CNG Price Hike: भारत के कई राज्य में महंगाई की मार आम जनता की जेब पर काफी असर डाल रही है। ऐसे में अब उत्तर प्रदेश में सीएनजी इस्तेमाल करने वाले लोगों के लिए बड़ी खबर है। दरअसल, अब प्रदेश में CNG वाहनों को पहले के मुकाबले अपनी जेब कुछ ज्यादा ही ढीली करनी होगी। बताया जा रहा है कि यूपी के कई बड़े शहरों में सीएनजी के दाम बढ़ा दिए गए हैं। लखनऊ और उन्नाव में 3 अक्टूबर से सीएनजी की नई कीमतें लागू कर दी गई है। आगरा में बढ़ी हुई कीमत 4 अक्टूबर से लागू हो जाएगी। वहीं, अयोध्या और सुल्तानपुर में भी सीएनजी के दाम में सबसे ज्यादा बढ़ोतरी की गई है।
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि सीएनजी की कीमतों में बदलाव का सीधा असर निजी वाहन चलाने वाले आम जनता की जेब पर होगा। खासतौर पर जो लोग रोजमर्रा की कमाई के लिए ऑटो, टैक्सी और दूसरे कमर्शियल वाहनों चलाते हैं। प्रदेश के विभिन्न जिलों में CNG के नए रेट अलग तय किए गए हैं। यहां जानें पूरी डिटेल्स
लखनऊ में 2 रुपये महंगी हुई CNG
प्रदेश की राजधानी लखनऊ में सीएनजी की कीमत में 2 रुपये प्रति किलोग्राम तक की बढ़ोतरी की गई है। पहले यहां सीएनजी 105 रुपये प्रति किलो थी। अब इसकी कीमत बढ़कर 107 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई है। लखनऊ में बड़ी संख्या में लोग रोजाना निजी वाहनों, ऑटो और टैक्सियों का इस्तेमाल करते हैं। ऐसे में CNG की कीमत बढ़ने से वाहन चलाने की लागत पर काफी अधिक असर देखने को मिलेगा।
उन्नाव में भी बढ़े CNG के दाम
लखनऊ के साथ ही उन्नाव में भी CNG की कीमत में 2 रुपये प्रति किलो का इजाफा हुआ है। पहले उन्नाव में CNG की कीमत 101 रुपये प्रति किलोग्राम थी, जो अब बढ़कर 103 रुपये प्रति किलो हो गई है।
अयोध्या और सुल्तानपुर में सबसे ज्यादा बढ़ोतरी
अयोध्या और सुल्तानपुर में CNG की कीमतों में 3 रुपये प्रति किलोग्राम बढ़ाए गए हैं। बढ़ोतरी से पहले यहां CNG 101 रुपये प्रति किलो थी। अब इसकी कीमत बढ़कर 105 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई है। यानी इन दोनों शहरों में CNG इस्तेमाल करने वालों को पहले की तुलना में ज्यादा खर्च करना होगा।
आगरा में 4 अक्टूबर से लागू होगी नई दर
आगरा में CNG की नई कीमत 4 अक्टूबर यानी रविवार के दिन से लागू कर दी जाएगी। आगरा में CNG का रेट 105 रुपये से बढ़कर 107 रुपये प्रति किलोग्राम हो जाएगा। यानी आगरा में भी CNG के दाम में 2 रुपये प्रति किलो की बढ़ोतरी की गई है। इस तरह उत्तर प्रदेश के अलग-अलग शहरों में CNG की कीमतों में अलग-अलग बदलाव देखने को मिला है।
यूपी में CNG के दाम क्यों बढ़ाए गए?
मिली जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश में CNG की कीमतों में बढ़ोतरी के पीछे गैस की खरीद लागत में इजाफा बताया जा रहा है। क्योंकि स्पॉट गैस की कीमतों (Spot Gas Prices) में बदलाव के साथ-साथ करेंसी एक्सचेंज रेट (Currency Exchange Rate) में उतार-चढ़ाव का भी लागत पर असर पड़ा है। गैस की खरीद और आपूर्ति से जुड़ी लागत बढ़ने के बाद कंपनियों ने CNG के खुदरा दामों में अचानक से बदलाव कर दिया, जिसका सीधा असर उपभोक्ताओं पर साफ तौर पर दिखाई दे रहा है।
वाहन चालकों की बढ़ सकती है लागत
सीएनजी की कीमत (CNG Price) बढ़ने का असर सिर्फ निजी कार मालिकों तक सीमित नहीं रहेगा। ऐसे में अब जल्द ही ऑटो-रिक्शा, टैक्सी और CNG से चलने वाले अन्य कमर्शियल वाहनों के ऑपरेटरों की रोजाना की लागत भी बढ़ सकती है। अगर कोई वाहन रोजाना लंबी दूरी तय करता है, तो CNG के दाम में कुछ रुपये की बढ़ोतरी का महीने के कुल ईंधन खर्च पर असर पड़ेगा। वहीं, कमर्शियल वाहन संचालकों के लिए बढ़ी हुई ईंधन लागत परिचालन खर्च को भी प्रभावित करेगी। फिलहाल उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिलों में CNG के नए रेट लागू होने से वाहन चालकों को अब बढ़ी हुई कीमत के हिसाब से ईंधन का अधिक खर्च उठाना होगा। ऐसे में अनुमान है कि किराये में भी बढ़ोतरी हो सकती है।
ये भी पढ़ें: दिल्ली-UP समेत 9 अक्टूबर तक इन राज्यों में बारिश की चेतानी, IMD ने जारी किया मौसम अपडेट






