Delhi-NCR Alert: पिछले 24 घंटे के दौरान दिल्ली-NCR में मौसम ने अचानक करवट ली और कई इलाकों में झमाझम बारिश हुई। बारिश के बाद लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली, लेकिन आने वाले दिनों में मौसम की मार का सामना करना पड़ सकता है। दरअसल, भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 2 सितंबर को दिल्ली समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में तेज बारिश, आंधी और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की है।
मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली और इसके आस-पास सटे कई इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावनाएं हैं, जबकि कुछ स्थानों पर हवा की गति 70 से 75 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। ऐसे में आइए यहां जानें अपने शहर के मौसम से जुड़ी लेटेस्ट अपडेट
दिल्ली-NCR में मौसम का हाल
दिल्ली-NCR में मंगलवार को हुई भारी बारिश के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई और मौसम सुहावना हो गया। हालांकि, बुधवार को भी राजधानी के इलाकों में बारिश का दौर बने रहने की चेतावनी जारी की गई है। वहीं, IMD ने दिल्ली-NCR में तेज बारिश के साथ आंधी का अलर्ट जारी किया है। ऐसे में लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
यूपी में भी बारिश और आंधी का अलर्ट
मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तर प्रदेश के कई जिलों में 2 सितंबर को मौसम खराब रहने की संभावना है। मेरठ, गाजियाबाद, गौतमबुद्ध नगर, मुरादाबाद, मथुरा और आगरा समेत कई जिलों में तेज बारिश के साथ आंधी चल सकती है। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई हिस्सों में बाढ़ जैसे हालात को लेकर भी चेतावनी जारी की है। वहीं, यूपी के कुछ जिलों में 6 सितंबर तक मौसम का असर देखने को मिल सकता है।
बिहार और झारखंड में मौसम के हालात
बिहार में भी बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी रहने की संभावना है। सिवान, गया, जहानाबाद, पटना, गोपालगंज समेत कई जिलों में आंधी के साथ बारिश हो सकती है।
वहीं, झारखंड के कई जिलों में भी भारी बारिश (Heavy Rain) की संभावना जताई गई है। देवघर, दुमका, बोकारो, हजारीबाग, रांची और धनबाद समेत कई इलाकों में तेज बारिश हो सकती है। लगातार बारिश के कारण निचले इलाकों में पानी भरने की समस्या भी सामने आ सकती है।
पहाड़ी इलाकों में लैंडस्लाइड का खतरा
मौसम विभाग के द्वारा जारी की गई ताजा अपडेट के मुताबिक, अगले 24 घंटे के दौरान मैदानी इलाकों के अलावा पहाड़ी राज्यों में मौसम का अलर्ट जारी किया गया है। उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में तेज बारिश के कारण मुश्किलें बढ़ सकती हैं। उत्तराखंड के चमोली, अल्मोड़ा, बागेश्वर, नैनीताल, पिथौरागढ़, टिहरी गढ़वाल, हरिद्वार, ऋषिकेश, पौड़ी गढ़वाल और रुद्रप्रयाग में तेज बारिश और आंधी की चेतावनी है।
हिमाचल प्रदेश में कांगड़ा, चंबा, किन्नौर, मंडी, ऊना, हमीरपुर, सोलन, लाहौल-स्पीति, शिमला और कुल्लू में भी बारिश का असर देखने को मिल सकता है। देखा जाए तो लगातार बारिश के चलते पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन का खतरा बढ़ गया है। वहीं जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़, पुंछ, बारामूला, अनंतनाग और रियासी समेत कई इलाकों में भी तेज बारिश की संभावना है।
ये भी पढ़ें: दिल्ली से पटना 4.5 घंटे में होगा सफर, यूपी के इन शहरों से होकर गुजरेगी बुलेट ट्रेन






