IMD Forecast: देश के अलग-अलग राज्यों में मौसम का रंग अलग-अलग नजर आने लगा है। पहाड़ों पर ठंड और बर्फबारी का असर है, तो मैदानी इलाकों में तापमान बढ़ने के संकेत मिल रहे हैं। इसी बीच कई राज्यों में बारिश, आंधी और बिजली गिरने की चेतावनी ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। ऐसे में आइए मौसम विभाग के द्वारा जारी की गई ताजा अपडेट के बारे में यहां विस्तार से जानें…
इन राज्यों में बारिश और आंधी की चेतावनी
आईएमडी के मुताबिक, अगले 24 घंटे के दौरान अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान गरज-चमक, बिजली गिरने और 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।
IMD की रिपोर्ट के अनुसार, 27 और 28 फरवरी को सब-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भी हल्की से मध्यम बारिश के साथ आंधी-तूफान की चेतावनी जारी की गई है। वहीं अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय, नागालैंड, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल, तटीय आंध्र प्रदेश और यानम, तेलंगाना और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना है। इसके अलावा केरल और माहे में 28 फरवरी के बीच आंधी और बारिश का असर देखने को मिल सकता है।

पहाड़ी राज्यों में बारिश और बर्फबारी
IMD की रिपोर्ट के अनुसार, उत्तर भारत के पहाड़ी इलाकों में मौसम सर्द बना रहेगा। 27 फरवरी को जम्मू-कश्मीर में हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना है। वहीं 27 फरवरी कोहिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी हल्की बारिश या बर्फ गिर सकती है। इसके साथ ही 2 से 4 मार्च के बीच जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में एक बार फिर हल्की से बिखरी हुई बारिश और बर्फबारी का अनुमान है।
मौसम विभाग के अनुसार, पंजाब के कुछ इलाकों में सुबह के समय 28 फरवरी तक घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। इससे सड़क और रेल यातायात प्रभावित हो सकता है। लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
तापमान का पूर्वानुमान (Temperature forecast)
आईएमडी के अनुसार उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में अगले 7 दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है। इसके चलते सप्ताह के अंत तक कई जगहों पर तापमान सामान्य से 3 से 5 डिग्री अधिक रह सकता है।
- महाराष्ट्र में अगले 5 दिनों में अधिकतम तापमान 3 से 4 डिग्री तक बढ़ने का अनुमान है, जबकि उसके बाद कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा।
- गुजरात में अगले 3 दिनों में तापमान में 2 डिग्री की गिरावट आ सकती है, लेकिन उसके बाद 4 दिनों में 3 से 5 डिग्री की बढ़ोतरी संभव है।
- मध्य भारत में अगले 7 दिनों में अधिकतम तापमान 3 से 5 डिग्री तक बढ़ सकता है।
- पूर्वी भारत में अगले 2 दिनों तक तापमान में खास बदलाव नहीं होगा, लेकिन इसके बाद 5 दिनों में 2 से 4 डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है।
ये भी पढ़ें : टीम इंडिया ने रचा इतिहास, T20 World Cup में 18 साल पुराना रिकॉर्ड टूटा, जानें मैच का हाल






