Jeffrey Epstein Files: ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने यौन शोषण के आरोपी अमेरिकी कारोबारी जेफरी एपस्टीन से जुड़े मामले में पीड़ित महिलाओं से सार्वजनिक रूप से माफी मांगी है। जिसमें उन्होंने हाथ जोड़कर कहा है कि, सत्ता में बैठे लोग पीड़ितों की सुरक्षा करने में विफल रहे और इसके लिए उन्हें बहुत अफसोस है। हालांकि प्रधानमंत्री स्टार्मर का नाम एपस्टीन की फाइलों में नहीं है, लेकिन फिर भी उन्होंने नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए यह माफी मांगी है। दरअसल, हाल ही में अमेरिका में जेफरी एपस्टीन फाइल्स से जुड़े कई अहम जानकारी और सबूत सार्वजनिक किए गए हैं। वहीं, इन फाइलों में अमेरिका और ब्रिटेन की कई नामी हस्तियों के एपस्टीन से संबंधों के सबूत सामने आए हैं। बताया जा रहा है कि, इससे दोनों देशों की राजनीति में हड़कंप मच गया है।
ब्रिटिश राजदूत पीटर मैंडेलसन पर गिरे गाज
बता दें कि इस पूरे मामले में सबसे बड़ा झटका तब लगा जब अमेरिका में नियुक्त ब्रिटिश राजदूत पीटर मैंडेलसन का नाम एपस्टीन फाइल्स में सामने आया। साथ ही, इन फाइलों में पीटर मैंडेलसन की एपस्टीन के साथ मौजूद तस्वीरें और वीडियो होने का दावा भीअ किया गया है। वहीं, प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने पीटर मैंडेलसन को पद से हटा दिया है। उन्होंने आरोप लगाया है कि पीटर ने एपस्टीन से अपने संबंधों को लेकर झूठ बोला था। वहीं, प्रधानमंत्री ने कहा कि झूठ और धोखाधड़ी किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी, चाहे व्यक्ति कितना भी बड़ा या प्रभावशाली क्यों न हो।
मैंने गलत लोगों पर भरोसा किया, कीर स्टार्मर
बता दें कि पीड़िताओं से माफी मांगते हुए प्रधानमंत्री स्टार्मर ने एक भावुक बयान जारी किया है। जिसमें उन्होंने कहा है कि, मैं तहेदिल से माफी मांगता हूं। महिलाओं और बच्चियों ने ऐसा दर्द सहा है, जिसकी कल्पना भी नहीं की जा सकती। उन्हें न्याय मिलना ही चाहिए। साथ ही, मुझे खेद है कि मैंने ऐसे लोगों पर भरोसा किया, जिन्होंने सच नहीं बताया। वहीं, जनसेवा के पद पर बैठे लोगों से ईमानदारी और जवाबदेही की उम्मीद की जाती है। अगर कोई व्यक्ति इस भरोसे को तोड़ता है, तो उसे उस पद पर रहने का कोई अधिकार नहीं है।
सत्ता की जवाबदेही जरूरी
प्रधानमंत्री ने साफ शब्दों में कहा कि सत्ता में बैठे लोग कानून से ऊपर नहीं हो सकते। उन्होंने स्वीकार किया कि अतीत में सिस्टम ने पीड़ितों की रक्षा नहीं की और यही सबसे बड़ी हर रही। अगर किसी को जिम्मेदारी सौंपी गई है, तो उसकी जवाबदेही भी तय होगी। कोई भी इससे बच नहीं सकता।

क्या है जेफरी एपस्टीन मामला?
जानकारी के लिए बता दें कि जेफरी एपस्टीन अमेरिका का एक बेहद अमीर बिजनेसमैन और फाइनेंसर था। जिसमें उस पर नाबालिग लड़कियों, बच्चियों और महिलाओं के यौन शोषण के गंभीर आरोप लगे थे। दरअसल, आरोप था कि वह अपने आलीशान घरों और पार्टियों में लड़कियों का शोषण करता था और कई ताकतवर लोगों को इसमें शामिल करता था। हालांकि, 2019 में जेल में रहते हुए एपस्टीन की रहस्यमयी मौत हो गई, जिसे आधिकारिक तौर पर आत्महत्या बताया गया। वहीं, उसकी मौत के बाद भी यह मामला खत्म नहीं हुआ।
एपस्टीन फाइल्स ने खोले कई राज
अमेरिकी पुलिस और सरकार ने एपस्टीन के घर और दफ्तर से जब्त किए गए दस्तावेज, तस्वीरें और वीडियो सार्वजनिक किए हैं। इन्हीं को एपस्टीन फाइल्स कहा जा रहा है। इन फाइलों में कई देशों की जानी-मानी हस्तियों की एपस्टीन की पार्टियों में मौजूदगी के सबूत होने का दावा किया गया है।
वहीं, इन खुलासों के बाद अमेरिका और ब्रिटेन में राजनीतिक और सामाजिक भूचाल आ गया है। कई प्रभावशाली लोगों पर जांच की मांग तेज हो गई है।
पीड़िताओं को न्याय की उम्मीद
ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर की माफी को पीड़ित महिलाओं के प्रति एक अहम कदम माना जा रहा है। जिसपर उनका कहना है कि, सरकार पीड़ितों के साथ खड़ी है और दोषियों को सजा दिलाने के लिए हर जरूरी कदम उठाए जाएंगे। फिलहाल, एपस्टीन फाइल्स से जुड़े खुलासे लगातार सामने आ रहे हैं और माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में और भी बड़े नाम सामने आ सकते हैं। वहीं, अब दुनिया भर की नजरें अब इस मामले पर टिकी हुई हैं कि आखिर सच कहां तक पहुंचता है और कितने ताकतवर लोग कानून के शिकंजे में आते हैं।






