India Brazil Trade: भारत और ब्राजील के रिश्तों में एक मजबूती देखने को मिल रही है। दरअसल, अमेरिका के बाद अब भारत ने ब्राजील के साथ भी व्यापारिक सहयोग को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। नई दिल्ली में आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में दोनों ही देशों ने साल 2030 तक द्विपक्षीय व्यापार को 20 अरब डॉलर से अधिक तक पहुंचाने का लक्ष्य तय किया है।
भारत और ब्राजील के बीच व्यापार
पिछले साल 2025 में भारत और ब्राजील के बीच कुल व्यापार 15.21 अरब डॉलर रहा था, जो पहले की तुलना में 25 प्रतिशत से ज्यादा की बढ़ोतरी दर्शाता है। इसमें भारत का निर्यात 8.35 अरब डॉलर और ब्राजील से आयात 6.85 अरब डॉलर रहा। इसके अलावा ब्राजील में भारतीय निवेश 15 अरब डॉलर से अधिक दर्ज किया गया, जो दोनों देशों के बीच बढ़ते भरोसे को दिखाता है।
हैदराबाद हाउस में हुई अहम बैठक
दिल्ली में स्थित हैदराबाद हाउस में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और ब्राजील के राष्ट्रपति लुइज इनासियो लूला दा सिल्वा की मौजूदगी में कई महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापनों (MoU) पर हस्ताक्षर हुए।
इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि ब्राजील लैटिन अमेरिका (Brazil Latin America) में भारत का सबसे बड़ा व्यापारिक साझेदार है। उन्होंने जोर देकर कहा कि दोनों देश अगले पांच वर्षों में व्यापार को 20 अरब डॉलर से अधिक तक ले जाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। उनके मुताबिक यह व्यापार सिर्फ आंकड़ों का नहीं, बल्कि आपसी विश्वास और साझेदारी का प्रतीक है।
India is honoured to welcome President Lula and his delegation, which includes distinguished ministers and business leaders. India-Brazil relations have long benefited from President Lula’s vision and inspiring leadership. His presence at the AI Summit has also infused new energy… pic.twitter.com/jsVw3MJs8c
— Narendra Modi (@narendramodi) February 21, 2026
टेक्नोलॉजी और डिजिटल क्षेत्र में सहयोग
इस अहम बैठक के दौरान डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, सुपरकंप्यूटर, सेमीकंडक्टर और ब्लॉकचेन जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर सहमति बनी। भारत ब्राजील में डिजिटल सार्वजनिक अवसंरचना के लिए एक उत्कृष्टता केंद्र स्थापित करने पर भी काम कर रहा है।
वही, दोनों देशों ने माना है कि इस नई तकनीक का उद्देश्य केवल विकास नहीं, बल्कि समावेशी प्रगति होना चाहिए। साझा तकनीकी सहयोग से शिक्षा, स्वास्थ्य और वित्तीय सेवाओं तक आम लोगों की पहुंच मजबूत की जा सकती है।
राष्ट्रपति लूला का भारत दौरा
जानकारी के लिए बता दें कि ब्राजील के राष्ट्रपति लूला इन दिनों भारत की राजकीय यात्रा पर हैं। उनके साथ 11 कैबिनेट मंत्री, 300 से अधिक कारोबारी प्रतिनिधि और 50 से ज्यादा सीईओ का बड़ा दल आया है। भारत में ब्राजील के राजदूत केनेथ दा नोब्रेगा (Brazilian Ambassador Kenneth da Nobrega) ने कहा कि राष्ट्रपति लूला और प्रधानमंत्री मोदी के बीच मजबूत समझ और व्यक्तिगत मित्रता दोनों देशों के संबंधों को ऐतिहासिक स्तर तक ले जा रही है।
भारत और ब्राजील दोनों उभरती हुई अर्थव्यवस्थाएं मानी जा रही हैं। वैश्विक मंच (Global Platform) पर दोनों देशों की भूमिका लगातार मजबूत हो रही है। ऐसे में 20 अरब डॉलर व्यापार लक्ष्य सिर्फ आर्थिक आंकड़ा नहीं, बल्कि दक्षिण-दक्षिण सहयोग का मजबूत उदाहरण भी है।
ये भी पढ़ें: भारत की किन चीजों पर नहीं लगेगा ट्रंप का नया 10% टैरिफ? यहां देखें पूरी लिस्ट






