की जांच करना रहा। सुबह से ही शिविर में लोगों की अच्छी खासी भीड़ देखने को मिली और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग स्वास्थ्य जांच कराने पहुंचे।
कैप में नि:शुल्क हुई जांच
इस फ्री मेडिकल कैंप में आंखों की जांच के साथ-साथ खून से जुड़ी कई अहम जांचें नि:शुल्क की गईं। इनमें शुगर, सीबीसी (CBC), कोलेस्ट्रॉल, थायरॉयड, मलेरिया एंटीजन और ब्लड प्रेशर (बीपी) की जांच शामिल रही। विशेषज्ञ डॉक्टरों और प्रशिक्षित मेडिकल स्टाफ की टीम ने पूरे दिन लोगों की जांच की और उन्हें जरूरी सलाह भी दी। इस शिविर का लाभ करीब 105 लोगों ने उठाया, जिनमें बुजुर्गों, महिलाओं और युवाओं की अच्छी भागीदारी रही।
उपस्थित अतिथि
चिकित्सा कैंप के दौरान अटल भारत सम्मान फाउंडेशन की राष्ट्रीय टीम के कई वरिष्ठ पदाधिकारी भी मौजूद रहे। इस अवसर पर फाउंडेशन की राष्ट्रीय मंत्री सोनिया राणावत, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष डॉ. आदित्य स्वरूप भारद्वाज, राष्ट्रीय महासचिव डॉ. बिपिन पयाल, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्रीमती रेखा मान, राष्ट्रीय सचिव कामिल सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। सभी पदाधिकारियों ने शिविर में आए लोगों से बातचीत की और फाउंडेशन के सामाजिक कार्यों की जानकारी भी साझा की।

समय-समय पर आयोजित होंगे कैंप
इस नि:शुल्क चिकित्सा शिविर का नेतृत्व स्वयं अटल भारत सम्मान फाउंडेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष द्वारा किया गया। उन्होंने कहा कि फाउंडेशन का मुख्य उद्देश्य समाज के हर वर्ग तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है, खासकर उन लोगों तक जो आर्थिक कारणों से नियमित जांच नहीं करा पाते। उन्होंने बताया कि समय-समय पर ऐसे कैंप आयोजित कर लोगों को जागरूक किया जाएगा ताकि बीमारियों की पहचान शुरुआती स्तर पर ही हो सके।
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने यह भी जानकारी दी कि फाउंडेशन भविष्य में भी इसी तरह के सामाजिक और स्वास्थ्य से जुड़े कार्यक्रम करता रहेगा। इसी कड़ी में आगामी 19 फरवरी को अटल भारत सम्मान फाउंडेशन द्वारा दिल्ली पुलिस हेड ऑफिस में भी एक फ्री चिकित्सा कैंप आयोजित किया जाएगा। इस शिविर में भी विभिन्न प्रकार की स्वास्थ्य जांच नि:शुल्क की जाएंगी।
स्थानीय लोगों ने अटल भारत सम्मान फाउंडेशन के इस प्रयास की सराहना की और कहा कि ऐसे कैंप समाज के लिए बेहद उपयोगी हैं। फाउंडेशन की टीम ने अंत में सभी डॉक्टरों, स्वयंसेवकों और सहयोग करने वाले लोगों का आभार व्यक्त किया।
ये भी पढ़ें: उत्तर भारत में बदलेगा मौसम का मिजाज, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख समेत कई राज्यों में बारिश-बर्फबारी की चेतावनी






